1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में संपत्ति का ऐसा विवाद... एक को मारी गोली, दूसरे को जलाया जिंदा, एक साथ उठी दो अर्थी, दहशत में ग्रामीण

बिहार में संपत्ति का ऐसा विवाद... एक को मारी गोली, दूसरे को जलाया जिंदा, एक साथ उठी दो अर्थी, दहशत में ग्रामीण

एक साथ दो लोगों के मर्डर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार के लोग सदमे में हैं। पुलिस ने मामलें की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक तस्वीर

बिहार के अररिया जिले में शनिवार को संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक अन्य को आग लगा दी गई। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मृतकों की पहचान जय कुमार यादव और नयन यादव के रूप में हुई है। दोनों दूर के रिश्तेदार हैं। 

घर में लगाई आग

अररिया के पुलिस अधीक्षक (SP) अंजनी कुमार ने कहा कि घटना शनिवार तड़के नवटोला धनसौरी गांव में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, संपत्ति विवाद को लेकर नयन यादव ने पहले जय कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद, जय कुमार यादव के रिश्तेदारों ने नयन यादव को जिंदा जला दिया और उसके घर में भी आग लगा दी। 

ग्रामीणों में दहशत का माहौल

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस की टीम ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

पुलिस जुटा रही सबूत

एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना के पीछे संपत्ति विवाद का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से सभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। 

घर के अंदर की गई हत्या

एसपी ने कहा, 'यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नयन यादव की पहले उसके घर के अंदर हत्या की गई। फिर उसके शव को आग लगा दी गई या फिर पहले उसे आग लगाई गई।' उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)