1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हाजीपुर में युवक के अपहरण से मचा हड़कंप, परिवार ने पुलिस में की शिकायत तो किडनैपर्स ने युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो हुआ वायरल

हाजीपुर में युवक के अपहरण से मचा हड़कंप, परिवार ने पुलिस में की शिकायत तो किडनैपर्स ने युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो हुआ वायरल

बिहार के हाजीपुर में युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक को बंद कमरे में दो लोग बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

हाजीपुर युवक किडनैपिंग मामला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हाजीपुर युवक किडनैपिंग मामला

बिहार में एक युवक के अपहरण का एक खौफनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को पहले किडनैप किया गया और जब परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।

परिवार को भेजा गया पिटाई वाला वीडियो 

दरअसल, यह मामला हाजीपुर के महनार थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का है। बीते 25 अगस्त को कुंदन कुमार नामक युवक अपने घर से बाहर निकला था लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें कुंदन को बंद कमरे में दो व्यक्ति लात घूस से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं, तीसरा व्यक्ति मोबाइल में पूरा घटना को रिकॉर्ड कर रहा है और वीडियो वायरल भी कर दिया गया है।

जान से मारने की मिली धमकी

गायब युवक के पिता रणधीर कुमार ने बताया कि 25 अगस्त की रात उनका बेटा कुंदन भोज खाने के लिए गया था, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। रणधीर कुमार के मुताबिक, उसी रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे और धमकी देते हुए कहा कि वे उनके बेटे को जान से मारकर फेंक देंगे। इसके अगले दिन एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो लोग कुंदन के साथ कथित तौर पर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। रणधीर कुमार का कहना है कि वीडियो सामने आने के बावजूद उनका बेटा अभी तक घर नहीं लौटा है और उन्हें उसकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से बेटे को जल्द से जल्द तलाशने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

पिता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लगाई न्याय की गुहार 

रोते हुए रणधीर कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार में सुशासन का दावा करती है, लेकिन उनका परिवार इस घटना के बाद बेहद परेशान है। उन्होंने अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग करते हुए कहा कि अगर उनका बेटा नहीं मिला तो पूरा परिवार आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगा।

प्राथमिकी हुई है दर्ज 

हालांकि, इस मामले में महनार के एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को एक आवेदन प्राप्त हुआ है। जिसमें एक युवक के गायब होने की शिकायत की गई है। इसी बीच एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें युवक को पिटाई हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ के मुताबिक, मामले की जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

( हाजीपुर से राजा बाबू की रिपोर्ट )

ये भी पढ़ें:

पटना में ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, ड्राइवरों ने काटा हंगामा, राजद विधायक मौके पर पहुंचे