1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में 13 साल की बच्ची के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म, 5 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज

मुजफ्फरपुर में 13 साल की बच्ची के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म, 5 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज

मुजफ्फरपुर में एक 13 साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही 5 युवकों पर रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता की स्थिति काफी गंभीर है उसे इलाज के लिए SKMCH रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। जब पीड़िता अपने घर में सो रही थी, तभी गांव के पांच युवक उसे जबरन उठाकर ले गए और बारी-बारी से उसका रेप किया। पीड़िता को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने जब बच्ची का पता लगाने के लिए खोजबीन की तो बच्ची को खून से लथपथ पड़ा पाया गया। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया और मौके पर डायल-112 पुलिस टीम पहुंची।

पीड़िता की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया है। पीड़िता ने अपने ही गांव के 5 युवकों पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। आरोपी युवक कथित तौर पर अवैध रूप से देशी शराब बनाने के काम से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच में जुट गई है। पीड़िता के बयान और मौके पर मौजूद साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। FSL की टीम ने घटना स्थल पर जांच की है। मामले में पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। परिवार के लोगों ने बताया कि इससे पहले युवकों के साथ कुछ विवाद हुआ था, जिसके बाद एक बार पहले भी वो घर में घुसने की कोशिश कर चुके हैं। जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। सभी आरोपी फरार है लेकिन जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट: संजीव कुमार (मुजफ्फरपुर)