A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बैंड, बाजा और पब्लिक...जेल से छूटने के बाद जनता के बीच पहुंचे अनंत सिंह, देखें वीडियो

बैंड, बाजा और पब्लिक...जेल से छूटने के बाद जनता के बीच पहुंचे अनंत सिंह, देखें वीडियो

मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह जेल से छूटते ही अपनी ताकत दिखाने मैदान में उतर चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह अब मोकामा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं

Anant Singh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अनंत सिंह

मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह जेल से छूटने के बाद अब अपने क्षेत्र के दौरे पर निकल चुके हैं। रोड शो के माध्यम से अनंत सिंह मोकामा के इलाके में लोगों के बीच जा रहे हैं। वे अपने समर्थकों के साथ पटना से बख्तियारपुर बाढ़ होते हुए मोकामा तक पहुंचेंगे। इस रोड शो को लेकर सभी प्रकार की तैयारी कार्यकर्ताओं के द्वारा कर ली गई है। जगह-जगह पर बैंड बाजे और फूल मालाओं के साथ अनंत सिंह के समर्थक उनके स्वागत के लिए तैयार दिख रहे हैं।

समर्थकों का सैलाब उमड़ा

अनंत सिंह जेल से छूटते ही अपनी ताकत दिखाने मैदान में उतर चुके हैं। रोड शो में समर्थकों का सैलाब उमड़ रहा है। पटना से निकलकर बख्तियारपुर, बाढ़ होते हुए मोकामा के पंचमहल तक अनंत सिंह के समर्थक उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं।

ढोल-बाजे और आतिशबाजी

जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-बाजे, बैंड, गुलाब की मालाएं और आतिशबाज़ी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों की भीड़ इस तरह उमड़ी कि सड़कों पर जाम लग गया। यह रोड शो सिर्फ शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी है कि छोटे सरकार वापस आ चुके हैं!

जोश से लबरेज हैं समर्थक

अनंत सिंह की रिहाई के बाद उनके समर्थक जोश से लबरेज हैं। हर नुक्कड़, हर चौराहे पर उनके कार्यकर्ता और समर्थक ‘जय अनंत सिंह’ के नारे लगा रहे हैं। उनके समर्थक साफ कह रहे हैं  कि जेल चाहे कितनी भी मजबूत हो, छोटे सरकार के हौसले को कैद नहीं कर सकती!

खुद चुनाव लड़ेंगे अनंत सिंह

बता दें कि अनंत सिंह ने जेल से बाहर आते ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर जेडीयू उन्हें टिकट देती है तो वे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को उनके ही गढ़ में पटक देंगे। अब उनके इस रोड शो को आने वाले चुनाव की गंभीर तैयारी और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।  

मोकामा में जनसभा को करेंगे संबोधित

पटना से मोकामा तक कई जगहों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं। पंचमहल में एक बड़ा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा जहां अनंत सिंह लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे अपने कोर समर्थकों और बूथ कार्यकर्ताओं से बंद कमरे में रणनीतिक बैठक करेंगे।

रोड शो के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट

अनंत सिंह के रोड शो को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी सतर्क है। ट्रैफिक, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। हालांकि, अब तक पूरे कार्यक्रम में कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। दरअसल,  मोकामा शूटआउट केस में जेल में बंद पूर्व  बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। मंगलवार को पचमहला थाना कांड संख्या 5/2025 में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उन्हें सशर्त जमानत दी थी।