1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार भी गजब है..अपना वोटर ID कार्ड देख चौंक गई महिला, सीएम नीतीश कुमार की लगी थी तस्वीर

बिहार भी गजब है..अपना वोटर ID कार्ड देख चौंक गई महिला, सीएम नीतीश कुमार की लगी थी तस्वीर

बिहार के मधेपुरा में एक महिला के वोटर आईडी कार्ड पर सीएम नीतीश कुमार की फोटो लगी हुई है। कार्ड पर महिला का नाम और पता ठीक है लेकिन उसकी फोटो नहीं है।

महिला के वोटर आईडी कार्ड पर नीतीश कुमार की फोटो- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV महिला के वोटर आईडी कार्ड पर नीतीश कुमार की फोटो

मधेपुराः बिहार के मधेपुरा में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। चुनाव आयोग के कर्मचारियों की लापरवाही ने एक महिला को टेंशन में डाल दिया है। दरअसल महिला के वोटर आईडी कार्ड पर सीएम नितीश कुमार की फोटो लगी हुई है। महिला का नाम और पता सब सही है लेकिन उसकी तस्वीर की जगह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फोटो लगी हुई है।

 महिला के वोटर आईडी कार्ड में नीतीश कुमार की फोटो

एक तरफ जहां मतदाता सूची पुनरिक्षण कार्य को लेकर चुनाव आयोग के विरोध में सड़क पर बबाल मचा हुआ है तो वहीं मधेपुरा शहर के जयपालपट्टी मुहल्ले की एक महिला के वोटर आईडी कार्ड में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लगी तस्वीर चुनाव आयोग पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। यह मामला आज तब सामने आया जब बिहार बंद के दौरान सड़क पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के विरोध में लोग चक्का जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे।

महिला के पति ने मीडिया को दिखाया वोटर आईडी कार्ड

इस दौरान महिला के पति चंदन कुमार ने मीडिया के सामने यह वोटर आईडी कार्ड लेकर पहुंचे। उन्होंने इसे सिस्टम की गंभीर चूक बताते हुए कहा कि इस तरह की गलती चुनाव आयोग के नुमाइंदे यानी वोटर आईडी तैयार करने वाली एजेंसी या कर्मचारी की लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने इस मामले को लेकर उच्च स्तर पर जांच की मांग भी की है, ताकि इस तरह की चूक भविष्य में न हो और दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। 

बीएलओ ने किसी को मामले की जानकारी देने से मना किया

महिला के पति चंदन कुमार ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले पोस्ट ऑफिस के माध्यम से उनकी पत्नी के नाम से वोटर आईडी कार्ड आया। लिफाफे पर नाम और अन्य विवरण उनकी पत्नी के हीं थे, लेकिन जब कार्ड खोला गया तो उस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फोटो छपी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस गड़बड़ी को लेकर जब वे संबंधित बीएलओ के पास गए तो बीएलओ ने उन्हें यह बात किसी को न बताने की सलाह दी। 

चुनाव आयोग की लापरवाही आई सामने

चंदन ने सवाल उठाया कि आमतौर पर वोटर आईडी में किसी अनजान व्यक्ति की तस्वीर गलती से आ सकती है, लेकिन एक राज्य के मुख्यमंत्री की फोटो किसी आम महिला के कार्ड पर आना बहुत ही बड़ी चूक और चुनाव आयोग की लापरवाही है। वहीं इस संबंध में उप निर्वाचन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि कर्नाटक से मतदाता पहचान पत्र बनकर आता है। फार्म आठ भरकर वह एसडीओ कार्यालय में या ऑनलाइन जमा करेंगे तो उसमें संभव सुधार हो जाएगा।

रिपोर्ट- शंकर