1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: बाहुबली अनंत सिंह का अजब गजब अंदाज, अशोक चौधरी मिलने पहुंचे तो दिखाने लगे भैंस

VIDEO: बाहुबली अनंत सिंह का अजब गजब अंदाज, अशोक चौधरी मिलने पहुंचे तो दिखाने लगे भैंस

बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह का फिर एक बार अनोखा अंदाज देखने को मिला है। अनंत सिंह ने ऐलान किया है कि पत्नी की जगह खुद मोकामा से चुनाव लड़ेंगे। मंगलवार को जब अशोक चौधरी उनसे मिलने पहुंचे तो वो अपने भैंसों का तबेला दिखाने लगे। देखें वीडियो...

अनंत सिंह का अनोखा अंदाज- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अनंत सिंह का अनोखा अंदाज

पटना: मोकामा के पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह एक बार फिर अपने निराले अंदाज में दिखाई दिए। मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार के करीबी मंत्री अशोक चौधरी अनंत सिंह के घर उनसे मिलने पहुंच गए। अशोक चौधरी जहां उनसे बातचीत करने के लिए पहुंचे थे तो अनंत सिंह उन्हें ले जाकर अपने भैंस का तबेला दिखाने लगे और भैंसों का बखान करने लगे। अशोक चौधरी अनंत सिंह के साथ भैंसों का तबेला देख रहे थे और साथ में उनकी भैंसों से संबंधित दी जा रही जानकारी को सुन रहे थे। दोनों नेताओं की मुलाकात और बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अनंत सिंह अपनी बयानबाजी और अपने अलग अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। 
 

देखें वीडियो

अशोक-अनंत की मुलाकात, क्या हुई बात

माना जा रहा है कि अशोक चौधरी और अनंत सिंह के बीच हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर बातचीत हुई। मुलाकात के बाद अनंत सिंह ने मंत्री अशोक चौधरी को अपना आवास दिखाया और आवास में बने तबेले में भी ले गए और यहां मौजूद अलग अलग नस्ल के भैंसों को दिखाया। दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई, अभी इसका पता नहीं चल सका है।

पत्नी की जगह खुद मोकामा से लड़ेंगे चुनाव

बिहार में जहां विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत चरम पर है, तो वहीं अनंत सिंह ने चुनाव को लेकर भी बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि इस बार अपनी पत्नी की जगह खुद जेडीयू के टिकट पर मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इस ऐलान के बाद उनका जदयू नेताओं से मिलना जुलना जारी है। उनके इस ऐलान के बाद रक्षाबंधन के दिन अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री आवास जाकर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से भी वे मिले थे।