A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज; पीएम आवास पर जेपी नड्डा-अमित शाह ने की बैठक

Bihar Election: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज; पीएम आवास पर जेपी नड्डा-अमित शाह ने की बैठक

बिहार में चुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं। यहां एनडीए को भारी बहुमत मिला है। इसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एनडीए का सरकार बनाना तय है। वहीं, तेज प्रताप ने सरकार के साथ आने के संकेत दिए है।

बिहार में NDA को मिला बहुमत।- India TV Hindi
Image Source : PTI बिहार में NDA को मिला बहुमत।

बिहार में दो चरणों के चुनाव के बाद अब शुक्रवार को मतगणना भी हो गई, जिसके बाद नतीजे सामने आ गए। बिहार में एनडीए को 202 सीटों पर जीत मिली है। इसमें बीजेपी 89 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं महागठबंधन 34 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। एनडीए गठबंधन ने अब तक सरकार बनाने का दावा नहीं पेश किया है। इससे पहले ही तेज प्रताप यादव की पार्टी के नेताओं ने सरकार के साथ आने के संकेत दिए हैं।

 

Live updates : Bihar Election

  • 11:12 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    अमित शाह और जेपी नड्डा ने 3.5 घंटे तक की बैठक

    दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ तकरीबन साढ़े तीन घंटे बैठक की। दोनों नेता देर रात पीएम आवास से रवाना हुए। बैठक में बिहार में सरकार गठन को लेकर चर्चा हुई। धर्मेन्द्र प्रधान ने सहयोगी दलों से बात कर बीजेपी आलाकमान को जानकारी दी। बिहार में नई सरकार गठन के लिए सोमवार का दिन अहम हो सकता है।
  • 10:49 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    प्रधानमंत्री आवास पर चल रही बैठक खत्म

    प्रधानमंत्री आवास पर चल रही बैठक खत्म। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह प्रधानमंत्री आवास से हुए रवाना। तकरीबन साढ़े तीन घंटे चली बैठक। बैठक में बिहार में सरकार गठन को लेकर हुई चर्चा।  धर्मेन्द्र प्रधान ने सहयोगी दलों से बात कर बीजेपी आलाकमान को जानकारी दी। (रिपोर्ट-देवेंद्र पराशर)

  • 9:26 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    बीजेपी ने सहयोगी दलों से बातचीत की

    बीजेपी ने बिहार में सरकार गठन को लेकर सभी सहयोगी दलों से बातचीत की है। इस दौरान मंत्रीमंडल के स्वरूप पर भी चर्चा हुई। वहीं, चिराग पासवान ने भी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सोमवार को सरकार बनाने की कवायद शुरू हो सकती है।
     
  • 8:54 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    हार पर क्या बोले मुकेश सहनी

    विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा, "10000 में क्या मिलता है? 10000 में बिहार सरकार मिलती है। चुनावों में या तो जीत होती है या हार। महागठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। एनडीए विजयी हुआ, और मैं एनडीए नेताओं को बधाई देता हूं। उन्हें जनादेश नहीं मिला है। वे पैसे के बल पर जीते हैं। उन्होंने महिलाओं को खुलेआम पैसे दिए और महिलाओं ने उन्हें वोट दिया। युवाओं ने हमारा समर्थन किया, लेकिन महिलाओं, जिनकी आबादी बहुत बड़ी है, ने एनडीए को वोट दिया। हम लोकतंत्र के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। अब सरकार को 'जीविका दीदी' से किया वादा पूरा करना होगा। यह सबका नुकसान है, ठीक वैसे ही जैसे अगर हम जीतते तो सबकी जीत होती।" लालू प्रसाद यादव के परिवार में दरार पर वे कहते हैं, "यह उनका पारिवारिक मामला है। अक्सर हार का दोष किसी एक व्यक्ति पर डाल दिया जाता है, जो सही नहीं है। हमें अपनी गलतियों से सीखने की जरूरत है।"

  • 7:49 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    20 नवंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण

    सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को हो सकता है। इस समारोह में पीएम मोदी के आने की भी संभावना है। भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो चुकी है। शपथ ग्रहण पटना के गांधी मैदान में होगा।

  • 6:16 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    सरकार गठन पर संजय झा का बयान

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के बाद संजय झा ने कहा कि सरकार गठन को लेकर बातचीत चल रही है। बहुत फास्ट पेस में बातचीत चल रही है और सरकार गठन को लेकर सारी चीज जल्द ही साफ हो जाएंगी। लालू परिवार में कलह पर उन्होंने कहा, "किसी के व्यक्तिगत मामलों पर हम टिप्पणी नहीं करते हैं, जो बातें सामने आ रही है वह बिल्कुल ठीक नहीं है।"

  • 5:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    बिहार में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज

    बिहार में एनडीए को मिली बंपर जीत के बाद सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है। बिहार भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सीएम नीतीश कुमार से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं।

  • 5:38 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    रोहिणी को पार्टी में शामिल कराएंगे तेज प्रताप

    रोहिणी आचार्य पर किए गए सवाल को लेकर तेज प्रताप ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि रोहिणी को हम अपनी पार्टी में मुख्य संरक्षक बनाएंगे। उनके सामने हाथ जोड़कर उनके पैर पड़कर हम अपनी पार्टी में लेंगे, क्योंकि लालू प्रसाद यादव की असली पार्टी जनशक्ति जनता दल ही है, राजद नहीं। जेजेडी के नेता ने कहा कि रोहिणी के एक-एक आंसुओं का हिसाब लिया जाएगा। बेटी लक्ष्मी होती हैं, उनके आशीर्वाद के बिना कुछ नहीं होगा।

  • 5:37 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    तेज प्रताप ने सरकार के साथ आने की संकेत दिए हैं

    तेज प्रताप यादव के घर पर मीटिंग में जनशक्ति जनता दल के नेताओं ने हिस्सा लिया। मीटिंग के बाद तेज प्रताप तो मीडिया के सामने नहीं आए, लेकिन उनकी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रेम कुमार यादव ने मीडिया से बात की। प्रेम कुमार यादव ने बताया कि तेज प्रताप ने फैसला लिया हैं कि बिहार के विकास के लिए जो भी उचित होगा वह करेंगे। नई सरकार में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार की भलाई, बिहार के विकास के लिए जो भी सही लगेगा उसे करने से तेज प्रताप नहीं हिचकेगे। ये फैसला मीटिंग में लिया गया है। वह सरकार में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

  • 5:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    निर्वाचन अधिकारी ने राज्यपाल को सौंपी नए विधायकों की सूची

    बिहार विधान सभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, विनोद सिंह गुंजियाल एवं भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविन्द आनंद ने राज्य पाल आरिफ मोहम्मद खां को नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। जल्द ही एनडीए गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है।

  • 5:00 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नीतीश कुमार को 20 साल के विकास कार्यों का इनाम मिला- बलियावी

    जेडीयू नेता गुलाम रसूल बलियावी ने कहा-बिहार चुनाव का रिजल्ट साफ संदेश देता है कि जनता ने नीतीश कुमार जी के 20 साल के विकास कार्यों का इनाम दिया है। नीतीश कुमार जी ने हुकूमत चाहे जिसके साथ चलाया हो कभी भेदभाव नहीं किया। जो सुविधा सबको मिली, वही मुसलमानों को भी मिली। बिहार को उनसे बेहतर मुख्यमंत्री न पहले मिला, न आज कोई दिख रहा है।

  • 4:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    पिता विकास जारी रखेंगे- निशांत कुमार

    बिहार चुनाव नतीजों पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमारने कहा, "एनडीए को इतनी बड़ी जीत दिलाने के लिए मैं बिहार की जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। हमारी सरकार बनने जा रही है। जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमें उम्मीदें थीं, लेकिन नतीजे उम्मीद से कहीं बेहतर रहे। सारा श्रेय जनता को जाता है। उन्होंने उन्हें (नीतीश कुमार को) उनके 20 साल के काम का इनाम दिया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरे पिता इस भरोसे को कायम रखेंगे और विकास की प्रक्रिया को जारी रखेंगे।"

  • 2:36 PM (IST) Posted by Amar Deep

    आज या कल तक तैयार हो जाएगा सरकार बनाने का खाका: चिराग पासवान

    बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री और लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, "यह जल्द ही हो जाएगा। चर्चा चल रही है। सरकार के खाके पर स्पष्टता आ जाएगी। मुझे लगता है कि आज रात तक, मैं वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी बात करूंगा, और आज या कल तक खाका तैयार हो जाएगा। हमें 22 नवंबर से पहले सरकार बनानी है। यह हो जाएगा।" वहीं रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर उन्होंने कहा, "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। हमारे राजनैतिक मतभेद जरूर हैं, लेकिन मैंने हमेशा लालू प्रसाद यादव के परिवार को अपना परिवार माना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि यह पारिवारिक विवाद जल्द से जल्द सुलझे। घर में एकता बनी रहती है तो इंसान बाहर कठिन परिस्थितियों से लड़ लेता है।"

  • 2:28 PM (IST) Posted by Amar Deep

    सीएम पद के लिए कोई पद खाली नहीं: आनंद मोहन

    बिहार चुनाव के नतीजों पर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा, "मैं शुरू से कह रहा हूं कि मुख्यमंत्री पद के लिए कोई जगह खाली नहीं है, क्योंकि नीतीश कुमार बिहार के सीएम हैं और उनके नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ रहा है।" लालू यादव के परिवार में दरार पर उन्होंने कहा, "जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरा मानना ​​है कि लालू यादव को आगे आकर पार्टी और परिवार को बचाने के लिए कदम उठाने चाहिए। यह समय आत्ममंथन करने, अपनी गलतियों को पहचानने और चुनावों में अपने खराब प्रदर्शन को समझने का है।"

  • 2:16 PM (IST) Posted by Amar Deep

    नई सरकार की औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी: उपेंद्र कुशवाहा

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "हमने जनता का आभार व्यक्त किया है, नई सरकार बनाने की औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी और 2-4 दिनों में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हमने बार-बार कहा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।" रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर उन्होंने कहा, "यह उनके परिवार का अंदरूनी मामला है, हम इस पर क्या टिप्पणी कर सकते हैं। किसी भी परिवार में ऐसा नहीं होना चाहिए, लेकिन यह उनका पारिवारिक मामला है।"

     

  • 2:08 PM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार का चुनाव लोकतंत्र पर हमला: अवधेश प्रसाद

    समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "बिहार का चुनाव लोकतंत्र पर हमला है। लोकतंत्र पैसे के बल पर खरीदा गया है। एक तरफ चुनाव आयोग चुनाव घोषित करता है और प्रदेश में आचार संहिता लागू होती है। महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपए की सौगात जाती है। यह चुनाव आयोग की आचार संहिता का उल्लंघन है। इस पर चुनाव आयोग ने कुछ नहीं कहा। यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।"

  • 1:58 PM (IST) Posted by Amar Deep

    हम कोई मंत्री पद नहीं मांग रहे: HAM नेता संतोष कुमार सुमन

    HAM नेता संतोष कुमार सुमन ने कहा, "हम कोई मंत्री पद नहीं मांग रहे हैं। हमारी कोई मांग नहीं है। हम इस सब में नहीं पड़ते। हम एक साथ बैठेंगे। इस मामले पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।" उन्होंने कहा, "यह एक संवैधानिक परंपरा है कि राज्यपाल को अंतिम सूची दी जाती है। शायद आज यह हो जाएगा। बैठक कल हो सकती है। यह निश्चित रूप से 22 नवंबर से पहले हो जाएगा। इसमें कोई शक नहीं है। अगर सीएम कल इस्तीफा देकर राज्यपाल के पास जाते हैं, तो नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विधायक दल की बैठक होगी, एक नेता चुना जाएगा और सीएम होगा। मुझे लगता है कि शायद यह 20-21 तक हो जाएगा। यह एक अटकल है, यह सटीक तारीख नहीं है लेकिन यह इन्हीं तारीखों के आसपास होगा।"

     

  • 1:52 PM (IST) Posted by Amar Deep

    21-22 को सीमांचल का दौरा करेंगे ओवैसी

    AIMIM नेता ओवैसी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सीमांचल के मेरे भाइयों और बहनों, आप का शुक्रिया अदा करने के लिए इंशाल्लाह मैं 21 और 22 नवंबर को मैं सीमांचल में रहूंगा। मैं सीमांचल की जनता का आभार व्यक्त करने आ रहा हूं। बिहार चुनाव में आपने अपने बहुमूल्य वोटों से मजलिस के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की। इसके लिए मैं तहे दिल से आपका आभारी हूं। आपकी दुआएं और आपका समर्थन ही मेरी असली ताकत है। इंशाअल्लाह, 21 और 22 नवंबर को मैं सीमांचल की धरती पर आपके बीच उपस्थित रहूंगा। आप सभी से मिलने का बेसब्री से इंतज़ार है।"

  • 1:48 PM (IST) Posted by Amar Deep

    विजय सिन्हा ने नीतीश कुमार से की मुलाकात

    विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा, "आज माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर बिहार में NDA की प्रचंड बहुमत से हुई ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की तथा अपनी जीत के लिए आभार और धन्यवाद प्रकट किया। इस दौरान राष्ट्रीय लोकमोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह माननीय राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा जी से भी मिलकर उनका भी आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। जय बिहार ! जय एनडीए!"

     

  • 1:14 PM (IST) Posted by Amar Deep

    उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश को दी बधाई

    उपेंद्र कुशवाहा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत पर आदरणीय नेता और बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई दी।"

     

  • 1:08 PM (IST) Posted by Amar Deep

    150 नामजद और 1000 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

    कैमूर जिले के रामगढ़ में मतगणना के दौरान हुए बवाल मामले में 150 नामजद और 1000 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बता दें कि मतगणना में देरी के आरोप पर भड़की भीड़ ने सड़क जाम कर पथराव और आगजनी की थी। पुलिस ने वीडियो फुटेज से पहचान कर 150 लोगों पर नामजद और 1000 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। घटना के दौरान करीब तीन घंटे तक हालात बेकाबू रहे थे। 

     

  • 12:56 PM (IST) Posted by Amar Deep

    रोहिणी आचार्य मामले पर बोले मनोज तिवारी

    आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से नाता तोड़ने के फैसले पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "ये ज़रूर दिख रहा है कि जो लोग पूरे बिहार को चलाने का सपना देख रहे थे, वो अपना परिवार भी नहीं चला पाए। रोहिणी आचार्य ने कहा कि सवाल पूछने पर घर से बाहर निकाल दिया जाना, मारपीट की जाना, कहीं न कहीं उस मानसिकता को दर्शाता है जिसके लिए पूरा शासन जंगलराज के लिए जाना जाता था।"

     

  • 12:50 PM (IST) Posted by Amar Deep

    तेजस्वी कल करेंगे समीक्षा बैठक

    सूत्रों के अनुसार दूसरी तरफ तेजस्वी यादव कल समीक्षा बैठक करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव कल अपने सरकारी आवास पर पार्टी को मिली हार की समीक्षा करेंगे। इस दौरान चुनाव में हारे हुए सभी उम्मीदवारों को तेजस्वी यादव बुलाकर उनसे मुलाकात करेंगे। परिवार में हो रही अंतर्कलह के बीच कल तेजस्वी यादव अपनी पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे। कल सुबह 11 बजे एक पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर तेजस्वी बैठक करेंगे। 

  • 12:44 PM (IST) Posted by Amar Deep

    एनडीए में बैठकों का दौर जारी

    सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को आज रविवार तक अपने क्षेत्र में वोटरों के प्रति आभार प्रकट करने, उन्हें धन्यवाद देने को कहा है। इसके बाद 17 और 18 नवंबर को सभी विधायक पटना पहुंचेंगे और उसके बाद विधायक दल की बैठक होगी।

  • 12:35 PM (IST) Posted by Amar Deep

    नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को दी जन्मदिन की बधाई

    नीतीश कुमार ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सम्राट चौधरी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।" 

  • 12:26 PM (IST) Posted by Amar Deep

    पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी: रोहिणी आचार्य ने किया एक और पोस्ट

    रोहिणी आचार्य ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी। करोड़ों रूपए लिए, टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी। सभी बेटी - बहन, जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा - भाई हो, तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं। अपने भाई , उस घर के बेटे को ही बोले कि वो अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे। सभी बहन - बेटियां अपना घर - परिवार देखें, अपने माता - पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे, अपना काम, अपना ससुराल देखें, सिर्फ अपने बारे में सोचें। मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनो बच्चों को नहीं देखा। किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली। अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वो कर दिया जिसे आज गंदा बता दिया गया। आप सब मेरे जैसी गलती, कभी ना करें, किसी घर रोहिणी जैसी बेटी ना हो।"

  • 12:21 PM (IST) Posted by Amar Deep

    रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर शशि थरूर का बयान

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने RJD नेता रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से नाता तोड़ने के फैसले पर कहा, "मैं वास्तव में इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। मेरे कारण बहुत सरल हैं- मैं बिहार में प्रचारक नहीं रहा। मैं वहां नहीं गया, मैंने जमीनी हकीकत नहीं देखी। मैं बस इतना कह सकता हूं कि चुनाव के बाद आत्मनिरीक्षण होना चाहिए। सभी को यह पता लगाना चाहिए कि क्या हुआ, क्या गलत हुआ, क्या मुद्दे थे और जब ऐसा होगा, तो कुछ निष्कर्ष निकल सकते हैं।"

  • 11:36 AM (IST) Posted by Amar Deep

    रोहिणी आचार्य ने किया भावुक पोस्ट

    रोहिणी आचार्य ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कल एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला , एक मां को जलील किया गया, गंदी गालियां दी गईं, मारने के लिए चप्पल उठाया गया, मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ इस वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पड़ी, कल एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए मां- बाप बहनों को छोड़ आई, मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया.. मुझे अनाथ बना दिया गया। आप सब मेरे रास्ते कभी ना चलें , किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी - बहन  पैदा ना  हो"

  • 11:26 AM (IST) Posted by Amar Deep

    ये आंसू लालू यादव को बहुत महंगे पड़ेंगे -JDU

    JDU नेता नीरज कुमार ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर कहा, "रोहिणी आचार्य एक बेटी हैं जिसने अपने पिता की जान बचाई, बेटी लक्ष्मी होती है, उसका अपमान करना हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं रहा है और लालू यादव और राबड़ी यादव इस पर चुप क्यों हैं? यह दूसरी घटना है, पहले ऐश्वर्या के साथ हुआ और अब रोहिणी के साथ... ये आंसू लालू यादव को बहुत महंगे पड़ेंगे, राजनीति के धृतराष्ट्र मत बनिए, बताइए कौन दोषी है, दोषी सामने आना चाहिए। यह उनका आंतरिक मामला है लेकिन चिंता का विषय है।"

  • 11:18 AM (IST) Posted by Amar Deep

    परिवार में दरार पैदा करना ठीक नहीं: दिलीप जायसवाल

    रोहिणी आचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल कहते हैं, "मैं टीवी पर रिपोर्ट देख रहा था- यह दुर्भाग्यपूर्ण है। एक व्यक्ति द्वारा पूरे परिवार में दरार पैदा करना ठीक नहीं है। जैसा रोहिणी आचार्य ने कहा है, उन्हें पीटा गया। जिस बेटी ने लालू जी की जान बचाने के लिए किडनी दान की, उसे अब घर से निकाला जा रहा है, यह दुखद है। मैं ज़्यादा टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन लालू जी और राबड़ी जी से यही कहूंगा कि अपने परिवार को टूटने से बचाइए। एक बाहरी व्यक्ति आपके परिवार को तोड़ रहा है- उसकी रक्षा कीजिए।"

  • 11:01 AM (IST) Posted by Amar Deep

    कब तक 10,000 रुपये दोगे? -अखिलेश यादव

    बिहार चुनाव के नतीजों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "चुनाव हमें जीत और हार से सबक सिखाते हैं। भाजपा कहने लगी है कि उन्हें महिलाओं से ज़्यादा वोट मिले। कब तक 10,000 रुपये दोगे? कब तक सम्मान की ज़िंदगी दोगे? उन्होंने (NDA) 202 सीटें जीतीं। हम इसे पचा नहीं पा रहे हैं। हमें इस मानक को पार करना होगा। बिहार की जीत उत्तर प्रदेश की जीत की बराबरी नहीं कर सकती। हम उत्तर प्रदेश के लिए तैयार हैं।"

  • 10:36 AM (IST) Posted by Amar Deep

    'पार्टी विरोधी गतिविधियां' क्या हैं? आर के सिंह

    बिहार भाजपा द्वारा अपने निलंबन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने कहा, "यह निर्दिष्ट नहीं किया गया है कि वह 'पार्टी विरोधी गतिविधियां' क्या हैं। उन्होंने मुझसे कारण बताओ नोटिस मांगा और मैंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को अपना इस्तीफा भेज दिया। उनके जवाब में, मैं बिहार भाजपा से पूछ रहा हूं कि वे किस 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' की बात कर रहे हैं। मैंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले या भ्रष्ट लोगों को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। क्या यह 'पार्टी विरोधी गतिविधि' है? यदि आप आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट देते हैं, तो आप पार्टी की छवि को कम कर रहे हैं। यह कभी भी पार्टी के हित में नहीं होगा। ऐसे लोगों को टिकट देना किसी के हित में नहीं है, न तो राष्ट्रीय हित में, न ही लोगों के हित में, यहां तक कि पार्टी के हित में भी नहीं। मेरा बयान पार्टी के हित में था। ऐसी जगह पर रहने का कोई फायदा नहीं है जहां लोग परेशान हैं अगर आप आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों से सवाल करते हैं।"

     

  • 10:18 AM (IST) Posted by Amar Deep

    उतार-चढ़ाव राजनीति का हिस्सा: जन सुराज प्रवक्ता

    जन सुराज के प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "कौन सी पार्टी लोगों को आकर्षित करने के लिए अपनी हैसियत का प्रदर्शन नहीं करती? हमें विश्वास था कि हम जो मुद्दे उठा रहे थे, वे सही थे। जनता हमारे साथ दिख रही थी। उतार-चढ़ाव राजनीति का हिस्सा हैं।"

     

  • 10:13 AM (IST) Posted by Amar Deep

    महिलाओं के खातों में रुपये भेजने पर जन सुराज ने उठाए सवाल

    जन सुराज के प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "प्रधानमंत्री ने खुद 'रेवड़ी' की आलोचना की और अब बिहार में क्या हुआ? वर्तमान में, बिहार का सार्वजनिक ऋण लगभग 4,06,000 करोड़ रुपये है। इसका दैनिक ब्याज 63 करोड़ रुपये है। हमारे पास जानकारी है, जो गलत भी हो सकती है, कि 21,000 करोड़ रुपये विश्व बैंक से किसी अन्य परियोजना के लिए आए थे। आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक एक घंटे पहले, 14,000 करोड़ रुपये निकाले गए और 1.25 करोड़ महिलाओं को 10-10,000 रुपये आवंटित किए गए। फिर सवाल उठता है: यह कितना नैतिक है? यह निश्चित रूप से संभव है कि सरकारें धन का दुरुपयोग करें और चुनाव के बाद स्पष्टीकरण दें। यह सिर्फ़ बिहार पर लागू नहीं होता। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और भाजपा शासित राज्यों में भी चुनाव होंगे। वे वादे करके फिर नकद राशि सौंप सकते हैं।"

  • 10:07 AM (IST) Posted by Amar Deep

    कांग्रेस का जमीनी संगठन लगभग ढह चुका है: जन सुराज प्रवक्ता

    जन सुराज के प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "अगर हम भाजपा की टीम-बी हैं, तो हम भाजपा की सहनशीलता की सराहना करते हैं। बिहार में हमने एनडीए के 4-5 मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के सबूतों और दस्तावेज़ों के साथ मुकदमा चलाया। हमारे आने से एक तीसरा विकल्प पैदा हुआ है, जो शायद अब तक मज़बूत नहीं था। लोगों ने सोचा होगा कि उन्हें राजद को सत्ता में नहीं आने देना चाहिए। इसलिए, उन्होंने उन लोगों को और मज़बूत किया जो उन्हें हरा सकते थे। कांग्रेस पार्टी की महत्वाकांक्षाएं उनकी चुनावी क्षमता से कहीं ज़्यादा हैं, और उन्हें एक बुनियादी बात समझ नहीं आती: बिना नींव के घर की पहली मंज़िल नहीं बनती। कांग्रेस का ज़मीनी संगठन लगभग ढह चुका है। बिहार में तो उनका वजूद ही नहीं था। राहुल गांधी चुनाव के दौरान आकर मोटरसाइकिल चला सकते हैं, या नहाने के लिए तालाब में कूद सकते हैं। यह सुर्खियां बटोर सकता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी मज़बूत नहीं है।"

     

  • 10:00 AM (IST) Posted by Amar Deep

    प्रशांत किशोर का आगे क्या प्लान है?

    प्रशांत किशोर का आगे क्या प्लान है? इस सवाल पर जन सुराज के प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "मुझे लगता है कि वो खुद इसका जवाब देंगे। उन्होंने बिहार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सार्वजनिक रूप से ज़ाहिर की है। नई पार्टियों के लिए पहले से स्थापित पार्टियों से मुकाबला करना आसान नहीं है। नतीजे अभी आए हैं। पार्टी इस पर विचार करेगी... हम सब हैरान हैं। पदयात्रा के दौरान भारी संख्या में लोग जुड़ते थे। हमें हैरानी है कि नतीजों में इसका असर नहीं दिखा। हमारे विषय प्रासंगिक थे। हमारे मुद्दे बाद में चुनावी मुद्दे बन गए।"

     

  • 9:54 AM (IST) Posted by Amar Deep

    क्या बिहार में शराबबंदी हटाने का जन सुराज का वादा हार का कारण था?

    क्या बिहार में शराबबंदी हटाने का जन सुराज का वादा हार का कारण था? सवाल पर पार्टी प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "अगर बिहार में शराबबंदी लागू होती, तो उसे हटाना ही मुद्दा होता। हर गली-मोहल्ले में शराब बिक रही है। इसे घर-घर पहुंचाया जा रहा है। इसे ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। लोग इसका सेवन कर रहे हैं और इसके लिए ज़्यादा पैसे दे रहे हैं। क्या इसका असर उन महिलाओं पर नहीं पड़ेगा जिन्हें अपना घर चलाना पड़ता है? अति पिछड़े वर्ग के लोग शराबबंदी कानून के तहत जेल में बंद हैं, जिनके पास ज़मानत भरने के भी पैसे नहीं हैं। हमारी हार का कारण नीतीश जी द्वारा महिलाओं के लिए किया गया काम और आखिरी समय में 10,000 रुपये का हस्तांतरण था।"

  • 9:44 AM (IST) Posted by Amar Deep

    नीतीश कुमार इन चुनावों के 'एक्स' फ़ैक्टर थे: जन सुराज के प्रवक्ता पवन वर्मा

    जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा, "नीतीश कुमार इन चुनावों के 'एक्स' फ़ैक्टर थे। लोगों ने मान लिया था कि नीतीश कुमार का दौर ख़त्म हो गया है। नीतीश कुमार पिछले 20 सालों से मुख्यमंत्री हैं। लालू के जंगल राज के बाद नीतीश जी का सबसे बड़ा योगदान क़ानून-व्यवस्था बहाल करना था। उनका अपना व्यक्तित्व है: वंशवाद की राजनीति नहीं, व्यक्तिगत ईमानदारी, उन्हें 'सुशासन बाबू' कहा जाता था, और वे इस देश के समाजवादी आंदोलन की सबसे परिष्कृत उपज हैं। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि वे भविष्य के प्रधानमंत्री हो सकते थे। बिहार की महिलाओं को उन पर पूरा भरोसा है।"

     

  • 9:39 AM (IST) Posted by Amar Deep

    वाकई निराशाजनक परिणाम: कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह

    कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "यह वाकई निराशाजनक परिणाम है। इस पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की ज़रूरत है। मुझे लगता है कि पार्टी इसका गंभीरता से विश्लेषण करेगी और भविष्य में सुधारात्मक कदम उठाएगी।"

  • 9:24 AM (IST) Posted by Amar Deep

    योगेश्वर नाथ धाम में चिराग पासवान ने पूजा-अर्चना की

    केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने खगौल स्थित बाबा योगेश्वर नाथ धाम में पूजा-अर्चना की। बिहार विधानसभा चुनाव में कल NDA को भारी जीत मिली, जिसमें LJP(रामविलास) को 19 सीटें मिलीं।

  • 9:08 AM (IST) Posted by Amar Deep

    लालू यादव के परिवार का आपसी मामला: दिलीप जायसवाल

    बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर कहा, "यह लालू यादव के परिवार का आपसी मामला है। मैं यह अनुरोध करूंगा कि परिवार बिखरना नहीं चाहिए। किसी व्यक्ति के कारण यदि परिवार बिखर रहा है तो यह उचित नहीं है। लालू यादव और राबड़ी देवी को इस परिवार को बचाने की आवश्यकता है। यह एक पारिवारिक मामला है इसलिए इस पर बहुत ज्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं है।"

  • 8:58 AM (IST) Posted by Amar Deep

    RJD बिखरता जा रहा है: राजीव प्रताप रूडी

    भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर कहा, "यह उनका पारिवारिक मामला है। हो सकता है कि उन्हें किसी प्रकार की निराशा हो। मुझे लगता है कि RJD बिखरता जा रहा है और संकेत अच्छे नहीं है।

     

  • 8:51 AM (IST) Posted by Amar Deep

    नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे: उपेंद्र कुशवाहा

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने NDA की जीत पर कहा, "मैं शानदार जीत के लिए बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूं। सभी लोगों ने NDA का समर्थन किया है। यह डबल इंजन की सरकार के विकास की जीत है। हमने NDA के संकल्प पत्र के माध्यम से बिहार की जनता से जो वादा किया है या अबतक जो विकास का काम हुआ है या हो रहा है, उसको और तेज गति से आगे बढ़ाएंगे। नौजवानों को रोजगार देंगे। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।"

  • 8:22 AM (IST) Posted by Amar Deep

    हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत: चिराग पासवान

    केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, "चुनाव के समय प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं आगे आकर चुनाव का नेतृत्व किया। मुझे लगता है कि हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत रही है। हम सभी ने एक दूसरे का साथ दिया और हम एक लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहे। महागठबंधन और RJD बिहार में समाप्त हो गई है। बिहार की जनता ने पूरी तरह से जातिवाद और सांप्रदायिकता फैलाने वाली सोच को खत्म कर दिया है।"

  • 7:19 AM (IST) Posted by Amar Deep

    नीतीश कुमार के सुशासन की जीत: केशव प्रसाद मौर्य

    यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "बिहार की जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन की जीत है। उन पर लोगों का भरोसा है। यह NDA की एकजुटता की जीत है। हमने बिहार जीता है, आगे उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तमिल नाडु जीतेंगे।"

  • 7:08 AM (IST) Posted by Amar Deep

    प्रियंका चतुर्वेदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई

    शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों पर कहा, "मैं नीतीश कुमार को बधाई देती हूं कि उन्होंने विरोधी लहर को हराकर एक बार फिर चुनाव जीता है। अब बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा और कौन नहीं बनेगा यह NDA गठबंधन का फैसला होगा। बिहार की जनता से बहुत सारे वादे किए गए हैं और बिहार की जनता ने भरोसा दिखाते हुए एक बार फिर इन्हें चुना है। हमें उम्मीद है कि महाराष्ट्र की तरह बिहार में वोटरों के साथ धोखा नहीं होगा।"

  • 6:58 AM (IST) Posted by Amar Deep

    सारा देश PM मोदी की विकास यात्रा का हिस्सा बना: जितेंद्र सिंह

    केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम पर कहा, "सारा देश प्रधानमंत्री मोदी की विकास यात्रा का हिस्सा बना है। सारा देश उनकी उंगली पकड़कर अपने सामर्थ और अपनी प्रतिभा के योगदान से विकसित भारत के लक्ष्य को पाने के लिए समर्पित है।"

  • 6:50 AM (IST) Posted by Amar Deep

    आप 10 हजार कब तक देंगे?: अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों पर कहा, "चुनाव में हार-जीत से सीख मिलती है। भाजपा ने कहना शुरू कर दिया है कि उन्हें महिलाओं का वोट ज्यादा मिला है। आप 10 हजार कब तक देंगे? आप सम्मान का जीवन कब देंगे? ये 202 सीट जीते हैं। यह हमें हजम नहीं हो रहा है। बिहार की जीत उत्तर प्रदेश की जीत की बराबरी नहीं कर सकती है। उत्तर प्रदेश के लिए हम तैयार हैं।"

     

  • 6:45 AM (IST) Posted by Amar Deep

    हर उम्मीदवार और चिराग ने बहुत मेहनत की: चिराग पासवान की मां

    बिहार चुनाव 2025 में NDA की जीत और LJP(RV) के प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री और पार्टी प्रमुख चिराग पासवान की मां रीना पासवान ने कहा, "इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है? हम सभी खुश हैं।" उन्होंने कहा, "हम NDA की जीत से बहुत खुश हैं और यह होना ही था। हर उम्मीदवार और चिराग ने इसके लिए बहुत मेहनत की। मेरा आशीर्वाद मेरे बेटे के साथ है।"

  • 6:45 AM (IST) Posted by Amar Deep

    लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने छोड़ी राजनीति

    RJD नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्वीट किया, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही करने को कहा था। मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।"

  • 6:41 AM (IST) Posted by Amar Deep

    भारत के लोग सेवक चाहते हैं युवराज नहीं : विजय कुमार सिन्हा

    लखीसराय सीट से विजयी भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "राहुल गांधी शुरू से संविधान में विश्वास नहीं रखते हैं। राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर चलते हैं लेकिन उन्हें भारत के संविधान में विश्वास नहीं है। ये समझ ही नहीं पा रहे हैं कि भारत के लोग सेवक चाहते हैं युवराज नहीं चाहते हैं। इनकी अपने माता-पिता के नाम से ही पहचान है। हम लोगों का उत्साह देख रहे थे कि वास्तव में यह रिकॉर्ड टूटेगा।"