1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गजब है बिहार पुलिस! बड़का चोर निकले दरोगा जी, थाने से चोरी करवा दी जीप, हो गए गिरफ्तार, जानें पूरा मामला-VIDEO

गजब है बिहार पुलिस! बड़का चोर निकले दरोगा जी, थाने से चोरी करवा दी जीप, हो गए गिरफ्तार, जानें पूरा मामला-VIDEO

थाने से जीप चोरी करवाने के आरोप में दरोगा जी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उनके दो अन्य लोगों को भी गिरप्तार किया गया है। पुलिस अब सभी से पूछताछ कर रही है। कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी बात कही है।

जीप चोरी के आरोप में गिरफ्तार हुए दरोगा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जीप चोरी के आरोप में गिरफ्तार हुए दरोगा

बिहार के बेगूसराय जिले में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां एक थाने से एक्सीडेंट के बाद जब्त किए गए कमांडर जीप को दरोगा जी ने बदल दिया। उसके स्थान पर दूसरी पुरानी जीप लाकर खड़ी कर दी गई। इस मामले में एक पुलिस अवर निरीक्षक, थाना के प्राइवेट ड्राइवर एवं दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

जीप से कुचलने से एक की हो गई थी मौत

जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी की सुबह में मटिहानी- बेगूसराय सड़क पर बदलपुरा के पास कमांडर जीप ने दो छात्रों को कुचल दिया था। इस हादसे में एक छात्रा बबलू ठाकुर की बेटी सिम्मी कुमारी की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने धक्का मारने वाले कमांडर जीप को पकड़ लिया। मौके पर से लोगों ने ड्राइवर को भी पकड़ लिया था। 

घटना के बाद थाने लाई गई जीप

जांच पड़ताल में ड्राइवर के नाबालिग पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। जबकि जीप को थाना परिसर में लगाया गया था। जीप पर दुर्घटनाग्रस्त दोनों साइकिल भी लदी हुई थी। मटिहानी थाना में कार्यरत माला खाना प्रभारी सह पुअनि सुजीत कुमार का ट्रांसफर बेगूसराय हो गया।  

कबाड़ी से लाकर दूसरी गाड़ी खड़ी कर दी गई

इसके बाद 27 फरवरी की रात में पुलिस पदाधिकारी सुजीत कुमार, मटिहानी के रहने वाले कारी सिंह एवं भानु सिंह तथा मटिहानी थाना के प्राइवेट ड्राइवर मोहम्मद जाकिर कैंपस में पहुंचा। वहां लगी अच्छी जीप को हटा दिया और उसके स्थान पर कबाड़ी से लाकर एक कमांडर जीप लगा दी गई तथा उसमें भी गाड़ी के नंबर का बोर्ड भी लगा दिया गया। 

सीसीटीवी फुटेज से भी खुली पोल

1 मार्च को लोगों ने जब बदली हुई जीप देखी तो मामला सामने गया। इस मामले में सदर-टू डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि थाना कांड संख्या-26/25 में कमांडर जप्त कर सीसीटीवी के सामने थाना परिसर में रखा गया था। इसी थाने में पहले कार्यरत SI सुजीत कुमार (वर्तमान में नगर थाना में कार्यरत) प्रभार देने के लिए 15 फरवरी को आए हुए थे। 

धक्का देकर जीप को थाने से ले जाया गया

मालखाना के प्रभारी वही थे, इसलिए प्रभार देने के लिए ही कैंप कर रहे थे। कुछ दिन पहले पता चला कि जब्त किया गया कमांडर जीप बदल दिया गया है, उसके जगह पर दूसरी गाड़ी लगाई गई है। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच किया गया तो स्पष्ट हुआ कि सुजीत कुमार तीन सहयोगी के साथ 15 फरवरी की रात करीब 11:45 बजे आया और थाना से धक्का देकर जीप बाहर लेकर चला गया और उसके जगह पर दूसरा कमांडर जीप लगा दिया। 

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

सदर डीएसपी टू भास्कर रंजन ने कहा कि SI सुजीत कुमार सहित उसके तीनों सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर विभागीय कार्रवाई चलाई जाएगी। मामले की जांच-पड़ताल चल रही है। दोषियों को जेल भेजा जाएगा। जीप मालिक बागडोव निवासी रुपेश सिंह की भी इस मामले में संलिप्तता है। ड्यूटी पर तैनात कर्मी के अलावा सभी अन्य पहलुओं पर भी जांच चल रही है।

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट