1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार के विरोध में उतरे अनंत सिंह, जनसुराज के अनुज कुमार को समर्थन का किया ऐलान

पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार के विरोध में उतरे अनंत सिंह, जनसुराज के अनुज कुमार को समर्थन का किया ऐलान

विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज कुमार का समर्थन करने का ऐलान जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया है।

Anant singh- India TV Hindi
Image Source : PTI अनंत सिंह

पटना: बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके लिए उन्होंने बकायदा एक प्रेस कॉन्फेंस किया।  अनंत सिंह ने कहा कि वह अनुज सिंह के लिए क्षेत्र में प्रचार करेंगे।

अनंत सिंह ने कहा कि वह अनुज सिंह के नामांकन के बाद उनके समर्थन में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी  इलाकों में जाएंगे। उन्होंने कहा, "अनुज सिंह के लिए मैं सभी विधानसभा में जाऊंगा, जीत हमारी होगी। आज तक हम हारे नहीं हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में फैसला जनता के वोट से होगा।

नीरज कुमार से पुराना विवाद

बता दें कि अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद रहे हैं। नीरज कुमार और अनंत सिंह दोनों इससे पहले भी एक-दूसरे का विरोध कर चुके हैं। इस बार जेडीयू ने अनंत सिंह के विरोध के बावजूद पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार चुनाव मैदान में हैं।

अनंत सिंह ने कहा कि उनका नीरज कुमार के साथ विवाद पार्टी का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत है। उन्होंने कहा, "पार्टी एकजुट है, एक साथ है, कोई दिक्कत जेडीयू में नहीं है। हम दोनों में दिक्कत है।" उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार ने पहले भी कई बार उनका विरोध किया है।

पंडित जी बताए हैं कि 1 तारीख़ को नॉमिनेशन करें-अनंत सिंह

अनंत सिंह ने कहा -'पंडित जी बताए हैं कि 1 तारीख़ को नॉमिनेशन करें, इसलिए अब नॉमिनेशन करने के बाद अनुज सिंह के लिए क्षेत्र में घूमने जाएंगे। नॉमिनेशन करके क्षेत्र में जाएंगे, हम तो कल ही जा रहे थे। लेकिन पंडित जी बोले 1 को नॉमिनेशन करने जाना।'

अनंत सिंह ने कहा-'अनुज सिंह के लिए मैं सभी विधानसभा में जाऊंगा, जीत हमारी होगी, आज तक हम हारे नहीं है, जनता हमारा मालिक है, भगवान है,  जनते के वोट से ही जीतता है। कोई गाछ वृक्ष वोट नहीं देगा, जनता देगी वोट, जनता मेरा मालिक है।' ये पार्टी का चुनाव ही नहीं है,  हम तो चार बार चुनाव लड़े तब तो नीरज कुमार विरोध करते रहे, ये पूछे जाने पर कि नॉमिनेशन की क्या तैयारी है.. अनंत सिंह ने कहा - गर्दा। 

पार्टी स्तर पर समझौते की कोशिश भी नहीं बनी बात

जानकारी के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच विवाद को खत्म कराने के लिए जेडीयू की ओर से समझौते की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख कायम रखा और अब आधिकारिक तौर पर जनसुराज उम्मीदवार के समर्थन का ऐलान कर दिया है। जनसुराज ने 24 सितंबर को डॉ. अनुज सिंह को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया था।

प्रशांत किशोर के साथ भी दिखे अनुज सिंह

प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ समय पहले डॉ. अनुज कुमार सिंह जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर के साथ मौजूद थे। अनुज पर आपराधिक मामला लंबित होने से जुड़े सोशल मीडिया दावों को लेकर प्रशांत किशोर और अनुज सिंह ने सफाई दी और इन दावों को गलत बताया। इसके बाद अनुज सिंह अनंत सिंह के पास पहुंचे, जहां अनंत सिंह ने उनके समर्थन की घोषणा की। बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट का चुनाव 23 अक्टूबर को होना है और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

बता दें कि अनंत सिंह पहले भी कह चुके हैं कि वे जेडीयू उम्मीदवार नीरज का विरोध करेंगे और अनुज सिंह का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा था कि अनुज सिंह हमारे उम्मीदवार हैं और उनकी चुनाव में मदद भी करेंगे। उन्होंने कहा था कि वे नीरज कुमार को हराने के लिए अपनी पूरी राजनीतिक ताकत लगा देंगे।

ये भी पढ़ें:
जब अनंत सिंह के सामने ही होने लगी उनकी मिमिक्री, आवाज और अंदाज भी हूबहू; VIDEO वायरल