1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोहनिया में वाहन चालकों से वसूली करते 4 जवान रंगे हाथ पकड़े गए, 83,300 कैश और 4 मोबाइल जब्त

मोहनिया में वाहन चालकों से वसूली करते 4 जवान रंगे हाथ पकड़े गए, 83,300 कैश और 4 मोबाइल जब्त

बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया चौकी पर पुलिस ने 3 सैप जवान और 1 होमगार्ड जवान को वाहन चालकों से अवैध वसूली करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकद और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

मोहनिया अवैध वसूली मामला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मोहनिया अवैध वसूली मामला

बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया समेकित जांच चौकी पर पुलिस ने अवैध उगाही के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी में वाहन चालकों से कथित अवैध वसूली करते हुए 3 सैप जवान और 1 होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से नकद और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

83,300 रुपये नगद और चार मोबाइल फोन जप्त 

कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर यातायात डीएसपी और मोहनिया थाना की संयुक्त टीम ने बीती रात मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर छापेमारी की। इस दौरान वाहन चालकों से अवैध वसूली करते हुए सैप के तीन जवानों और एक होमगार्ड जवान को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 83,300 रुपये नगद और चार मोबाइल फोन जप्त किए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों में गंगासागर सिंह, बच्चू प्रसाद, और मनीराम शर्मा ये तीनों सैप के जवान हैं और सुनील कुमार गुप्ता होमगार्ड का जवान शामिल है।

एक माह में दूसरी छापेमारी, 15 आरोपी हुए गिरफ्तार 

उल्लेखनीय है कि एक महीने के भीतर इस जांच चौकी पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व भी छापेमारी कर 4 सैप जवानों और 5 निजी सहायकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस तरह एक माह में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

ऐसी घटनाओं ने प्रशासनिक कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

सबसे हैरानी की बात यह है कि 24 घंटे तीनों शिफ्टों में अधिकारियों की प्रति नियुक्ति के बावजूद इस अवैध उगाही की भनक जांच प्रभारी (एडीटीओ) आलोक कुमार को नहीं लग सकी। विभागीय अधिकारियों की तैनाती के बावजूद जांच चौकी पर कथित अवैध वसूली का सिलसिला जारी रहा। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूछताछ जारी 

मोहनिया के डीएसपी गोपाल कृष्ण ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया जांच चौकी मोहनिया से 83300 रुपए के साथ चार लोग की गिरफ्तारी हुई है जिसमें तीन सैप के जवान और एक होमगार्ड के जवान शामिल हैं फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

(कैमूर से मुकुल जायसवाल)