गोपालगंज: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। हथियार लहराने के वायरल वीडियो मामले में गोपालगंज पुलिस और प्रशासन लगातार कार्रवाई के मूड में दिख रहा है। इसी कड़ी में मीरगंज थाना पुलिस ने अनंत सिंह को हथियार सत्यापन के लिए 48 घंटे की मोहलत दी है। उन्हें 15 मई तक मीरगंज थाने में उपस्थित होकर अपने हथियारों का सत्यापन कराना होगा।
जनेऊ कार्यक्रम में पहुंचे थे अनंत सिंह
दरअसल, 2 मई को अनंत सिंह गोपालगंज जिले के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम स्थानीय निवासी गुड्डू राय के घर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कई हथियारों के प्रदर्शन और लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद गोपालगंज एसपी के आदेश पर मीरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आर्म्स रूल्स और लाइसेंसी हथियारों के उपयोग को लेकर जांच शुरू कर दी। इस मामले में अनंत सिंह की ओर से कहा गया कि कार्यक्रम में मौजूद सभी हथियार लाइसेंसी थे और किसी भी तरह का गैरकानूनी हथियार इस्तेमाल नहीं किया गया था। इसी आधार पर उन्होंने हथियारों के सत्यापन के लिए समय की मांग की थी, जिसके बाद उन्हें 15 मई तक की मोहलत दी गई है।
15 मई को होगी अगली सुनवाई
इधर, इस पूरे मामले में कोर्ट की निगाह भी बनी हुई है। 12 मई को गोपालगंज कोर्ट में मामले की पहली सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केस डायरी की मांग की और मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 मई की तारीख निर्धारित कर दी। अब सभी की नजर अगली सुनवाई पर टिकी हुई है, जहां पुलिस की केस डायरी और जांच रिपोर्ट अहम भूमिका निभा सकती है।
बढ़ सकती हैं अनंत सिंह की मुश्किलें
माना जा रहा है कि अगर हथियारों के लाइसेंस और उनके उपयोग से जुड़े दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए, तो अनंत सिंह की कानूनी परेशानियां और बढ़ सकती हैं। वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह के समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार्यक्रम में किन-किन हथियारों का इस्तेमाल हुआ और क्या सभी हथियार नियमों के दायरे में थे। हालांकि अनंत सिंह कई बार इस मामले में अपनी सफाई सार्वजनिक रूप से दे चुके हैं। उन्होंने खुद को निर्दोष भी बताया है।
सबूत मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई-एसपी
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने कहा कि किसी भी तरह का आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वो जो भी हों, अपराध से जुड़े सबूत मिलने पर उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि 15 मई को मीरगंज थाना में हथियार सत्यापन और गोपालगंज कोर्ट की अगली सुनवाई के बाद इस हाईप्रोफाइल मामले में क्या नया मोड़ सामने आता है।
गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट