बिहार में शराबबंदी लागू है और सरकार लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई का दावा करती रही है। इसके बावजूद नशे के कारोबार से जुड़े मामले लगातार सामने आते रहे हैं। ताजा मामला पटना के फतुहा से सामने आया है, जहां पुलिस और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है। फतुहा रोड स्थित एक वेयरहाउस में छापेमारी और जांच के दौरान 149 कार्टन में कुल 22,850 बोतल कोडीन कफ सिरप जब्त किया गया है। बरामद सिरप की कुल मात्रा करीब 2,285 लीटर बताई गई है।
जांच के दौरान प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि फतुहा रोड स्थित एक वेयरहाउस में किसी फार्मा कंपनी के माध्यम से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप मंगाई गई है। सूचना के बाद बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम और फतुहा थाना पुलिस सक्रिय हुई। वेयरहाउस की सिक्योरिटी टीम के सहयोग से रांची से आए पार्सल की जांच की गई। जांच के दौरान दो अलग-अलग खेप में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ।
22,850 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद
बरामदगी में एस्कफ कोडीन कफ सिरप की 100 एमएल वाली 99 पेटियां शामिल हैं। इन पेटियों से कुल 14,850 बोतल बरामद की गईं। वहीं, विक्सी कोडीन कफ सिरप की 100 एमएल वाली 50 पेटियां भी जब्त की गईं, जिनमें 8,000 बोतल मिलीं। दोनों खेप को मिलाकर कुल 149 पेटियों में 22,850 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की कर रही है जांच
पुलिस ने पार्सल से जुड़े कस्टमर से फोन पर संपर्क कर उसे पार्सल रिसीव करने के लिए बुलाया। पुलिस के अनुसार, कस्टमर ने बताया कि वह गाड़ी और अपने आदमी को भेज रहा है। लेकिन कार्रवाई की भनक लगने के बाद संबंधित कस्टमर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया। मामले में फतुहा थाना कांड संख्या 625/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस पार्सल भेजने वाले, संबंधित कस्टमर और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रांची से भेजी गई खेप फतुहा के वेयरहाउस तक कैसे पहुंची और इसे आगे कहां भेजा जाना था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप आखिर किसने मंगाया था? इसे कहां खपाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं? पुलिस इन्हीं सवालों का जवाब तलाशने में जुटी है।
पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें:
सारण में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप, एक पटना रेफर; चाकूबाजी में 4 लोग हुए थे घायल