बिहार चुनाव: घुसपैठियों के मुद्दे पर शाह ने लालू और राहुल को घेरा, कहा- 'कितनी भी रैलियां कर लें...'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में चुनावी रैली में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव तय करेगा कि राज्य में ‘जंगलराज’ वापसी करेगा या विकास की निरंतरता जारी रहेगी। रैली में उन्होंने महागठबंधन पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया और NDA की विकासात्मक नीतियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया।
खगड़िया: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार के खगड़िया जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव यह तय करेगा कि राज्य में ‘जंगलराज’ वापस आएगा या यह विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए घुसपैठियों के मुद्दे पर अपनी सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए बिहार के विकास के लिए NDA की प्रतिबद्धता दोहराई। शाह ने कहा कि विपक्ष कितनी भी रैलियां कर ले, एक-एक घुसपैठिये का पता लगाकर उनके देशों में वापस भेजा जाएगा।
'राहुल गांधी घुसपैठियों को बचा नहीं सकते'
शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी कि SIR का विरोध करने को लेकर महागठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'हर एक घुसपैठिये का पता लगाया जाएगा, मतदाता सूची से उनका नाम हटाया जाएगा और उन्हें उनके देशों में वापस भेजा जाएगा। राहुल बाबा कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने दिया जाए। आप बताइए, क्या हमें घुसपैठियों को रहने देना चाहिए? चाहे वह जितनी भी रैलियां कर लें, ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ निकाल लें, वह घुसपैठियों को बचा नहीं सकते। हमारी सरकार एक-एक घुसपैठिये को चुनकर देश से बाहर करेगी, उनका पता लगाया जाएगा और उन्हें वापस भेजा जाएगा।'
'यह चुनाव तय करेगा बिहार का भविष्य'
शाह ने बिहार के भविष्य को लेकर जनता से अपील करते हुए कहा, 'यह चुनाव किसी को विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव नहीं है। यह चुनाव तय करेगा कि बिहार में लालू-राबड़ी का ‘जंगलराज’ लौटेगा या फिर NDA के आने पर विकसित बिहार पूरे देश में अपनी पहचान बनाएगा।' उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि RJD चीफ लालू प्रसाद ने केवल अपने परिवार की समृद्धि पर ध्यान दिया।
शाह ने कहा, 'नीतीश बाबू राज्य का समग्र विकास चाहते हैं, जबकि लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री। इसलिए बिहार के बेटों-बेटियों की चिंता केवल नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी ही कर सकते हैं। उनके खिलाफ एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, जबकि लालू जी ने चारा घोटाला से लेकर बीपीएससी घोटाले तक अनगिनत घोटाले किए हैं।'
'लालू शासन में बिहार पिछड़ता चला गया'
शाह ने RJD के शासनकाल को याद करते हुए कहा, 'लालू शासन में हत्या, लूट, फिरौती और अपहरण जैसी घटनाएं आम बात थीं। उद्योग राज्य से चले गए और बिहार को पिछड़ा बना दिया गया।' इसके विपरीत, उन्होंने NDA के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और कहा, 'नीतीश बाबू के नेतृत्व में NDA ने बिहार को ‘जंगलराज’ से मुक्त किया, वंशवाद को समाप्त किया और सबसे बड़ी बात यह कि नक्सलवाद को भी खत्म करने का काम किया।'
शाह ने NDA सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल में सरकार ने ‘जीविका’ से जुड़ी एक करोड़ बहनों के खातों में 10 हजार रुपए दिए हैं। उन्होंने बताया, 'विधवा और वृद्धावस्था पेंशन 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए कर दी गई है। आशा बहनों का मानदेय 3,000 रुपए प्रति माह तय किया गया है। पटना में मेट्रो का सपना अब साकार हो रहा है।' उन्होंने NDA की नीतियों को स्पष्ट करते हुए कहा, 'स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई, समय पर दवाई, हर खेत में सिंचाई और हर घर में पानी की सप्लाई, इन 4 सूत्रों पर NDA सरकार में बिहार आगे बढ़ रहा है।'
छठ के अवसर पर शाह ने दी शुभकामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को 11वें पायदान से चौथे स्थान पर पहुंचाया है और 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।' उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया और आतंकियों को उनके ठिकानों में घुसकर मार गिराया। छठ महापर्व के अवसर पर बिहारवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शाह ने कहा, 'मैं कामना करता हूं कि बिहार सदैव ‘जंगलराज’ से मुक्त रहे, कानून-व्यवस्था मजबूत रहे, बहन-बेटियां सुरक्षित रहें और राज्य विकास के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ता रहे।'
