A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Assembly Election 2025: रूपौली सीट पर बीमा भारती करेंगी वापसी? जीत की हैट्रिक लगाने के बाद उपचुनाव में मिली थी हार

Bihar Assembly Election 2025: रूपौली सीट पर बीमा भारती करेंगी वापसी? जीत की हैट्रिक लगाने के बाद उपचुनाव में मिली थी हार

Rupauli Assembly Election 2025: रूपौली सीट से पिछले चुनाव में जेडीयू से बीमा भारती ने जीत हासिल की थी, जो यहां से लगातार तीन बार जीत की हैट्रिक लगा चुकी हैं।

रूपौली विधानसभा चुनाव 2025- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV GRAPHICS रूपौली विधानसभा चुनाव 2025

Rupauli Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। इस बार के चुनाव में दो नई सियासी पार्टियां प्रशांत किशोर की नवगठित 'जन सुराज' और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) भी मैदान में उतर रही हैं। इन पार्टियों के आने से चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से एक महत्वपूर्ण सीट, रूपौली विधानसभा क्षेत्र पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जो पूर्णिया लोकसभा सीट का हिस्सा भी है। इस सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग होगी। रूपौली सीट अपने राजनीतिक इतिहास और लगातार बदलते समीकरणों के लिए जानी जाती है, और इस बार का चुनाव भी काफी रोचक होने की संभावना है।

क्या रहे पिछले चुनाव के नतीजे?

2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में रूपौली सीट से जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU की उम्मीदवार बीमा भारती ने जीत हासिल की थी। उन्हें 50,945 वोट मिले थे। बीमा भारती ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के शंकर सिंह (44,994 वोट) को 19,330 वोटों के अंतर से हराया था।

2024 का उपचुनाव

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीमा भारती ने पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए JDU से इस्तीफा दे दिया था और RJD में शामिल हो गई थीं। लोकसभा चुनाव में बीमा भारती हार गईं। इसके बाद, उन्होंने फिर से रूपौली सीट पर उपचुनाव लड़ा, लेकिन इस बार आरजेडी के टिकट पर चुनावी मैदा में थीं। इस उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह को जीत मिली। JDU के कलाधर मंडल और RJD की बीमा भारती दोनों को हराकर जीत दर्ज की।

पिछले चुनाव में कितने कैंडिडेट थे?

2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में रूपौली विधानसभा सीट से कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।

  1. बीमा भारती- JDU- विजेता
  2. शंकर सिंह- LJP
  3. विकास चंद्र मंडल- CPI
  4. कलाधर प्रसाद मंडल- निर्दलीय
  5. प्रेमप्रकाश मंडल- निर्दलीय
  6. नीलम देवी- निर्दलीय
  7. दीपक कुमार शर्मा- जन अधिकार पार्टी
  8. मनोज कुमार भारती- निर्दलीय
  9. मोहम्मद कमरुन ज़मां- राष्ट्रीय सेक्युलर मजलिस पार्टी
  10. सिकंदर सिंह- राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी
  11. ब्रजनंदन पोद्दार- बहुजन समाज पार्टी
  12. उषा देवी- भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी
  13. अभय सिंह- निर्दलीय
  14. वीरेंद्र कुमार- जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट)
  15. रूबी कुमारी- वंचित समाज पार्टी

रूपौली सीट का सियासी समीकरण

इस सीट पर पहला विधानसभा चुनाव 1952 में हुआ था, जिसमें सोशलिस्ट पार्टी के मोहित लाल पंडित ने जीत हासिल की थी। शुरुआती वर्षों में कांग्रेस का दबदबा रहा। 1957, 962, 1969, 1972, 1980 और 1985 के चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे थे। 1967 और 1995 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) को भी इस सीट पर दो बार जीत मिली थी।

यहां से जनता पार्टी ने 1977 में, लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने 2005 में और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 2005 (अक्टूबर) में एक- एक बार जीत दर्ज की। इस सीट से कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है।

बीमा भारती का युग

हाल के इतिहास में बीमा भारती का नाम सबसे महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने लगातार चार बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने पहली बार इस सीट पर 2000 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद, उन्होंने 2005 में RJD के टिकट पर चुनाव जीता।  इसके बाद, वह जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) में शामिल हो गईं। 2010 से लगातार तीन बार JDU के टिकट पर चुनाव जीतीं।