Friday, March 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Bharani Nakshatra Upay: सोमवार को भरणी नक्षत्र का बन रहा है शुभ संयोग, जीवन में सुख-समृद्धि पाने के लिए जरूर करें ये उपाय

Bharani Nakshatra Upay: सोमवार को भरणी नक्षत्र का बन रहा है शुभ संयोग, जीवन में सुख-समृद्धि पाने के लिए जरूर करें ये उपाय

Written By : Acharya Indu Prakash Edited By : Vineeta Mandal Published : Apr 27, 2025 07:10 pm IST, Updated : Apr 27, 2025 07:10 pm IST

Bharani Nakshatra: इस नक्षत्र में कुछ विशेष उपाय करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। तोआचार्य इंदु प्रकाश से जानिए भरणी नक्षत्र के दौरान किए जाने वाले उपायों के बारे में।

भरणी नक्षत्र- India TV Hindi
Image Source : FILE IMAGE भरणी नक्षत्र

Bharani Nakshatra Upay: सोमवार को वैशाख शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि और सोमवार का दिन है। साथ ही सोमवार को रात 9 बजकर 38 मिनट तक भरणी नक्षत्र रहेगा। आकाशमंडल में स्थित 27 नक्षत्रों में से दूसरा भरणी नक्षत्र को माना जाता है। भरणी का अर्थ होता है- भरण-पोषण करना। भरणी नक्षत्र के स्वामी शुक्राचार्य हैं। इसके चारों चरण मेष राशि में आते हैं। लिहाजा इसकी राशि मेष है। इसके अलावा भरणी नक्षत्र का प्रतीक चिन्ह त्रिकोण आकृति को माना जाता है।

आपको ये भी बता दें कि भरणी नक्षत्र में जन्में लोग सच बोलने वाले, धार्मिक कार्यों के प्रति रूचि रखने वाले, उत्तम विचारों के धनी, साहसी, प्रेरणादायक, रचनात्मक क्षेत्रों में सफल, चित्रकारी और फोटोग्राफी में अभिरुचि रखने वाले होते हैं। साथ ही ये लोग कठिन से कठिन कार्य करने से भी नहीं घबराते हैं और अपनी इन्हीं विशेषताओं के कारण भरणी नक्षत्र में जन्में लोग अपने जीवन में कई बार विफल होने के बाद भी हार नहीं मानते और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयास करते रहते हैं और अंतत: अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल भी होते हैं। 

बता दें कि वनस्पतियों में भरणी नक्षत्र का संबंध आंवले के पेड़ से बताया गया है। लिहाजा जिन लोगों का जन्म भरणी नक्षत्र में हुआ है, उन लोगों को आंवले के पेड़ की पूजा करनी चाहिए और संभव हो तो आंवले का पेड़ भी लगाना चाहिए। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि- आप किसी भी रूप में आंवले के पेड़, उसके फल या उससे जुड़ी किसी भी अन्य चीज़ को नुकसान न पहुचाएं और आंवले से बनी किसी भी चीज का सेवन न करें। ऐसा करने से आपको शुभ फलों की प्राप्ति होगी साथ ही आपके धन-सम्पदा में बढ़ोतरी भी होगी। इसके अलावा भरणी नक्षत्र के दौरान विभिन्न शुभ फलों की प्राप्ति के लिए क्या उपाय करने चाहिए जानिए आचार्य इंदु प्रकाश से।

- अगर आप जीवन में सुख-समृद्धि पाना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको आंवले के पेड़ के पास जाकर उसकी जड़ में जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही हाथ जोड़कर आंवले के वृक्ष को प्रणाम करना चाहिए। अगर आपके आस-पास आंवले का पेड़ न हो तो आप आंवले के फल का भी दर्शन कर सकते हैं।

- अगर आप अपने घर में धन-धान्य की बढ़ोतरी करना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको लक्ष्मी जी की उपासना करनी चाहिए। भरणी नक्षत्र के दिन शाम के समय आपको माता लक्ष्मी के आगे घी का दीपक जलाना चाहिए और हाथ जोड़कर धन-धान्य की बढ़ोतरी के लिए माता से प्रार्थना करनी चाहिए।

- अगर आप अपनी पारिवारिक खुशियों को बनाये रखना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको सूखे नारियल को घिसकर, उसको घी में अच्छे से भूनकर, उसमें शक्कर मिलाकर बर्फी बनानी चाहिए। साथ ही उसमें खुशबू के लिए थोड़े-से इलायची के दाने भी डालने चाहिए और बर्फी को त्रिकोण आकृति, यानी triangle शेप में काटकर लक्ष्मी मां को भोग लगाना चाहिए। भोग लगाने के बाद बाकी बर्फी को प्रसाद के रूप में परिवार के सब सदस्यों में बांट दें।

- अगर आप अपना तेज कायम रखना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको एक अच्छी खुशबू वाला इत्र लाना चाहिए और मंदिर या किसी धर्मस्थल पर वो इत्र देना चाहिए। साथ ही अपने तेज को कायम रखने के लिए भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए।

- अगर आप अपने लवमेट के साथ अपने रिश्ते को और भी मजबूत करना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको अपने घर के बींचों-बीच आंगन में एक त्रिकोण आकृति बनानी चाहिए। उस आकृति को आप सफेद चॉक या आटे की मदद से बना सकते हैं। अब उस त्रिकोण आकृति में एक आंवले का फल रखें और उसकी विधि-पूर्वक पूजा करें। अगर आपको आंवले न मिल पाये तो आप एक आलू भी रख सकते हैं। पूजा आदि के बाद सारी चीज़ों को भरणी नक्षत्र के दिन ऐसे ही रखा रहने दें। अगले दिन उन सबको बहते जल में प्रवाहित कर दें।

- अगर आप अपने बिजनेस में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, लेकिन किसी कारण से नहीं कर पा रहे हैं तो अपने बिजनेस में बढ़ोतरी के लिए भरणी नक्षत्र के दिन आपको एक सफेद रंग की कमीज लेकर किसी कुम्हार या किसान को गिफ्ट करनी चाहिए।

- अगर आपके जीवनसाथी की तरक्की रुक गई है और वह अब आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको उनके हाथों से ज्वार का दान कराना चाहिए। अगर वो खुद से न करें तो उनकी जगह आप भी दान कर सकते हैं।

- अगर आप चाहते हुए भी करियर में अपना बेस्ट नहीं दे पा रहे हैं तो अपनी तरक्की के लिए भरणी नक्षत्र के दिन आपको अपने पास एक हल्दी और दो इलायची के जोड़े रखने चाहिए। भरणी नक्षत्र के दिन पूरा दिन आप इन्हें अपने पास रखे रहें। अगले दिन इन्हें किसी मंदिर में अर्पित कर दीजिये।

- अगर आपकी सेहत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही है तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको 250 ग्राम आलू लेकर उन्हें उबालना चाहिए। अब उन उबले हुए आलूओं को छीलकर ठण्डा करके उसमें दो चम्मच दही मिलाएं। इसके बाद उन आलूओं को गाय को खिला दें। साथ ही गाय को छूकर आशीर्वाद लें।

- अगर आप दूसरों की बुरी नजर से बचना चाहते हैं तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको एक मिट्टी का दिया लेना चाहिए और उसमें एक कपूर और 6 लौंग रखकर जलाने चाहिए। भरणी नक्षत्र के दिन घर में कपूर और लौंग जलाने से आपको दूसरों की बुरी नजर से छुटकारा मिलेगा।

- अगर आपके दांपत्य जीवन में अब पहले जैसी मधुरता नहीं रही और रोज किसी न किसी बात को लेकर आपके बीच नोक-झोंक होती रहती हैं तो भरणी नक्षत्र में आंवले के पेड़ के तने पर सात बार कच्चा सूत लपेटें। साथ ही कपूर से आंवले के वृक्ष की आरती करें।

- अगर आप अपनी तरक्की को चार चांद लगाना चाहते हैं, तो भरणी नक्षत्र के दिन आपको किसी मंदिर के प्रांगण में या किसी बाग-बगीचे में आंवले का पेड़ लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। लेकिन अगर आप किसी कारणवश भरणी नक्षत्र के दिन के दिन पेड़ ना लगा पायें, तो भरणी नक्षत्र के दिन के दिन पेड़ लगाने का संकल्प जरूर लें और जब भी आपको समय मिले, तब पेड़ लगाएं।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7:30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Mohini Ekadashi 2025 Date: मोहिनी एकादशी कब मनाई जाएगी? यहां जानें व्रत की सही डेट और पूजा शुभ मुहूर्त

Weekly Career Horoscope: करियर के मामले में मेष से लेकर मीन राशि तक वालों के लिए कैसा रहेगा यह सप्ताह, पढ़ें साप्ताहिक करियर राशिफल

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement