Parihar Assembly Election 2025 : परिहार विधानसभा सीट सीतामढ़ी जिले के अंतर्गत आती है। वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बाद यह विधानसभा सीट अस्तित्व में आई थी। परिहार विधानसभा सीट पर जब से अस्तित्व में आई है तब से इस पर बीजेपी का ही कब्जा रहा है। वर्तमान में इस विधानसभा सीट से बीजेपी की गायत्री देवी विधायक हैं। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
सियासी समीकरण
परिहार विधानसभा क्षेत्र में परिहार और सोनबरसा ब्लॉक के कुछ ग्राम पंचायत जैसे-सोनबरसा, पुरंदाहा राजवाड़ा पूर्वी और पश्चिमी, इंदरवा, पिपरा परसैन, जयनगर, मधिया, सिंहवाहिनी, भलुआहा, विष्णुपुर आधार और दोस्तिया शामिल हैं। 2020 में इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,17,508 रजिस्टर्ड वोटर थे, जिनमें से 71,856 अनुसूचित जाति (22.63%), 2,894 अनुसूचित जनजाति (0.91%) और 79,694 मुस्लिम वोटर (25.10%) थे। 2024 लोकसभा चुनावों तक यह संख्या बढ़कर 3,31,669 हो गई। बीजेपी का गढ़ माने जाने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में 2024 के लोकसभा चुनाव ने कुछ बदलाव का संकेत दिया है। क्योंकि इस विधानसभा क्षेत्र में आरजेडी के उम्मीदवार अर्जुन राय ने जेडीयू के उम्मीदवार देवेश चंद्र ठाकुर पर करीब साढ़े पांच हजार वोटों की बढ़त बना ली थी। इस संकेत से आरजेडी के खेमे में काफी उत्साह है।
2020 विधानसभा चुनाव
2020 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बीजेपी उम्मीदवार गायत्री देवी ने राष्ट्रीय जनता दल उम्मीदवार रितु कुमार को 1.569 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी। गायत्री देवी को कुल 73,420 वोट मिले थे जबकि रितु कुमार को 71,851 वोट प्राप्त हुए थे।
2015 विधानसभा चुनाव
2015 के विधानसभा चुनाव में इस विधानसभा सीट से बीजेपी की गायत्री देवी ने राष्ट्रीय जनता दल के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे को 4.017 वोटों से शिकस्त दी थी। गायत्री देवी को कुल 66,388 वोट मिले थे जबकि रामचंद्र पूर्वे को कुल 62,371 वोट प्राप्त हुए थे।
2010 विधानसभा चुनाव
2010 के विधानसभा चुनाव में परिहार विधानसभा सीट से बीजेपी के राम नरेश प्रसाद यादव ने जीत हासिल की थी। राम नरेश प्रसाद यादव को कुल 32,987 वोट मिले थे जबकि राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे को कुल 28,769 वोट प्राप्त हुए थे। बीजेपी के राम नरेश प्रसाद यादव 4,218 वोटों से चुनाव जीतने में कामयाब रहे।