1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार चुनाव: महागठबंधन में सीटों पर फंसा पेंच! CPI (ML)ने 19 सीटों का प्रस्ताव ठुकराया, कहा-'ये सम्मानजनक नहीं'

बिहार चुनाव: महागठबंधन में सीटों पर फंसा पेंच! CPI (ML)ने 19 सीटों का प्रस्ताव ठुकराया, कहा-'ये सम्मानजनक नहीं'

सूत्रों ने बताया कि भाकपा (माले) लिबरेशन ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा था, इस बार उसे उतनी ही सीटों की पेशकश की गई थी। उनका कहना है, ‘‘इनमें से हमारी कम से कम तीन सीटें बदल दी गईं।’’

CPI ML, deepankar bhattachrya- India TV Hindi
Image Source : X @CPIMLLIBERATION दीपांकर भट्टाचार्या, सीपीआई-एमएल

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जहां तारीखों का ऐलान हो चुका है वहीं राज्य में सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी महागठबंधन में सीटें अभी तक फाइनल नहीं हो पाई हैं। इस बीच सूत्रों के मुताबिक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने बिहार विधानसभा चुनाव में ‘महागठबंधन’ के घटक के तौर पर 19 सीटों पर चुनाव लड़ने की पेशकश को यह कहते हुए ठुकरा दिया है कि यह ‘‘सम्मानजनक’’ प्रस्ताव नहीं हैं।

पिछली बार से ज्यादा सीटों की मांग

वामपंथी दल माले  से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भाकपा (माले) लिबरेशन ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा था, इस बार उसे उतनी ही सीटों की पेशकश की गई थी। उनका कहना है, ‘‘इनमें से हमारी कम से कम तीन सीटें बदल दी गईं।’’ पिछले विधानसभा चुनाव में वह 19 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 12 सीटें जीती थी। 

30 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखेगी पार्टी

जानकारी के मुताबिक बार, वामपंथी दल ने लड़ने के लिए लगभग 40 सीटें मांगी थीं। पार्टी से संबंधित एक सूत्र ने कहा, ‘‘भाकपा (माले) लिबरेशन ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया क्योंकि यह सम्मानजनक प्रस्ताव नहीं था, और हम लगभग 30 सीटों पर लड़ने के लिए एक नया प्रस्ताव रखने जा रहे हैं।’’ भाकपा (माले) ने यह भी तर्क दिया है कि पार्टी ने ‘महागठबंधन’ को न केवल उन सीटों पर मदद की जिन पर उन्होंने चुनाव लड़ा था, बल्कि आसपास के इलाकों में वोट भी हासिल किए। 

सभी विकल्प खुले हैं-सीपीआई (एमएल)

यह पूछे जाने पर उनका प्रस्ताव नहीं माने जाने पर क्या रुख होगा तो वामपंथी दल के सूत्रों ने कहा, ‘‘सभी विकल्प खुले हैं।’’ महागठबंधन में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, वाम दल और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। वर्ष 2020 में राजद ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा और 75 पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 पर जीत हासिल की।

बिहार में दो फेज में होगी वोटिंग

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आगामी छह नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा तथा मतगणना 14 नवंबर होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दोनों निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की ।  मुख्य चुनाव  आयुक्त ने कहा कि पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीट के लिए मतदान होगा। बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीट हैं। 

मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह भी बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर को होगी, 18 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 20 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर को होगी, 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 23 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। (इनपुट-भाषा)