1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बेगूसराय: शराब-मटन पार्टी में लहराई पिस्तौल, भोजपुरी गाने पर VIDEO वायरल, आरोपी की हुई पहचान

बेगूसराय: शराब-मटन पार्टी में लहराई पिस्तौल, भोजपुरी गाने पर VIDEO वायरल, आरोपी की हुई पहचान

बिहार के बेगूसराय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में तीन युवन शराब और मटन पार्टी करते नज़र आ रहे हैं। वहीं एक युवक पिस्तौल लहराते नज़र आ रहा है।

बेगूसराय: शराब-मटन पार्टी में लहराई पिस्तौल, भोजपुरी गाने पर VIDEO वायरल- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बेगूसराय: शराब-मटन पार्टी में लहराई पिस्तौल, भोजपुरी गाने पर VIDEO वायरल

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाला एक नया मामला बेगूसराय से सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक मकान के भीतर खुलेआम शराब और मटन पार्टी करते नजर आ रहे हैं। इस पार्टी के दौरान एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर तेज आवाज में बज रहे भोजपुरी गानों की धुन पर हथियार लहराते हुए नज़र आ रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

कहां का मामला
बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र से सामने आए एक कथित वायरल वीडियो ने कानून व्यवस्था और पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में तीन युवक शराब की बोतल के साथ मटन पार्टी कर रहे हैं। वायरल वीडियो में युवक शराब पार्टी करते और हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। देखा जा सकता है कि युवकों के सामने शराब की बोतल, मटन, सिगरेट का पैकेट और पानी रखा है। वहीं, पास में दो हथियार भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर हथियार को हाथ में लेकर उसका प्रदर्शन करता नजर आता है। वीडियो वायरल होते ही बखरी थाना पुलिस ने पूरे मामले में संज्ञान लिया। बखरी थाना पुलिस ने जांच में वीडियो को सही पाया है और एक युवक की पहचान भी कर ली है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
वीडियो में दिख रहा बदमाश की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के बदिया गांव निवासी नरेश यादव के पुत्र पिंटू यादव के रूप में की गई है, जबकि अन्य दो बदमाशों की पहचान पुलिस कर रही है। फिलहाल बखरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस मामले में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि शराब मटन पार्टी करके हथियार लहराते युवकों का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने वीडियो को सत्यापित कर लिया है जिसमें एक बदमाश की पहचान की गई है बदमाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

(रिपोर्ट - संतोष श्रीवास्तव)