Bihar Election LIVE: बीजेपी ने राहुल गांधी के खिलाफ की शिकायत, मोकामा में जन सुराज समर्थक की हत्या
बिहार में आज एनडीए का साझा घोषणा पत्र जारी होगा। वहीं महागठबंधन की ओर से आज राहुल गांधी और तेजस्वी यादव रैलियां करेंगे तो पीएम मोदी और अमित शाह भी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव जोर पकड़ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत सभी पार्टियों के बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया। पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर में कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने भी महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इस बीच मोकामा में दो पार्टियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसमें जन सुराज पार्टी के समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Live updates : Bihar Election LIVE Update
-
October 30, 2025 8:49 PM (IST) Posted by Malaika Imam
जन सुराज कार्यकर्ता की हत्या पर बोले PK
मोकामा में एक जन सुराज कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या पर पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "हमारी पार्टी की एक टीम घटनास्थल पर गई है। जैसे ही हमें कुछ विवरण मिलेंगे, हम आपको बताएंगे।"
-
October 30, 2025 7:15 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राहुल गांधी पर शिकायत को लेकर पवन खेड़ा का पलटवार
राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में भाजपा की शिकायत पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "जरा सोचिए कोई पार्टी कितनी मुद्दाविहीन हो सकती है। उनके पास बिहार चुनाव के लिए न कोई एजेंडा है, न कोई रिपोर्ट कार्ड, न कोई विजन, फिर भी वो इसे मुद्दा बना रहे हैं। जिस पार्टी का प्रधानमंत्री 'मुजरा' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता हो, उसे 'डांस' जैसे शब्दों पर आपत्ति जताने की हिम्मत कैसे हुई। इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है? उन्हें शिकायत करने दीजिए।"
-
October 30, 2025 6:59 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दो गुटों की झड़प में जन सुराज कार्यकर्ता की हत्या
मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में जन सुराज कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाढ़-2 के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा, "पुलिस को सूचना मिली थी कि दो पार्टियों के काफिले एक-दूसरे के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी एक पक्ष ने किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष पर गोलीबारी की और उन्हें कुचलने की भी कोशिश की। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफएसएल को सूचित कर दिया गया है। यहां उचित जांच की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
-
October 30, 2025 5:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। भाजपा की बिहार इकाई ने राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष लोकसभा नेता राहुल गांधी के खिलाफ "आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए एक सार्वजनिक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक, व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणी करने" के लिए शिकायत दर्ज कराई है।
-
October 30, 2025 5:08 PM (IST) Posted by Shakti Singh
जनसुराज समर्थक की गोली मारकर हत्या
बिहार के मोकामा में जनसुराज पार्टी के समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना घोसवरी की है। मोकामा पहले भी बाहुबलियों का गढ़ रहा है।
-
October 30, 2025 4:59 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राम मंदिर बना, अब सीता मंदिर बनेगा: अमित शाह
पालीगंज में चुनावी रैली के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "550 वर्षों तक मुगलों, अंग्रेजों, कांग्रेस, लालू यादव द्वारा राम मंदिर निर्माण में बाधा डाली गई। लेकिन पीएम मोदी ने 2019 में मंदिर का भूमि पूजन किया और 2024 में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की। अब सीतामढ़ी में 850 करोड़ रुपये की लागत से सीता मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जिसका राहुल गांधी और लालू यादव की पार्टियां विरोध कर रही हैं।"
-
October 30, 2025 4:07 PM (IST) Posted by Shakti Singh
हर घुसपैठिये को वापस भेजेंगे- अमित शाह
नालंदा के हिलसा में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "राहुल बाबा हाल ही में यहां आए थे। 3 महीने पहले उन्होंने 'घुसपैठिया बचाओ यात्रा' निकाली थी। आप एनडीए सरकार चुनें, हम बिहार भर से हर घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। ये घुसपैठिए राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। आप जितनी चाहें उतनी 'घुसपैठिया बचाओ यात्रा' निकाल सकते हैं, पीएम मोदी हर घुसपैठिए को वापस भेज देंगे जहां से वे आए थे।"
-
October 30, 2025 3:00 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
दरभंगा में तेजस्वी यादव की रैली
दरभंगा के गौराबराम में तेजस्वी यादव ने रैली की। रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि आप सब लोग जानते हैं कि अफजल को हमनें आगे बढ़ाने का काम किया। पिछली बार हमने उसको बुलाकर टिकट दिया, दरभंगा का प्रधान महासचिव भी बनाने का काम हमने किया। आप छोड़ो अफजल की जिम्मेदारी तेजस्वी की है, मान सम्मान देना हमको आता है। इस बार भी अफजल को हमने बुलाकर टिकट दिया लेकिन गठबंधन धर्म निभाने की भी हमारी जिम्मेदारी है। हम अपने भाइयों का ख्याल रखेंगे, अफजल जी को, बात होती है उनसे। उनको मान सम्मान दिलाने का काम हम लोग करेंगे। आप सब लोग एकजुट रहिए। वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी के भाई संतोष सहनी को वोट देकर विजय बनाने का काम कीजिए।
-
October 30, 2025 2:10 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
राघोपुर में बेटे तेजस्वी के प्रचार में पहुंची राबड़ी देवी
राघोपुर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव लड़ रहे हैं। बेटे के चुनाव प्रचार के लिए तेजस्वी की मां राबड़ी देवी पहुंची और लोगों से आरजेडी को वोट देने की अपील की।
-
October 30, 2025 1:50 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहार को गाली देते रहते हैं। तमिलनाडु में डीएमके के लोग बिहार के मेहनतकश लोगों को प्रताड़ित करते हैं।
इतना सब कुछ हो रहा है और बिहार में आरजेडी को सांप सूंघ जाता है। लालटेन वाले, पंजे वाले या उनके इंडी गठबंधन के साथी ये लोग कैसे बिहार और बिहारियों का अपमान करते हैं। कांग्रेस के पंजाब के एक मुख्यमंत्री थे, उन्होंने एक रैली में खुला ऐलान किया कि बिहार के लोगों को वो अपने राज्य पंजाब में घुसने नहीं देंगे। उस समय मंच पर गांधी परिवार की एक बेटी, जो आजकल पार्लियामेंट में बैठती हैं, वो इस पर खुश होकर तालियां बजा रही थीं। -
October 30, 2025 1:47 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
राहुल गांधी ने छठी मैया का अपमान कियाः अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के लखीसराय में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। उन्होंने उन पर छठ पूजा के जश्न को कथित तौर पर "ड्रामा" कहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 'छठी मैया' का अपमान करने का आरोप लगाया। एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए, अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की बातों से छठ के त्योहार से जुड़ी गहरी आस्था की समझ की कमी दिखती है, जिसका देश भर में लाखों लोगों के लिए बहुत आध्यात्मिक महत्व है। शाह ने कहा, "कल राहुल बाबा आए और उन्होंने PM मोदी की बेइज्ज़ती करने के लिए कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया। लेकिन PM मोदी की बेइज्ज़ती करके उन्होंने छठी मैया की भी बेइज्ज़ती की। उन्होंने कहा कि जो लोग छठ पूजा मनाते हैं, वे ड्रामा करते हैं। राहुल बाबा, आप छठी मैया का महत्व और आस्था नहीं समझेंगे। न ही आपकी मां समझेगी। आप PM मोदी के खिलाफ़ गाली-गलौज करते हैं। ज़रा इतिहास देख लीजिए।
-
October 30, 2025 1:45 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
पीएम मोदी ने युवाओं को दी गारंटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छपरा में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं बहुत खुशकिस्मत महसूस कर रहा हूं क्योंकि मेरी माताएं और बहनें बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आई हैं। मैं बिहार के युवाओं को गारंटी देता हूं: आपका सपना ही मेरा संकल्प है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार और मैं आपके सपनों को पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। आपके सपनों को पूरा करने के लिए NDA उम्मीदवारों का चुनाव जीतना बहुत ज़रूरी है..."।
-
October 30, 2025 1:10 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
बृज भूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
पटनाः भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि "भाजपा और नीतीश कुमार के गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।" लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा, "जिस खानदान के 3 लोग प्रधानमंत्री रह चुके हों, वो व्यक्ति अगर प्रधानमंत्री के पद की मर्यादा को नहीं जानता है, तो इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता है। इसलिए राहुल गांधी की बात को कोई गंभीरता से नहीं लेता है..."
-
October 30, 2025 12:47 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
देश नक्सलवाद मुक्त हो रहा हैः शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के शासन में देश नक्सलवाद मुक्त हो रहा है, आतंकवाद से मुक्त हो चुका है और भ्रष्टाचार से भी मुक्त हो चुका है...2005 के पहले, पूरा बिहार जंगलराज की चपेट में था। सारे उद्योग, व्यापार, ट्रेडिंग बंद हो गए थे, बस एक ही धंधा चल रहा था अपहरण और फिरौती का...आपने नीतीश बाबू के हाथ में बिहार का शासन दिया, नीतीश बाबू ने जंगलराज को समाप्त कर दिया और बिहार में नए विकास की शुरुआत की...इस बार फिर NDA की सरकार बनाइए, जो नींव मोदी जी और नीतीश जी ने डाली है, उस नींव पर हमारी सरकार बड़ी इमारत खड़ी करने का काम करेगी…"
-
October 30, 2025 12:45 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
बिहार को विकसित बनाने के लिए करें वोटः अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखीसराय में कहा कि 6 नवंबर को मतदान है, आप सभी को कमल और तीर के निशान पर बटन दबाना है लेकिन आप ऐसा सोच कर बटन मत दबाना कि आपके वोट से कोई विधायक या मंत्री बनेगा बल्कि आप ये सोच कर वोट दीजिएगा कि आपका एक-एक वोट नीतीश जी और मोदी जी के नेतृत्व में बिहार को विकसित बनाने के लिए है। आपका एक एक वोट जंगलराज को रोकने के लिए है…"
-
October 30, 2025 11:43 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
आरजेडी-कांग्रेस की पहचान 5 चीजों से हैः मोदी
मुजफ्फरपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरजेडी-कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकती, इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर एकछत्र राज किया है, लेकिन इन्होंने आपको सिर्फ विश्वासघात दिया है। आरजेडी-कांग्रेस की पहचान 5 चीजों से है- क्या किया है आरजेडी- कांग्रेस वालों ने, क्या किया है जंगलराज वालों ने। मैं 5 शब्दों में उनके कारनामों की कथा कहना चाहता हूं- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन
-
October 30, 2025 11:41 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
छठ मैया का अपमान नहीं सहेगा बिहारः मोदी
मुजफ्फरपुर में PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है क्या?
क्या ऐसा अपमान बिहार सहन करेगा क्या? हिंदुस्तान सहन करेगा क्या? क्या मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन करेंगी क्या? आरजेडी-कांग्रेस के लोग कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं। उनके लिए तो छठी मैया की पूजा एक ड्रामा है, नौटंकी है, ऐसे लोगों को सजा दोगों की नहीं दोगे?जो माताएं बहनें निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं, वो आरजेडी -कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं। क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी क्या? जो हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैया में आस्था रखता है। छठ पूजा के इस अपमान का बिहार चुनाव नहीं, आने वाले सैंकड़ों साल तक भूलने वाला नहीं है। सैंकड़ों साल तक इस अपमान को छठी मैया की पूजा करने वाला कोई नहीं भूलेगा। ये हमारा बिहार तो स्वाभिमान की धरती है, जिन लोगों ने छठ पूजा को गाली देने का काम किया है, बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।
-
October 30, 2025 11:39 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
आरजेडी-कांग्रेस पर छठ मैया का अपमान करने का आरोप
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आपने देखा है कि आपका ये बेटा तो छठी मईया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और RJD के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मईया का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं?
-
October 30, 2025 11:37 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
छठ महापर्व बिहार और देश का गौरवः मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि छठ महापर्व के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है। देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है। हम छठ के गीत सुनते हैं, तो भाव-विभोर हो उठते हैं। छठी मईया की पूजा में मां की भक्ति है। छठी मईया की पूजा में समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठी मईया की पूजा हमारी साझी विरासत का उत्सव भी है। इसलिए हमारी सरकार का प्रयास है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे।
-
October 30, 2025 11:27 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
मुजफ्फरपुर के लोगों की बोली लीची की तरह मीठीः मोदी
मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'यहां की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी है बोली भी है'... मैं देख सकता हूं कि यहां बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं इकट्ठा हुए हैं... 'फिर एक बार NDA सरकार'..."
-
October 30, 2025 10:29 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
तीन जिलों में नीतीश कुमार की रैली
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा में आज चुनावी सभा करेंगे। नीतीश PM मोदी के साथ सभा में नहीं रहेंगे।
-
October 30, 2025 10:25 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहींः केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। हमारी सरकार ने जिस तरह का विकास किया है, विपक्ष हमसे बैठकर बात कर सकता है, वे किसी भी मंच पर बात कर सकते हैं...हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में जो विकास कार्य किया है, उससे विपक्ष डरा हुआ है...उनमें से कुछ मुख्यमंत्री बनने के लिए उत्सुक हैं, कुछ उपमुख्यमंत्री बनने के लिए उत्सुक हैं। बिहार के विकास की किसी को चिंता नहीं है, इसलिए बिहार के लोगों का मानना है कि अगर किसी ने बिहार का विकास किया है, तो वह NDA सरकार है...बिहार के लोग एक मजबूत NDA सरकार बनाएंगे..."
-
October 30, 2025 10:14 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
थोड़ी देर में अमित शाह करेंगे प्रेस कांफ्रेंस
केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह थोड़ी देर में पटना में राष्ट्रीय एकता दिवस पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
-
October 30, 2025 10:03 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
जयचंदो एवं बहुरूपियों से सावधान रहिए: तेज प्रताप यादव
बुधवार को तेज प्रताप यादव ने कहा की जयचंदो एवं बहुरूपियों से सावधान रहिए। कोई भी लोग प्रलोभन में नही पड़े। उक्त बातें बुधवार को जनशक्ति जनता दल सुप्रीमो व लालू के बड़े लाल तेज प्रताप ने मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र के धमौन गांव स्थित उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि आज संपूर्ण बिहार हिंसा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बेकारी से त्रस्त है और जयचंद जश्ने इलाही में जुट सामाजिक न्याय की धारा को कमजोर कर रहे हैं।
-
October 30, 2025 8:46 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
सुबह 10 बजे जारी होगा एनडीए का घोषणा पत्र
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वह एनडीए का घोषण पत्र जारी करेंगे।
-
October 30, 2025 8:44 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह दिनारा में रैली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और यूपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह दिनारा में जनसभा करेंगे। NDA गठबंधन के सहयोगी (राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी) के दिनारा विधानसभा प्रत्याशी आलोक सिंह के समर्थन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह आज जनसभा करेंगे। जनसभा दिनारा के बलदेव हाई स्कूल मैदान में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा।
-
October 30, 2025 8:37 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
मोहम्मद का बेटा भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बन सकता हैः ओवैसी
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने किशनगंज में कहा कि तेजस्वी यादव के बगल में बैठे, VIP पार्टी के मुकेश भाई, जिन्हें अपने समुदाय के इतिहास पर पूरा भरोसा है, उन्होंने घोषणा की कि मल्ला समुदाय तेजस्वी के साथ है। मल्ला समुदाय बिहार की आबादी का 3% है। उन्होंने घोषणा की कि अगर उन्हें सत्ता मिली, तो वे उप-मुख्यमंत्री बनेंगे... अगर एक मल्ला का बेटा उप-मुख्यमंत्री बनेगा, तो बिहार का 17% अल्पसंख्यक समुदाय क्या करेगा? क्या वे सिर्फ़ दरी बिछाने के लिए हैं... अगर एक मल्ला का बेटा उप-मुख्यमंत्री बन सकता है, तो मोहम्मद का बेटा भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बन सकता है... हमें अपने लक्ष्य हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता..."
-
October 30, 2025 7:41 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव करेंगे कई रैलियां
राहुल गांधी नालंदा और शेखपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे, तो तेजस्वी यादव ताबड़तोड़ प्रचार करेंगे। वह 10 चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। तेजस्वी यादव आज मधेपुरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में जनसभाएं करेंगे।
-
October 30, 2025 7:39 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
अमित शाह की आज तीन रैलियां
गृहमंत्री अमित शाह भी आज फिर बिहार के चुनावी रण में उतरेंगे। वह लखीसराय, मुंगेर, नालंदा और पटना में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
-
October 30, 2025 7:39 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
पीएम मोदी की आज दो रैलियां
बिहार के चुनावी दंगल में आज दूसरी बार पीएम मोदी उतरेंगे। मुजफ्फरपुर और छपरा में पीएम मोदी रैलियों को संबोधित करेंगे। सुबह 11 बजे मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में पीएम की जनसभा होगी। दोपहर पौने एक बजे छपरा के एयरपोर्ट ग्राउंड पर रैली होगी।
-
October 30, 2025 7:37 AM (IST) Posted by Mangala Yadav
NDA का साझा घोषणापत्र आज जारी होगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना में NDA का साझा घोषणापत्र जारी करेंगे। इस दौरान एनडीए में शामिल सभी दलों के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। फ्री बिजली, महिलाओं को आर्थिक मदद और युवाओं को लेकर कई चुनावी घोषणाएं हो सकती है।