A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में अगली सरकार बनाने का हकदार कौन? चुनाव मंच में NDA और महागठबंधन के नेताओं के बीच जोरदार बहस

बिहार में अगली सरकार बनाने का हकदार कौन? चुनाव मंच में NDA और महागठबंधन के नेताओं के बीच जोरदार बहस

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया टीवी के 'चुनाव मंच' कार्यक्रम में जोरदार बहस देखने को मिली। बीजेपी, आरजेडी, जेडीयू और वीआईपी के नेताओं ने 243 सीटों पर जातीय समीकरणों की भूमिका और उनके बदलते स्वरूप पर चर्चा की।

Bihar Assembly Election, Bihar Assembly Election 2025, Chunav Manch- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV इंडिया टीवी चुनाव मंच में जोरदार बहस देखने को मिली है।

Chunav Manch: बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम करना शुरू कर चुकी हैं। NDA और महागठबंधन दोनों का दावा है कि बिहार में अगली सरकार उन्हीं की होगी। हालांकि ऊंट किस करवट बैठेगा, यह तो 14 नवंबर 2025 को तभी पता चलेगा जब वोटों की गिनती होगी और चुनावों के नतीजे आएंगे। फिलहाल इंडिया टीवी पर दिन भर चलने वाले कॉन्क्लेव 'चुनाव मंच' में विभिन्न सियासी दलों के नेताओं ने जनता के सवालों के जवाब दिए हैं। फिलहाल इस मंच पर BJP के अजय आलोक, RJD के मृत्युंजय तिवारी, JDU के राजीव रंजन और VIP के देव ज्योति  मौजूद हैं और जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब दे रहे हैं।

'NDA में कोई कंफ्यूजन की स्थिति नहीं बनी'

चर्चा के दौरान बीजेपी के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि NDA ने महागठबंधन से काफी पहले सीटों का बंटवारा कर लिया और कोई कंफ्यूजन की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है कि गठबंधन के सभी घटक दल चाहते हैं कि बिहार का विकास हो। उन्होंने कहा कि हमारे गठबंधन के दोनों बड़े चेहरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ऐसे नेता हैं जिनके चरित्र, ईमान और नीति पर पूरे देश और बिहार को भरोसा है। महागठबंधन के घटक दल VIP के नेता मुकेश सहनी पर तंज कसते हुए अजय आलोक ने कहा कि वह कभी इधर और कभी उधर इतना फिसल रहे हैं कि समझ में ही नहीं आ रहा है कि वह क्या करने वाले हैं।

'बीजेपी के प्रवक्ता इधर-उधर तीर चलाते हैं'

चर्चा को आगे बढ़ाते हुए RJD के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व की घोषणा हो चुकी है और आज पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, और महागठबंधन के उम्मीदवारों ने नामांकन कर दिया है। उन्होंने कहा, 'हमारी लड़ाई जनता लड़ रही है। बीजेपी के प्रवक्ताओं की खासियत है कि वे हवा में खूब बात करते हैं। इधर-उधर तीर चलाते हैं। यह कॉमेडी शो थोड़े ही हो रहा है। इनसे पूछिए कि बिहार क्यों बर्बाद हो रहा है। इनसे पूछिए कि बिहार गरीबी में नंबर वन क्यों है? बेरोजगारी में नंबर वन क्यों है? पलायन में नंबर वन क्यों हैं? स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट क्यों है? शिक्षा व्यवस्था चौपट क्यों है? इस पर कुछ नहीं बोलेंगे।'

'बिहार आज सम्मानजनक ऊंचाई पर पहुंचा है'

JDU प्रवक्ता राजीव रंजन ने नीतीश कुमार की सरकार के काम गिनाते हुए कहा, 'आज बिहार देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल में हमने 16 बार 2 अंकों में ग्रोथ रेट दर्ज किया है। यह सौभाग्य बहुत कम राज्यों को हासिल होता है। जिस राज्य को राष्ट्रीय जनता दल ने गुमनामी के अंधेरे में पहुंचाया, आज के सम्मानजनक ऊंचाई पर पहुंचा है। RJD शिक्षा की बात करती है, बिहार में 40 विश्वविद्यालय हैं। बिहार में 4 एयरपोर्ट हैं। 1,85,000 करोड़ की एक्सप्रेसवे और हाइवे की परियोजनाएं हैं। बिहार देश के सबसे उन्नत राज्यों में शामिल होने के मुहाने पर खड़ा है, और ये चरवाहा विद्यालय वाले लोग 20 वर्षों के शासनकाल पर बात करते हैं।'

'आज हम लोग तेजस्वी यादव के साथ हैं'

VIP के प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा, 'हम इंडिया गठबंधन में हैं और इस जनम में इसी गठबंधन में रहेंगे। 2020 में एनडीए और इंडिया गठबंधन में कुल 12 हजार वोटों का अंतर था। उस समय हम लोगों की गलती थी कि हम लोग अमीर लोगों (NDA) के साथ चले गए। उस समय अगर हम लोग तेजस्वी यादव के साथ चले जाते, और उस समय अगर डिप्टी सीएम का अनाउंसमेंट हो जाता और सीट का अनाउंसमेंट हो जाता तो आज तेजस्वी यादव ही बिहार के मुख्यमंत्री होते। आज हम लोग तेजस्वी यादव के साथ हैं और वही बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह अमीर और गरीब की लड़ाई है। अब गरीब जीतेगा और अमीर हारेगा।'