1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में Meesho का धमाका! रिकॉर्ड हाई पर पहुंचे शेयर के दाम, IPO से अब तक 95% रिटर्न

शेयर बाजार में Meesho का धमाका! रिकॉर्ड हाई पर पहुंचे शेयर के दाम, IPO से अब तक 95% रिटर्न

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Dec 17, 2025 02:24 pm IST,  Updated : Dec 17, 2025 02:24 pm IST

शेयर बाजार में नए-नए लिस्ट हुए स्टॉक्स में अगर किसी ने निवेशकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, तो वह नाम है Meesho का। लिस्टिंग के कुछ ही दिनों के भीतर इस ई-कॉमर्स कंपनी ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने बाजार के जानकारों के साथ-साथ रिटेल निवेशकों को भी हैरान कर दिया है।

Meesho का शेयर भागा- India TV Hindi
Meesho का शेयर भागा Image Source : OFICIAL WEBSITE

शेयर बाजार में इन दिनों अगर किसी नए स्टॉक ने निवेशकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, तो वह है ई-कॉमर्स कंपनी Meesho। हाल ही में लिस्ट हुई इस कंपनी के शेयरों ने लगातार दूसरे दिन नया रिकॉर्ड बनाया और निवेशकों को चौंकाने वाला रिटर्न दिया। बुधवार को Meesho का शेयर बीएसई पर 20% के अपर सर्किट के साथ 216.35 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। IPO के बाद इतनी तेज रफ्तार बहुत कम स्टॉक्स में देखने को मिलती है।

IPO प्राइस से देखें तो Meesho ने अब तक करीब 95% का शानदार रिटर्न दे दिया है। यह शेयर लगातार तीसरे कारोबारी सेशन में मजबूती के साथ बंद हुआ है। पिछले तीन दिनों में ही इसमें करीब 31% की तेजी दर्ज की गई है, जिसने निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा दिया है।

Meesho के शेयर में तेजी का कारण?

Meesho के शेयरों में आई इस तेजी की सबसे बड़ी वजह ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म UBS की ‘Buy’ रेटिंग मानी जा रही है। UBS ने Meesho पर कवरेज शुरू करते हुए ₹220 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा लेवल से करीब 10% ऊपर है। इस पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद बाजार में शेयर को लेकर जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली।

UBS की रिपोर्ट

UBS ने अपनी रिपोर्ट में Meesho के एसेट-लाइट बिजनेस मॉडल, तेजी से बढ़ते यूजर बेस और फाइनेंशियल परफॉर्मेंस में लगातार सुधार को बड़ी ताकत बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, Meesho का निगेटिव वर्किंग कैपिटल मॉडल इसे दूसरे इंटरनेट आधारित बिजनेस से अलग बनाता है और भविष्य में मजबूत कैश फ्लो पैदा करने में मदद करता है।

Meesho की नेट मर्चेंडाइज वैल्यू

रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2025 से 2030 के बीच Meesho की नेट मर्चेंडाइज वैल्यू (NMV) 30% CAGR से बढ़ सकती है। इसी अवधि में कंपनी के सालाना ट्रांजैक्टिंग यूजर्स 19.9 करोड़ से बढ़कर 51.8 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं ऑर्डर फ्रीक्वेंसी भी 9.2 गुना से बढ़कर 14.7 गुना हो सकती है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स ने निकट भविष्य में सीमित तेजी की बात भी कही है। चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक, मौजूदा स्तर पर शेयर का बेस-केस टारगेट ₹200 है, जबकि बुल-केस में यह ₹234 तक जा सकता है, बशर्ते कंपनी मुनाफे की राह पर तेजी से आगे बढ़े।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।