A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election: लालू का दावा- '14 नवंबर को सरकार बदलेगी', पीएम मोदी बोले- 'RJD की मानसिकता विकास विरोधी'

Bihar Election: लालू का दावा- '14 नवंबर को सरकार बदलेगी', पीएम मोदी बोले- 'RJD की मानसिकता विकास विरोधी'

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। अब पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार आखिरी समय में है। ऐसे में सभी दलों की ताबड़तोड़ रैलियां जारी हैं। लालू यादव भी चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं।

Lalu yadav and PM modi- India TV Hindi
Image Source : X/ANI-BJP लालू यादव (बाएं), पीएम मोदी (दाएं)

बिहार में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होना है। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को मतदान होगा, जिसके लिए चुनाव प्रचार काफी जोर-शोर से हो रहा है। पहले चरण का चुनाव प्रचार अब अंतिम दौर में है। ऐसे में सभी दलों के तमाम स्टार प्रचारक चुनावी सभाओं में जान झोंक दे रहे हैं। सोमवार को लालू यादव भी चुनाव प्रचार में उतर गए और दानापुर में आरजेडी उम्मीदवार के लिए प्रचार किया। वहीं, पीएम मोदी ने एनडीए और मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया गठबंधन के लिए प्रयार किया। सीमांचल में असदुद्दीन ओवैसी ने भी रैली की।

Live updates : Bihar Assembly Election 2025

  • 11:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    सीमांचल में असदुद्दीन ओवैसी की सभा

    असदुद्दीन ओवैसी ने बरारी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार शाम जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला और बदलाव की अपील की। ओवैसी ने बिहार की मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में रिश्वतखोरी व्यवस्था का हिस्सा बन चुकी है और आम जनता योजनाओं का लाभ लेने से वंचित है। ओवैसी ने बेरोजगारी और सीमांचल के विकास को बड़ा मुद्दा बनाते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नफरत और जाति की राजनीति से जनता को कुछ हासिल नहीं होने वाला। ओवैसी ने लोगों से अपील की कि वे विकास, सम्मान और सीमांचल की आवाज को मजबूत करने के लिए मोतिउर रहमान को समर्थन दें।

  • 9:21 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    भाषा में संयम होना चाहिए- राजीव शुक्ला

    महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी और उनके लालू यादव पर पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, "मुझे लगता है कि भाषा में कहीं न कहीं संयम होना चाहिए। बिहार में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हो रहा है, वो बिहार चुनाव के लिए ठीक नहीं है। ये कहना कि कांग्रेस बंदूकों को बढ़ावा देती है और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना, जबकि कांग्रेस नेताओं ने देश के लिए इतना कुछ किया है। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी, इतने बलिदान दिए- क्या जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, सरदार पटेल के पास बंदूकें थीं? इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी जान दी। उन्होंने देश के लिए इतना काम किया, उनके लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना हमें शोभा नहीं देता।"

  • 8:10 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को झूठों का सरदार कहा

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "पीएम मोदी झूठों के सरदार हैं। झूठों के सरदार हर जगह जा के झूठी बातें बोलते हैं। वह कांग्रेस के बारे में तो बोलते हैं, लेकिन अपने काम भूल गए हैं। वे नोटबंदी, कालाधन, दो करोड़ रोजगार और एमएसपी भूल गए। वे अपने किए इन झूठे वादों को पूरा नहीं कर पाए। अब उन्होंने एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया है। आप पिछले 11 साल से प्रधानमंत्री हैं, और आप दो करोड़ रोजगार का वादा पूरा नहीं कर पाए। पीएम मोदी हमेशा झूठ बोलते हैं। 'पीएम मोदी झूठों के सरदार हैं। झूठों के सरदार हर जगह जा के झूठी बातें बोलते हैं।"

  • 6:48 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    चिराग पासवान ने लालू यादव पर साधा निशाना

    राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बिहार चुनाव 2025 के लिए प्रचार करने पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "उनकी उम्र को देखते हुए, हम इसे मुद्दा नहीं बनाना चाहते, लेकिन यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है। वह (जेल से) बाहर हैं और अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। लेकिन कभी-कभी वह अपने परिवार के साथ बाहर जाते हैं, प्रचार करते हैं, नामांकन के लिए जाते हैं और रात्रिभोज में शामिल होते हैं। कानून द्वारा दी गई रियायतों का दुरुपयोग करना अपने आप में एक अपराध है।"

  • 6:32 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    मीसा भारती ने पीएम मोदी पर किया पलटवार

    लालू यादव पर पीएम मोदी की टिप्पणी पर आरजेडी नेता मीसा भारती ने कहा, "पीएम मोदी बिहार चुनाव के लिए आए हैं या लालू यादव की तस्वीरें ढूंढने? एनडीए नेताओं और पीएम मोदी के मन से लालू यादव का डर नहीं निकला है। एक तरफ देश के प्रधानमंत्री कट्टा की बात करते हैं और दूसरी तरफ तेजस्वी यादव युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैं।"

  • 5:23 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    14 नवंबर को सरकार बदलेगी- लालू यादव

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार अंतिम पड़ाव पर है। ऐसे में लालू यादव भी चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं। सोमवार को लालू यादव ने दानापुर से आरजेडी उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को बिहार में सरकार बदल जाएगी।

  • 5:16 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    राजद का इतिहास विकास विरोधी- पीएम मोदी

    कटिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इन लोगों (महागठबंधन) ने दशकों तक बिहार को बदहाली में रखा क्योंकि विकास कभी उनके एजेंडे में ही नहीं था। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने बिहार को सुशासन दिया। विकास लाया। जहां जंगलराज के दौरान निराशा और हताशा थी, वहां सुशासन नए सपने और नए संकल्प लेकर आया है। लोगों को हम पर अटूट विश्वास है कि केवल एनडीए सरकार ही उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। इसीलिए, जहां रेल पहुंची है, वहां हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेनों की मांग है। जहां सड़कें पहुंची हैं, वहां एक्सप्रेसवे की मांग है। जहां छोटे अस्पताल खुले हैं, वहां सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों की मांग है। इसलिए, इन दिनों राजद भी विकास के झूठे दावे करने को मजबूर हो गया है। वरना, उनका इतिहास विकास विरोधी रहा है। जब लोग सड़क की मांग करते थे, तो राजद कहता था कि सड़क बनाने से दुर्घटनाएं होने का खतरा है। उस समय लोग बिजली की मांग करते थे, और राजद नेता कहते थे, अगर बिजली आ गई, तो वे करंट लगने से मर जाएंगे।"

  • 5:09 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर साधा निशाना

    पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मोदी जी प्रधानमंत्री हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि उनके पास शिक्षा, स्वास्थ्य, एमएसपी और निवेश के बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है। मोदी जी पिछले 11 सालों से प्रधानमंत्री हैं और नीतीश कुमार 20 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री हैं, फिर भी वे 'जंगल राज' की बात करते हैं।"

  • 4:34 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    दिघा में योगी आदित्यनाथ ने महागठबंधन पर साधा निशाना

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के दिघा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, "जिन लोगों ने बिहार के लिए पहचान का संकट पैदा किया है, वही लोग आज महागठबंधन के रूप में एक साथ आए हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों को जाति सेना बनाकर और हिंदू को हिंदू के खिलाफ खड़ा करके पूरे बिहार में अराजकता फैलाने की खुली छूट दी गई। 1992 से 2005 के बीच बिहार में शुरू हुई इस प्रवृत्ति ने बिहार के लिए पहचान का संकट पैदा कर दिया।"

  • 3:54 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    RJD ने अफजल अली खां को पार्टी से 6 साल के लिए निकाला

    RJD ने अफजल अली खां को गौरा बौराम विधानसभा सीट से नामांकन वापस नहीं लेने पर 6 साल के लिए निकाल दिया है। पहले इस सीट के लिए लालू यादव ने अफजल अली को पार्टी सिंबल दिया था। बाद मे VIP के खाते में सीट चली गयी। सुप्रीमो मुकेश सहनी के भाई संतोष सहनी यहां से उम्मीदवार बनाए गए। 

  • 3:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    ललन सिंह ने आरजेडी पर साधा निशाना

    मोकामा में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पद के लिए कोई रिक्ति नहीं है। जब कोई रिक्ति नहीं है, तो यह सवाल ही नहीं उठता कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। जब तेजस्वी यादव को होश आया, तो उनके पिता और माता दोनों भ्रष्ट थे, और उनके कार्यकाल में अपार भ्रष्टाचार हुआ।"

  • 2:56 PM (IST) Posted by Amar Deep

    किसी कीमत पर नीतीश को सीएम नहीं बनाएंगे मोदी: खरगे

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक रैली में कहा, "नरेंद्र मोदी किसी कीमत पर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाने वाले हैं। मोदी अपने किसी चेले को कुर्सी पर बैठाएंगे। नीतीश जी से कहा जाएगा- आपका काम हो गया। आपकी तबियत ठीक नहीं है, आप घर बैठिए।"

     

  • 2:23 PM (IST) Posted by Amar Deep

    हमने मछली पालन के लिए अलग मंत्रालय बनाया: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "शायद आपको पता नहीं होगा। मैं जब विदेश में जाता हूं तो दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं को भी डिब्बा भर कर मखाना देता हूं और मैं गर्व से कहता हूं, ये मेरे बिहार के किसानों की कमाई है। यहां मछली पालकों के हितों को भी हमारी सरकार प्राथमिकता दे रही है। हमने मछली क्षेत्र के लिए अलग मंत्रालय बनाया, अलग बजट दिया। पहले भारत सरकार में मछली पालन के लिए कोई दूसरा मंत्रालय नहीं था, कोई बजट नहीं था। ये मोदी जी ही हैं जिन्होंने भारत में अलग मंत्रालय बनाया ताकि मेरे मछली पालकों का जीवन बेहतर हो सके।"

  • 2:22 PM (IST) Posted by Amar Deep

    राजद-कांग्रेस को घुसपैठियों से लगाव: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस हो या राजद, इनको सिर्फ घुसपैठियों से लगाव है। ये लोग घुसपैठियों को बचाने के लिए राजनीतिक यात्राएं करते हैं। ये लोग दुनिया भर में घूमने फिरने जाते हैं। मुझे बताएं कि बिहार का भविष्य आप तय करेंगे या घुसपैठिए तय करेंगे? ये घुसपैठिए आपकी संपत्ति पर कब्जा कर रहे हैं, आपके संसाधनों पर अपना हक जमा रहे हैं। बिहार को घुसपैठियों से बचाना है। इन घुसपैठियों को हटाने के लिए हम काम कर रहे हैं।"

  • 2:10 PM (IST) Posted by Amar Deep

    RJD-कांग्रेस को विकास की भाषा समझ नहीं आती: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "RJD और कांग्रेस को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती। इनकी डिक्शनरी में कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, कुशासन और करप्शन जैसे ही शब्द भरे पड़े हैं। जंगलराज की पाठशाला में इन्होंने बस यही सीखा है।"

  • 2:06 PM (IST) Posted by Amar Deep

    NDA ने पूरा किया कोसी महासेतु पुल योजना: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "2014 में आपने मुझे दिल्ली में बैठकर देश की सेवा करने का मौका दिया। NDA की डबल इंजन की सरकार बनाई। अब आपने मुझे सेवा का मौका दिया, बदला लेने वालों को वहां से भी हटाया, मैंने नए सिरे से इसकी (कोसी महासेतु पुल योजना) फाइल मंगाई, नई तेजी से काम शुरू किया, कोसी महासेतु के लिए पैसे दिए, काम शुरू हुआ और आखिरकार साल 2020 में NDA सरकार ने बिहार को ये पुल बनाकर सौंपा। राजद कांग्रेस की बदले की राजनीति के कारण सालों तक बिहार के लोगों को भुगतना पड़ा। एक समय था जब कोसी-मिथिलांचल के बहुत बड़े हिस्से के लोगों को 300 किलोमीटर का सफर करके इस पार से उस पार जाना पड़ता था। आज वही 300 किलोमीटर का सफर 30 किलोमीटर से भी कम रह गया है।"

  • 2:04 PM (IST) Posted by Amar Deep

    जंगलराज वाले हर मदद को रोकना चाहते हैं: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "बिहार के जीविका दीदी अभियान की आज देश में चर्चा हो रही है। नारी सशक्तिकरण के हमारे अभियान को बिहार में मुख्यमंत्री रोजगार योजना से भी बहुत बल मिला है। इस योजना को लेकर बिहार की हमारी बहनों में बहुत उत्साह दिख रहा है। बिहार की करीब 1.40 करोड़ बहनों के खाते में ₹10-10 हजार पहुंच चुके हैं। NDA ने घोषणा की है कि फिर सरकार बनने के बाद इस योजना का और विस्तार किया जाएगा। लेकिन, मैं बिहार की हर बहन बेटी से भी कहूंगा कि सतर्क रहिए, ये जंगलराज वाले आपको दी जा रही ऐसी हर मदद को रोकना चाहते हैं।"

  • 2:03 PM (IST) Posted by Amar Deep

    राजद-कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा में कहा, "राजद हो या कांग्रेस, इनका विकास से दूर-दूर तक का कोई नाता नहीं है। NDA की पहचान विकास से है और राजद कांग्रेस की पहचान विनाश से है। कोसी महासेतु रेल पुल का शिलान्यास साल 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था, लेकिन इसके बाद 2004 में राजद के समर्थन वाली, दिल्ली में मनमोहन सिंह की कांग्रेस की सरकार बन गई और उसके बाद यहां 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनी। बिहार के लोगों ने हर गली-मोहल्ले से राजद को नकार दिया। इसके कारण राजद वालों का पारा, उनका अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो बिहार के लोगों से इतने नाराज हुए कि वे बिहार को बर्बाद करने पर तुल गए। दिल्ली में उनकी सरकार थी, दिल्ली में सरकार उनके समर्थन पर चल रही थी इसलिए इन्होंने दिल्ली सरकार में बैठकर मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के बगल में बैठकर बिहार से और नीतीश कुमार की सरकार से बदला लेना शुरू कर दिया और उन्होंने जितने भी बिहार के लोगों की भलाई की योजनाएं थीं, उन पर ताला लगा दिया। कांग्रेस राजद ने कोसी महासेतु को लटका दिया।"

  • 1:58 PM (IST) Posted by Amar Deep

    'बिहार का युवा बिहार में काम करे, यही हमारा संकल्प': पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "बिहार का युवा, बिहार में काम करे, बिहार का नाम करे, ये हमारा संकल्प है। ये काम NDA को दिया आपका एक वोट करने वाला है। बीते वर्षों में बिहार विकास की रफ्तार पकड़ चुका है। अब विकास की इस रफ्तार को हमें मिलकर और तेज करना है। इसलिए - फिर एक बार एनडीए सरकार, बिहार में फिर से सुशासन सरकार।"

  • 1:56 PM (IST) Posted by Amar Deep

    पीएम को अपमान मंत्रालय बना देना चाहिए: प्रियंका गांधी

    प्रियंका गांधी वाड्रा ने सहरसा की एक रैली में आरोप लगाया कि बिहार में एनडीए सरकार संविधान द्वारा प्रदत्त लोगों के मताधिकार को खतरे में डाल रही है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि बिहार सरकार को नीतीश कुमार नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय नेता चला रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सभी विपक्षी नेताओं पर देश और बिहार का अपमान करने का आरोप लगाया; उन्हें नया 'अपमान मंत्रालय' बनाना चाहिए।

  • 1:54 PM (IST) Posted by Amar Deep

    माताएं हमारी प्रेरणा हैं: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "बिहार की पहचान ज्ञान से भी है और नारी सम्मान से भी है। बिहार हमेशा से ही नारी शक्ति का सशक्त स्थान रहा है। माता सीता हो, देवी भारती हो, विदुषी गार्गी हो, ऐसी अनगिनत महिलाएं, माताएं हमारी प्रेरणाएं हैं। नारी सशक्तिकरण की इसे प्रेरत भूमि से मैं आज पूरे देश को महिला क्रिकेट विश्व कप की विजय पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल मुंबई में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है। पूरे 25 साल बाद दुनिया को नया विश्व विजेता मिला है और ये गौरव भारत की बेटियों ने पूरे देश को दिया है।"

  • 1:53 PM (IST) Posted by Amar Deep

    जंगलराज वालों को इस बार पराजय देना है: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने सहरसा में एक चुनावी जनसभा के दौरान कहा, "बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। 6 नवंबर की सुबह सहरसा और मधेपुरा मतदान करेगा। मैंने जब जीवन में पहली बार मतदान किया था तो मेरे मन में एक इच्छा थी कि मेरा मत विफल नहीं होना चाहिए। मेरे वोट से सरकार बने, यह मैंने तब सोचा था जब मैंने पहली बार मतदान किया था। मैं आपको भी कहता हूं कि आप अपना जो पहला वोट डालेंगे, वो सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए और NDA की सरकार बनने वाली है। आपका वोट NDA की सरकार को मजबूती देने वाला है। इसलिए सभी नौजवान बेटे-बेटी जो पहली बार मतदान कर रहे हैं, उन्हें मेरा विशेष आग्रह है कि इस बार आपका वोट NDA की सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए। जो जंगलराज वाले हैं, उनको ऐसा पराजय देना है कि वो बिहार का कभी बुरा सोच भी ना सके।"

  • 1:51 PM (IST) Posted by Amar Deep

    राहुल गांधी ने छठी मइया का अपमान किया: अमित शाह

    अमित शाह ने सीतामढ़ी में कहा, "ठगबंधन में न नेता हैं न नीति है, मालूम नहीं कौन किस सीट पर चुनाव लड़ रहा है। यहां पर एनडीए की पांचों पार्टियां पांडवों की भांति एकजुट होकर चुनाव लड़ रही हैं। राहुल बाबा ने अभी छठी मैया का अपमान किया। राहुल बाबा, मोदी जी का अपमान करते आपने छठी मैया का अपमान कर दिया है। जब-जब आप लोगों ने नरेन्द्र मोदी जी का अपमान किया है, जनता ने उसका जवाब आपको हराकर दिया है। इस बार तो मोदी जी के साथ आपने छठी मैया का अपमान किया है। आने वाले चुनाव में सीतामढ़ी वालों को इसे याद रखना है।"

  • 1:43 PM (IST) Posted by Amar Deep

    सीता मंदिर बनते ही अयोध्या-सीतामढ़ी के बीच चालू करेंगे वंदे भारत ट्रेन: अमित शाह

    अमित शाह ने बिहार में कहा, "550 साल से ये मुगल, ये अंग्रेज, ये कांग्रेस, ये लालू राम मंदिर को रोककर बैठे थे। 2019 में मोदी जी को आपने दूसरी बार पीएम बनाया, 2024 में भव्य राम मंदिर अयोध्या में खड़ा हुआ। राम मंदिर बनने के बाद अगर सीता माता का मंदिर नहीं बनता है तो काम को अधूरा माना जाएगा, लेकिन नीतिश बाबू और मैंने भूमिपूजन किया और 850 करोड़ से भव्य मंदिर बन रहा है। जिस दिन सीतामढ़ी में सीता माता के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी, उसी दिन हम सीतामढ़ी से लेकर अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन भी चालू कर देंगे। जो अयोध्या आयेगा, वो सीतामढ़ी भी आयेगा और बिहार के टूरिज्म को बहुत फायदा होगा।"

  • 1:23 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    बिहार में जनता कांग्रेस को जवाब देगी- सुकांत मजूमदार

    केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "पहली बार नहीं है जब कांग्रेस या राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को निशाना बनाया गया हो... जब भी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के ऊपर कीचड़ उछाला हो तो उस कीचड़ में कमल और तेजी से खिला है। बिहार में भी वही होगा, जनता इसका जवाब देगी।"

  • 12:55 PM (IST) Posted by Amar Deep

    हमने यूपी में माफिया का उपचार किया: सीएम योगी

    सीएम योगी ने बिहार में कहा, "इनकी परंपरा बन गई है कैसे भारत में सनातन को अपमानित किया जाए। कैसे दंगे की आंच में बिहार को झोंका जाए। हमने तो यूपी माफिया का उपचार कर दिया है। माफिया आज वहां के जहन्नुम की यात्रा में जा चुका है।"

  • 12:42 PM (IST) Posted by Amar Deep

    6 बजे कर्फ्यू का माहौल हो जाता था: CM योगी

    2005 तक बिहार में 6 बजे के बाद कर्फ्यू का माहौल हो जाता था। कोई आईएएस, कोई आईपीएस, बिहार में कार्य करने को तैयार नहीं था। उस समय के मुख्यमंत्री के पीकदान को कौन अधिकारी लेकर ढोए। डीजीपी को मुंशी कहकर बुलाते थे, चीफ सेक्रेचरी को बाबू कहकर बुलाते थे। 

  • 12:24 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    बंटेंगे नहीं, कटेंगे भी नहीं- सीएम योगी

    सीएम योगी ने रैली में कहा- "बंटेंगे नहीं, कटेंगे भी नहीं, ना बंटेंगे और ना कटेंगे एकजुट रहेंगे तो सेफ भी रहेंगे, हम तो एनडीए को विजई बनाकर के बिहार को समृद्ध बनाएंगे"।

  • 12:23 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    NDA को पेट में दर्द हो रहा है- मुकेश सहनी

    VIP के संस्थापक और महागठबंधन की तरफ से बिहार के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, "राहुल गांधी मछुआरा समाज का कष्ट देखने के लिए गए थे। इससे NDA को पेट में दर्द हो रहा है। ये निषाद समाज का अपमान है। निषाद समाज का संघर्ष राहुल गांधी देखना चाह रहे हैं और उसपर कोई कटाक्ष कर रहा है तो ये निषाद समाज का अपमान है।"

  • 12:06 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    कांग्रेस ने कश्मीर को विवादित किया- सीएम योगी

    ये कश्मीर को विवादित किसने किया, ये कांग्रेस ने किया। आज कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त कराने का काम किया है मोदी जी और अमित शाह जी ने।

  • 11:45 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    इंडी गठबंधन के तीन बंदर- सीएम योगी

    बिहार के दरभंगा में सीएम योगी ने कहा- "आपने गांधी जी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा, आज इंडी गठबंधन के तीन और बंदर आ गए। पप्पू, टप्पू और अप्पू के नाम पर।"

  • 11:33 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    तेजस्वी यादव पर चिराग ने साधा निशाना

    तेजस्वी यादव पर चिराग पासवान ने कहा- ''मुंगेरी लाल के हसीन सपने' देखने में कोई बुराई नहीं है। 14 नवंबर को सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है।”

  • 11:32 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    पीएम की निर्णय लेने की क्षमता के बारे में सभी जानते हैं- चिराग

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा- "पीएम की निर्णय लेने की क्षमता के बारे में सभी जानते हैं। जहां सभी फैसले एक ही जगह से होते हैं, वहां महागठबंधन और कांग्रेस के लोगों को ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए। पीएम की निर्णय लेने की क्षमता और उनकी कार्यशैली ही है जिसके कारण पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं..."

  • 11:29 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    बिहार पूरे दिल से एनडीए के साथ- मनोज तिवारी

    बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा- "...प्रधानमंत्री मोदी जनता के हित में काम करते हैं. इसलिए जनता के बीच उनके प्रति प्यार और विश्वास का बंधन बढ़ता जा रहा है. पीएम मोदी ने एम्स भी बनवाया, आईआईएम भी लाए, एयरपोर्ट भी बनवाए...बिहार के विकास के लिए एनडीए ने बार-बार एनडीए को मौका दिया है...हम कहते हैं 'जय छठ मैया' और राहुल गांधी इसे ड्रामा कहते हैं...इसलिए बिहार पूरे दिल से एनडीए के साथ खड़ा है।"

  • 11:28 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    सम्राट चौधरी का तेजस्वी पर निशाना

    राजद नेता तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि वह 18 नवंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- "...बिहार की जनता इसका फैसला करेगी। लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस पर अत्याचार किया और उन्हें तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के लिए मजबूर किया, लेकिन बिहार की जनता तय करेगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा, और मुझे विश्वास है कि बिहार की जनता एनडीए का समर्थन करेगी..."

  • 10:59 AM (IST) Posted by Amar Deep

    NDA में सीएम का चेहरा नहीं दिख रहा: संजय यादव

    आरजेडी सांसद संजय यादव ने कहा, "संदेश साफ है कि 14 नवंबर के बाद एनडीए के सीएम का चेहरा कहीं भी सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा। सीएम ने क्या कहा कि एनडीए सरकार बनाएगी। लेकिन सीएम का नाम कहीं नहीं लिया गया। अब उनके अपने लोग ही ये कह रहे हैं। आपको पंक्तियों के बीच पढ़ने की भी ज़रूरत नहीं है। अब दीवार पर लिखी इबारत साफ़ है, महागठबंधन सरकार बनाने जा रहा है।"

  • 10:29 AM (IST) Posted by Amar Deep

    किसी प्रधानमंत्री की ऐसी भाषा नहीं देखी: तेजस्वी

    राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर कहा, "जिसकी जैसी सोच है उसकी वैसी भावना है... हमें इस पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है लेकिन प्रधानमंत्री की भाषा सुनिए। आज तक हमने किसी प्रधानमंत्री की ऐसी भाषा नहीं देखी है।"

  • 10:08 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार की जनता महागठबंधन का सूपड़ा साफ कर देगी: नित्यानंद राय

     

    केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव के बयान पर कहा, "वे 18 नवंबर को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने का सपना देख रहे हैं, लेकिन वो 18 नवंबर उनके लिए कभी आएगा ही नहीं क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत 6 नवंबर और 11 नवंबर को बिहार की जनता उनका सूपड़ा साफ कर देगी। बिहार की जनता चाहती है कि यहां विकास हो। बिहार की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है और बिहार के NDA के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विश्वास है।"

  • 9:47 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार में महागठबंधन का कोई भविष्य नहीं: राजीव रंजन

    JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, "यह तो साफ है कि जब से चुनाव को लेकर दोनों गठबंधनों के बीच जुबानी जंग शुरू हुई, जिसमें हम तो अपनी उपलब्धियों का बखान कर रहे थे और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी यह बता रहे थे लेकिन वहां(महागठबंधन में) कांग्रेस आखिरी दम तक तेजस्वी यादव के चेहरे पर सहमत नहीं थी। कुछ न कुछ ऐसा हुआ कि राजद ने कांग्रेस पर दबाव बनाने का प्रयास किया था। लंबे समय से तेजस्वी यादव की चाहत थी कि वे गठबंधन का चेहरा बन पाएं, वो परिस्थिति उन्होंने दबाव बनाकर हासिल करने में कामयाबी पाई। ये अलग बात है कि बिहार में महागठबंधन का कोई भविष्य नहीं है... जनता ने मन बना लिया है कि 2010 से बेहतर नतीजे NDA के पक्ष में होंगे और नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।"

  • 9:16 AM (IST) Posted by Amar Deep

    अस्तित्व, वर्तमान और भविष्य की चिंता करें तेजस्वी: BJP

    भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के बयान पर कहा, "बिहार के 14 करोड़ लोग तय करेंगे ना कि तेजस्वी यादव इसका फैसला लेंगे। जनतंत्र को समाप्त करने की जो उनकी (तेजस्वी यादव) तानाशाही योजना है ये बिहार में नहीं चलने वाली है। 18 तारीख को यदि कुछ होने वाला है तो आप पर अस्तित्ववादी संकट के बादल मंडराने वाले हैं। वे अपने अस्तित्व की, वर्तमान की और भविष्य की चिंता करें।"

  • 8:41 AM (IST) Posted by Amar Deep

    सीएम नीतीश कुमार की जनसभाएं

    भागलपुर में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनसभा। नीतीश कुमार मधेपुरा में जनसभा के बाद भागलपुर के गोपालपुर पहुंचेंगे। यहां जदयू प्रत्याशी बुलो मंडल के समर्थन में वोट देने की अपील करेंगे। इसके बाद सीएम नीतीश कहलगांव विधानसभा के मुक्तापुर में पहुंचेंगे। यहां सीएम जदयू प्रत्याशी शुभानन्द मुकेश के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे। इसके बाद सीएम नीतीश बांका के शंभूगंज और फिर सुल्तानगंज के करहरिया पहुचेंगे।

  • 8:10 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पार्टी से बड़ी होती है जनता: तेज प्रताप यादव

    तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, "हमारे छोटे और नादान भाई तेजस्वी ने आज महुआ में कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नेता नहीं होता है। लेकिन हम अपने छोटे भाई को यह कहना चाहेंगे कि पार्टी से बड़ी हमारी जनता मालिक होती है। लोकतंत्र में सबसे बड़ी केवल जनता होती है, कोई पार्टी या परिवार नहीं। महुआ मेरी राजनैतिक कर्मभूमि है, महुआ मेरे लिए पार्टी और परिवार से कहीं बढ़कर है। पार्टी केवल एक व्यवस्था है, लेकिन जनता हमारी मालिक है।"

  • 7:50 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    बिहार में सीएम योगी की जनसभाएं

    यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज दरभंगा के केवटी, मुजफ्फरपुर, सिवान के गरखा और पटना के दीघा में विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

     

  • 7:24 AM (IST) Posted by Amar Deep

    खरगे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज दोपहर 12 बजे पटना के राजा पाकर इलाके में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा शाम 4 बजे वह एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

     

  • 7:19 AM (IST) Posted by Amar Deep

    प्रियंका गांधी का चुनाव प्रचार

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज बिहार के सोनबरसा और लखीसराय में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगी। इसके अलावा वह रोसड़ा में एक रोड शो भी करेंगी।

  • 7:11 AM (IST) Posted by Amar Deep

    अखिलेश ने खेसारी लाल यादव के लिए किया प्रचार

    अखिलेश यादव ने रविवार को खेसारी लाल यादव के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "अबकी बारी अपना खेसारी! खेसारी को छपरा छप्पर फाड़कर वोट देगा।  खेसारी जीत के आयेगा, ख़ुशियों के गीत गायेगा।"

     

  • 7:02 AM (IST) Posted by Amar Deep

    6 नवंबर को पहले चरण का मतदान

    दो चरणों में बिहार का चुनाव होना है, जिसमें पहले चरण का मतदान 6 नवंबर, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। 

  • 7:01 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार तेज

    बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है।