पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव 6 और 11 नवंबर को होगा। सभी दल चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। राजनीतिक दलों के बड़े नेता भी अभी से ही बिहार के दौरे पर लगातार आ रहे हैं और चुनावी कार्यक्रम कर रहे हैं। शाहपुर विधानसभा में भी चुनावी माहौल गरम है। यहां पर संभावित उम्मीदवार चुनाव क्षेत्र में दौरे तेज कर दिए हैं। इस सीट पर इस बार भी बीजेपी और आरजेडी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
2015 से आरजेडी के पास है यह सीट
शाहपुर बिहार का एक विधानसभा क्षेत्र है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में यह निर्वाचन क्षेत्र राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने जीता था। शाहपुर बिहार राज्य के भोजपुर जिले के अंतर्गत आता है। 2020 में आरजेडी के राहुल तिवारी ने निर्दलीय उम्मीदवार शोभा देवी को 22883 मतों के अंतर से हराकर यह सीट जीती थी।
दो बार बीजेपी दर्ज कर चुकी है जीत
साल 2015 के विधानसभा चुनाव में भी यह सीट आरजेडी के पास थी। आरजेडी के टिकट पर राहुल तिवारी ने बीजेपी को बड़े अंतर से हराया था। उस समय राहुल को 69,315 वोट तो बीजेपी को 54,745 मत मिले थे। 2005 और 2010 में यह सीट बीजेपी ने जीती थी। 2000 में यह सीट समता पार्टी ने जीती थी।
लोकसभा में बीजेपी को मिली थी हार
शाहपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र आरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। 2024 के लोकसभा चुनावों में, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (लिबरेशन) के उम्मीदवार सुदामा प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी के आर के सिंह को हराकर आरा लोकसभा (एमपी) सीट से 59808 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
बता दें कि इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। आरजेडी, कांग्रेस, बीजेपी, जेडीयू समेत कई पार्टियां चुनाव की तैयारियां अभी से ही शुरू कर दी हैं। इस बार प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी चुनाव लड़ रही है।