IND vs PAK, T20 World Cup 2026: ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना हुआ। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 64 रन से हराते हुए टूर्नामेंट में जीत का धमाकेदार आगाज किया। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना की शानदार बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
IND vs PAK मैच में बना नया रिकॉर्ड
दरअसल, एजबेस्टन स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने के लिए 18 हजार 814 दर्शक पहुंचे, जो ICC वूमेंस T20 वर्ल्ड कप इतिहास के किसी भी ग्रुप स्टेज मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2024 T20 वर्ल्ड कप में दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में 15935 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे।
मंधाना ने बल्ले से दिखाया दम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तूफानी रही। शेफाली वर्मा ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इरादे साफ कर दिए। हालांकि, वह ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स का विकेट गिरने से पाकिस्तान मैच में वापसी करता नजर आया। हालांकि, स्मृति मंधाना ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 68 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 36 रन का अहम योगदान दिया। आखिर में ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन ठोककर टीम के स्कोर को 20 ओवर में 170/6 तक पहुंचा दिया। इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ वूमेंस T20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
दीप्ति शर्मा ने मचाया कहर
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। दीप्ति शर्मा ने अपने T20I करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल लेते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया। भारत अब अपना अगला मैच 17 जून को हेडिंग्ले में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा। वहीं पाकिस्तान की टीम एजबेस्टन में ही साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी।
यह भी पढ़ें:
IND vs PAK: दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड, 5 विकेट हॉल लेकर हनुमान जी को किया याद