
भारत भले ही यह श्रृंखला जीतकर दुनिया की नंबर एक टीम नहीं बन पाए लेकिन 3-0 की जीत के साथ वह शीर्ष पर मौजूद आस्ट्रेलिया और अपने बीच के अंतर को 10 अंक तक सीमित कर सकता है। ऐसी स्थिति में बांग्लादेश 96 अंक के साथ नौवें स्थान पर खिसक जाएगा। अगर भारत श्रृंखला 2-1 से जीतता है तो उसके 117 अंक रहेंगे जबकि 2-1 की हार पर वह न्यूजीलैंड के समान 115 अंक पर खिसक जाएगा।
हाल में बांग्लादेश टीम के प्रदर्शन को देखते हुए भारत वनडे में मेज़बान टीम को हल्के में लेने की ग़लती नहीं कर सकता।
बांग्लादेश ने हाल में ज़िंबाब्वे और पाकिस्तान का क्लीनस्वीप किया था और 50 ओवर के प्रारूप में उसकी टीम काफी संतुलित नज़र आती है।

भारत के ख़िलाफ अपने पदार्पण वनडे में 28 रन देकर पांच विकेट चटकाने वाले तस्कीन अहमद एक बार फिर इस प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे।

इसके अलावा टीम के पास मशेरफ मुर्तज़ा, तमीम इक़बाल और आलराउंडर शाक़िब अल हसन जैसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।

मुशफ़िक़ुर रहीम 18वें स्थान के साथ आईसीसी रैंकिंग में बांग्लादेश के शीर्ष बल्लेबाज़ हैं। अगर वह अंगुली की चोट से उबर जाते हैं जो बांग्लादेश की बल्लेबाज़ी को मज़बूती मिलेगी नहीं तो विकेटकीपर बल्लेबाज़ लिट्टन दास को पदार्पण का मौका मिल सकता है।
इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप मैच में अंतिम दो विकेट चटकाकर टीम को जीत दिलाने वाले 25 साल के तेज़ गेंदबाज़ रूबेल हुसैन भी चोट के बाद टीम में वापसी की दौड़ में शामिल हैं।
टीम इस प्रकार है:
भारत: महेंद्र सिंह धोनी :कप्तान:, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन, विराट कोहली, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहित शर्मा, स्टुअर्ट बिन्नी और धवल कुलकर्णी।
बांग्लादेश: मशरेफ मुर्तज़ा (कप्तान), तमीम इक़बाल, सौम्य सरकार, मोमीनुल हक़, मुशफिक़ुर रहीम, शाक़िब अल हसन, शब्बीस रहमान, नासिर हुसैन, अराफात सनी, तस्कीन अहमद, रूबेल हसन, रोनी तालुकदार, मुस्तफिज़ुर रहमान और लिट्टन दास।
समय: मैच भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा।