1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर बाजार में दो दिन की गिरावट में निवेशकों के डूबे 4 लाख करोड़ रुपए, सेसेंक्‍स एक दिन में टूटा 500 प्‍वॉइंट

शेयर बाजार में दो दिन की गिरावट में निवेशकों के डूबे 4 लाख करोड़ रुपए, सेसेंक्‍स एक दिन में टूटा 500 प्‍वॉइंट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 11, 2018 07:07 pm IST,  Updated : Sep 11, 2018 07:07 pm IST

शेयर बाजारों में मंगलवार को भी लगातार दूसरे दिन भारी बिकवाली का माहौल रहा। इन दो दिनों की गिरावट से निवेशकों को 4.14 लाख करोड़ रुपए का चूना लग चुका है।

lose of money- India TV Hindi
lose of money Image Source : LOSE OF MONEY

नई दिल्‍ली। शेयर बाजारों में मंगलवार को भी लगातार दूसरे दिन भारी बिकवाली का माहौल रहा। इन दो दिनों की गिरावट से निवेशकों को 4.14 लाख करोड़ रुपए का चूना लग चुका है।  बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मंगलवार को 509.04 अंक या 1.34 प्रतिशत लुढ़ककर 37,413.13 अंक पर बंद हुआ। इसमें सोमवार को 467.65 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी। लगातार दो दिन की गिरावट के कारण बंबई शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 4,14,121.84 करोड़ रुपए घटकर 1,53,25,666 करोड़ रुपए पर आ गया। 

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि रुपए का अवमूल्‍यन बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात है। इस बीच, विदेशी विनिमय बाजार में कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 72.73 के रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा व्‍यापार युद्ध के और अधिक गहरे होने की आशंका ने भी भारतीय बाजारों को कमजोर किया।

टाटा स्टील, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, हीरो मोटो कॉर्प तथा टाटा मोटर्स की अगुवाई में सेंसेक्स के 30 शेयरों में 25 नुकसान में रहे। बीएसई में 1,841 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 874 में तेजी रही। वहीं 152 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। कुल 153 शेयर 52 सप्ताह के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गए।  

एसएंडपी बीएसई मिड कैप भी 1.36 प्रतिशत और स्‍माल कैप इंडेक्‍स 1.37 प्रतिशत टूट गया। सेक्‍टर की बात करें तो बीएसई कंज्‍यूमर ड्यूरेबल्‍स इंडेक्‍स में सबसे ज्‍यादा 2.47 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा