1. Hindi News
  2. बिहार
  3. दुर्गा पूजा में शराब पीकर पहुंचे युवकों ने किया हंगामा- हुड़दंग, मोतिहारी पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार

दुर्गा पूजा में शराब पीकर पहुंचे युवकों ने किया हंगामा- हुड़दंग, मोतिहारी पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार

मोतिहारी के छतौनी दुर्गा पूजा उत्सव में शराब पीकर हंगामा मचा रहे 13 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग नशे की हालत में हुड़दंग कर रहे थे। पुलिस की ब्रेथ एनालाइजर मशीन में शराब का पुष्टि होने के बाद इन्हें हिरासत में लिया गया।

दुर्गा पूजा में शराब पीकर पहुंच युवक गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दुर्गा पूजा में शराब पीकर पहुंच युवक गिरफ्तार

बिहार के मोतिहारी में दुर्गा पूजा के दौरान मौज मस्ती और शरारती तत्वों पर मोतिहारी पुलिस की कड़ी नजर थी। पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग शराब के नशे में दुर्गा पूजा मेला से गिरफ्तार किए गए हैं। सभी गिरफ्तार युवक की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। अब इन 13 लोगों पर कानूनी करवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

दुर्गा पूजा में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे शरारती तत्व

मिली जानकारी के मुताबिक मोतिहारी शहर स्थित छतौनी थाना में छतौनी दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है, जहां भारी भीड़ उमड़ रही थी। भीड़ में महिला,पुरुष, श्रद्धालु दुर्गा पूजा पाठ के साथ मेले में खरीदारी और झूला से लेकर सभी तरह के मनोरंजन का लुत्फ उठा रहे थे। इसी बीच मोतिहारी पुलिस मनचले युवक पर कड़ी नजर बनाए हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटी थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक दुर्गा पूजा मेले में शराब पीकर पहुंचे हैं। जिसके बाद पुलिस को टीम बनाकर मेले में सुरक्षा व्यवस्था सही बनाए रखने के निर्देश दिए गए। 

पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार

मेले में शराब की नशे में हुड़दंग करते हुए पाए कुछ युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए 13 युवक जिले के घोड़ासहन, जितना,नगर थाना,बिजधारी थाना समेत मुफस्सिल थाना निवासी है। इनकी पहचान जिले के जितना थाना क्षेत्र निवासी राज कुमार पिता-सुरेश साह, कृष्ण कुमार पिता-रामाशंकर पटेल, चिरैया थाना क्षेत्र निवासी छोटे लाल कुमार पिता-स्व० सुरेश साह, मोतिहारी नगर थाना निवासी सुनील पटेल पिता-सीताराम पटेल, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र निवासी छोटू कुमार पिता सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, सनोज कुमार पिता बीरेंद्र सहनी, संटू कुमार पिता-रघु सहनी और छतौनी थाना क्षेत्र निवासी रंजन कुमार पिता-नरेश शर्मा, विमल कुमार पिता-रामनाथ, शत्रुधन कुमार पिता-कंचन साह और घोड़ासहन थानाक्षेत्र निवासी-सूरज कुमार पिता-मनोज साह के अलावा साजन कुमार पिता-पिन्टु साह, विकेश कुमार पिता-मनोज साह के रूप में की गई है।

मेला में हुड़दंग फैलाने का आरोप

छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में हुड़दंग और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान छतौनी दुर्गा पूजा मेला के बीच शराब की नशे में धुत कुछ युवक हंगामा और हुड़दंग कर रहे थे। जांच की गई तो सभी को शराब के नशे में पाया गया। पकड़े गए युवकों के खिलाफ आगे की करवाई की जा रही है।

इनपुट- अरविंद कुमार- मोतिहारी