A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. AIMIM उम्मीदवार की नामांकन सभा में बिरयानी की जमकर हुई लूट, धक्का-मुक्की और हाथापाई का VIDEO वायरल

AIMIM उम्मीदवार की नामांकन सभा में बिरयानी की जमकर हुई लूट, धक्का-मुक्की और हाथापाई का VIDEO वायरल

AIMIM उम्मीदवार तौसीफ आलम के कार्यक्रम में बिरयानी की जमकर लूट हुई। इस दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नामांकन से पहले तौसीफ आलम के कार्यक्रम में बिरयानी को लेकर हंगामा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER नामांकन से पहले तौसीफ आलम के कार्यक्रम में बिरयानी को लेकर हंगामा

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों के ऐलान के बाद सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर रहे हैं और पहले चरण के लिए नामांकन का दौर जोरों पर है। इस चुनावी माहौल के बीच, किशनगंज जिले के बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के उम्मीदवार तौसीफ आलम के एक कार्यक्रम में बिरयानी की जमकर लूट हुई। इस दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तौसीफ आलम ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने एक दुआ कार्यक्रम 'फातेहा खानी' का आयोजन किया था, जहां हजारों की संख्या में भीड़ जमा हुई थी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के लिए बिरयानी की व्यवस्था की गई थी, जिसके बांटने के दौरान लोग एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए और बिरयानी पाने के लिए हाथापाई की नौबत भी आ गई।

आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन?

चूंकि आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में इस तरह का प्रलोभन देना कानून अपराध की श्रेणी में आता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह घटना आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला हो सकती है।

तौसीफ आलम ने दी सफाई

इस मामले पर उम्मीदवार तौसीफ आलम ने सफाई देते हुए कहा कि यह केवल फातेहा खानी थी, जिसके लिए बिरयानी बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जुटी भीड़ उनसे प्रेम करने वाले लोगों की थी।

35 सीटों पर चुनाव लड़ रही AIMIM

बता दें कि AIMIM बिहार विधानसभा चुनाव में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक नए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। AIMIM ने आजाद समाज पार्टी (ASP) और अपनी जनता पार्टी (AJP) के साथ गठबंधन किया है, जिसे 'ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस' नाम दिया गया है। इस गठबंधन के तहत AIMIM 35 सीटों पर उम्मीदवार उतार रही है। गठबंधन कुल 64 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, जिसमें ASP 25 सीटों पर और AJP 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

(रिपोर्ट- राजेश दुबे)

ये भी पढ़ें-

कर्नाटक कैबिनेट का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूल और कॉलेज में RSS गतिविधियों पर लगेगी रोक

गुजरात में भाजपा के सभी मंत्रियों ने दे दिया इस्तीफा, जानें क्यों लिया गया ये फैसला