1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. काशी पहुंच गंगा आरती में शामिल हुईं नीता अंबानी, हाथ जोड़ लगाया मां का जयकारा

काशी पहुंच गंगा आरती में शामिल हुईं नीता अंबानी, हाथ जोड़ लगाया मां का जयकारा

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 25, 2024 09:53 am IST,  Updated : Jun 25, 2024 10:10 am IST

छोटे बेटे अनंद अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी से पहले नीता अंबानी बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा को बेटे की शादी का कार्ड अर्पित किया। इसके बाद वह गंगा आरती में भी शामिल हुईं, जिसका वीडियो सामने आया है।

Nita Ambani - India TV Hindi
गंगा आरती में शामिल हुईं नीता अंबानी Image Source : INSTAGRAM

देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी जल्दी ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। अनंत-राधिका की दूसरी प्री-वेडिंग के बाद अब पूरी अंबानी फैमिली इनकी शादी की तैयारियों में जुट गई है। बेटे की शादी का कार्ड देने नीता अंबानी सोमवार को वाराणसी पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ को अनंत-राधिका की शादी का कार्ड अर्पित किया और षोडशोपचार विधि से पूजा भी की। वाराणसी से अब एक-एक कर नीता अंबानी के वीडियो सामने आ रहे हैं। काशी से अब नीता अंबानी का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें उन्हें गंगा आरती में शामिल होते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर नीता अंबानी का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नीता अंबानी पिंक साड़ी में नजर आ रही हैं और गंगा आरती के दौरान गंगा मां के जय-जयकार लगा रही हैं।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद गंगा आरती में हुईं शामिल

काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद नीता अंबानी दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल हुईं। इस दौरान उनके साथ बॉलीवुड के जाने-माने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मौजूद रहे। नीता अंबानी ने विश्वनाथ मंदिर के गेट पर मीडिया से बात करते हुए बताया था कि वह बाबा विश्वनाथ को बेटे की शादी का कार्ड अर्पित करने काशी पहुंची हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वह बाबा से प्रार्थना करेंगी कि अनंत-राधिका की शादी के सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हों।

नीता अंबानी ने वाराणसी में खाई चाट

बता दें, इससे पहले भी नीता अंबानी के कई वीडियो सामने आए थे। इनमें से एक में वह वाराणसी की गलियों में चाट के लुत्फ उठाती नजर आई थीं। उनके इस वीडियो ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद नीता अंबानी वाराणसी के एक छोटे से रेस्टोरेंट में बैठकर चाट खाती दिखीं। यहां वह लोगों से बात करती भी नजर आईं और उन्हें इस रेस्टोरेंट की चाट इतनी पसंद आई कि उन्होंने यहां कि रेसिपी तक पूछ डाली।

12 जुलाई को अनंत अंबानी - राधिका मर्चेंट की शादी

नीता अंबानी चाट खाने के बाद दुकानदार से पूछती हैं कि ये चाट कैसे बनाई? उनके सवाल का जवाब देते हुए दुकानदार ने बताया कि उसने ये चाट तवे पर बनाई है। फिर उनके पास एक और डिश आती है, नीता इस डिश की भी रेसिपी के बारे में सवाल करती हैं और पूछती हैं कि इसमें क्या-क्या पड़ा है? नीता का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। बता दें, राधिका और अनंत 12 जुलाई को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों की शादी का कार्यक्रम तीन दिनों तक जियो वर्ल्ड कनवेंशन सेंटर में चलेगा, जिसमें बिजनेस वर्ल्ड से लेकर बॉलीवुड और कई विदेशी सेलेब्स भी शामिल होंगे। इस शादी के लिए इंडियन फॉर्मल ड्रेस कोड रखा गया है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन