1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बांका: देवर के 5 बच्चे, भाभी के 3, दोनों साथ में भागे, अब बहू को जेठ दे रहा जबरन शादी की धमकी

बांका: देवर के 5 बच्चे, भाभी के 3, दोनों साथ में भागे, अब बहू को जेठ दे रहा जबरन शादी की धमकी

भाभी और देवर के भागने पर पांच बच्चों की मां परेशान है। जिस महिला के साथ उसका पति भागा है, उस महिला का पति मांग में जबरन सिंदूर भरने की धमकी दे रहा है। इसी से परेशान होकर महिला थाने पहुंची है।

Sambhuganj thana- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शंभूगंज थाना

बिहार के बांका में पांच बच्चों का पिता अपनी भाभी के साथ फरार हो गया। इसके बाद से देवर और भाभी दोनों के घरों में कलह मची हुई है। देवर-भाभी का घर आसपास है। ऐसे में जिस महिला का पति भागा है, उसे पड़ोसी से रोज धमकी मिल रही है। पड़ोसी जबरन शादी करने की धमकी दे रहा है। इससे परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत की है।

मामला बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र का है। यहां छोटी भरतशिला गांव में पांच बच्चों का पिता अपनी ही रिश्ते में लगने वाली भाभी के साथ फरार हो गया। महिला तीन बच्चों की मां है। इस घटना के बाद महिला का पति नाराज है। वह रोज आरोपी की पत्नी से गाली-गलौज कर रहा है। मारपीट पर उतारू हो रहा है। इससे गांव में विवाद बढ़ गया है। 

13 साल पहले हुई थी शादी

शनिवार की देर रात्रि आरोपी देवर की पत्नी थाने पहुंची। उसने पुलिस से पति और महिला को बरामद करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, छोटी भरतशिला गांव के नारायण तांती की शादी 13 साल पहले बेलहर थाना क्षेत्र के ददनीचक गांव की संजू देवी से हुई थी। शादी के बाद उनके चार बेटियां और एक बेटा हुआ। इसी बीच नारायण तांती का पड़ोस की तीन बच्चों की मां से प्रेम प्रसंग हो गया। इसके बाद दोनों घर छोड़कर भाग गए। 

महिला और परिजन डरे

फरार महिला का पति नारायण तांती की पत्नी को धमका रहा है। वह गाली-गलौज कर रहा है। मारपीट पर उतारू है। पत्नी को वापस नहीं लाने पर जबरन सिंदूर डालने की धमकी दे रहा है। इससे महिला और उसके परिजन डरे हुए हैं। शनिवार को पीड़िता ने थाने में शिकायत दी। शंभूगंज थाना प्रभारी मंटू कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के द्वारा आवेदन दिया गया है, मोबाइल लोकेशन के आधार पर महिला को खोजा जा रहा है। इसके साथ ही एक टीम बनाकर जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

(बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट)