Riga Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा में अब कुछ दिन ही बाकी रह गए हैं। सभी सियासी दल अपनी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में सीतामढ़ी जिले के रीगा विधानसभा सीट पर सियासी सरगर्मी जोर पकड़ने लगी है। राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों में रीगा की सीट भी अहम मानी जाती है। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
जातीय समीकरण क्या है?
इस विधानसभा क्षेत्र में राजपूत, यादव और ब्राह्मणों की संख्या सबसे ज्यादा है। इन जातियों के अलावा कोइरी वोटर भी निर्णयाक भूमिका निभाते हैं। जातीय समीकरण के आधार पर एनडीए खासतौर से बीजेपी को यहां बढ़त मिलती रही है। हाल में रीगा चीनी मिल दोबारा चालू हुई है इससे बीजेपी को राजनितिक लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय जनता में रीगा चीनी मिल चालू होने का सकारात्मक असर देखा जा रहा है।
मुख्य मुद्दे क्या हैं?
रीगा विधानसभा सीट 2010 में अस्तित्व में आई और तभी से राजनीतिक चर्चाओं में रही है। बिजली के साथ ही महिलाओं की शिक्षा और किसानों के मुद्दे अहम रहे हैं। यहां मुस्लिम समुदाय की आबादी 15.3% (47,835 मतदाता) है जबकि अनुसूचित जाति के मतदाता 14.07% (43,990) हैं. शहरी मतदाता केवल 9.3% (29,076) हैं, जिससे यह क्षेत्र पूरी तरह ग्रामीण माना जाता है। इस विधानसभा सीट से जब-जब बीजेपी और जेडीयू साथ मिलकर चुनाव लड़े, तब-तब इस गठबंधन को बड़ा जनसमर्थन मिला।
2020 विधानसभा चुनाव
2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मोतीलाल प्रसाद ने कांग्रेस के अमित कुमार को हराकर इस सीट से जीत हासिल की थी। मोतीलाल प्रसाद को कुल 95,226 वोट मिले जबकि कांग्रेस के अमित कुमार टुन्ना को 62,731 वोट मिले थे। मोतीलाल प्रसाद ने 32,495 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
2015 विधानसभा चुनाव
2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अमित कुमार ने इस सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में जेडीयू ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ दिया था और महागठबंधन की ओर से यह सीट कांग्रेस को मिली थी। कांग्रेस उम्मीदवार अमित कुमार ने बीजेपी को मोतीलाल प्रसाद को 22,856 वोटों से हरा दिया था।
2010 विधानसभा चुनाव
2010 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मोतीलाल प्रसाद ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के अमित कुमार को 22,327 वोटों से शिकस्त दी थी। मोतीलाल प्रसाद को कुल 48,633 वोट मिले थे जबकि अमित कुमार को 26,306 वोट मिले थे। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी की नगीना देवी तीसरे स्थान पर रही थीं।