1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election: PM मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, महागठबंधन के लिए तेजस्वी बने सीएम फेस

Bihar Election: PM मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, महागठबंधन के लिए तेजस्वी बने सीएम फेस

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया और VIP प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन का उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया।

नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनावों के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने अगले मुख्यमंत्री के लिए तेजस्वी यादव के नाम का समर्थन किया। वहीं, महागठबंधन की तरफ से उपमुख्यमंत्री पद के लिए VIP प्रमुख मुकेश सहनी के नाम की घोषणा की। हालांकि इसके बावजूद 11 सीटों पर महागठबंधन के घटक दलों के उम्मीदवार एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। वहीं, 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इसे अब 'लठबंधन' कह रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कुछ इस तरह विकास होगा कि सूबे के नौजवान को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

Live updates : Bihar Assembly Election LIVE Update

  • 2:10 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan

    तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर बोला हमला

    बिहार के सहरसा में तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 20 साल से शोषित लोग बदलाव चाहते हैं। 

  • 10:19 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    नड्डा का बिहार दौरा जारी, 24 अक्टूबर को पटना में सांगठनिक बैठकें

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने दो दिवसीय बिहार प्रवास के दूसरे दिन 24 अक्टूबर को पार्टी संगठन को मजबूत करने हेतु महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। अपने पटना प्रवास के दौरान नड्डा सुबह 11 बजे होटल मौर्या, पटना में एक सांगठनिक बैठक करेंगे, जिसके बाद दोपहर 2:15 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय, 8, वीरचंद पटेल पथ, पटना में दूसरी सांगठनिक बैठक को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात, नड्डा शाम 6 बजे हाजीपुर रवाना होंगे, जहां वे राज पैलेस, हथसारगंज, हाजीपुर में आयोजित होने वाली 'प्रबुद्ध जन बैठक' को संबोधित करेंगे, जिससे बिहार चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति और संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी।

  • 9:18 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    JDU ने 91 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति का किया गठन

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जेडीयू ने 91 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति का गठन किया है।

  • 8:22 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    24 अक्टूबर को तेजस्वी के साथ मुकेश सहनी की चुनावी सभा

    महागठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी 24 अक्टूबर को राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि पार्टी के प्रमुख महंत मिट्टू दास हाई स्कूल कटोरिया, सलखुआ, सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा में 10 बजे सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे रैयाम चीनी मील केवटी, दरभंगा में चुनावी सभा करेंगे। इसके बाद वे आनन्दपुर गंगोलिया, पारू में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। तत्पश्चात वे महंत नारायण दास उच्च विद्यालय, रायपुर, उजियारपुर, समस्तीपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे सुपौल, बिरौल दरभंगा अपने आवास लौट जाएंगे।

  • 6:59 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार का नौजवान अब बाहर नहीं जाएगा: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हमारी सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान ने बिहार के नौजवानों को बहुत बड़ी शक्ति दी है। सस्ते डेटा ने, अच्छे नेटवर्क ने बिहार में नई क्रांति ला दी है। आने वाले वर्षों में हमें बिहार को टेक्नोलॉजी का हब बनाना है। जिले-जिले में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना है। बिहार के नौजवानों के लिए आने वाले साल वाकई अभूतपूर्व अवसरों के होने वाले हैं। बिहार का नौजवान अब बाहर नहीं जाएगा, बिहार में ही नाम कमाएगा।'

  • 6:59 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    विकास कार्यों से बिहार में मजबूत नींव बनी: PM मोदी

    'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बीते वर्षों में बिहार में विकास के जो कार्य हुए हैं, उनसे एक मजबूत नींव बन गई है। अब हमें इसपर विकास की भव्य इमारत बनानी है। 2014 में डबल इंजन को सरकार बनने के बाद विकास के कार्यों में नई गति आई है। बिजली की व्यवस्था बहुत ज्यादा सुधरी है। बिजली सुधरना, लालटेन वालों को तो पसंद आएगा ही नहीं। हम जानते हैं कि जब बिजली पर्याप्त होती है, तो उद्योगों को, बिजनेस को बल मिलता है और इससे आपके लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।'

  • 6:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पीएम मोदी का नक्सलवाद-माओवादी आतंक पर बड़ा हमला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद-माओवादी आतंक ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल कुछ भी खोलने नहीं देते थे और बने बनाए संस्थान को बम से तोड़ देते थे। ये उद्योगों को घुसने नहीं देते थे। इसलिए, इनके राज में विकास पूरी तरह चौपट हो गया था। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों के भविष्य बर्बाद किया है।'

  • 6:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं। लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है। दशकों तक देश और बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे। लेकिन, इन लोगों ने आपको नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ को हो प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे।'

  • 6:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार की बेटियां आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहीं: PM मोदी

    'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज बिहार की बेटियां आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं, ये हम सब के लिए बहुत ही गर्व का विषय है। Science और Technology का क्षेत्र हो, Aviation से Space Technology तक, Fashion Technology और Fintech Industry हो, या Medical education और Media जैसे क्षेत्र हो, बिहार की बेटियों ने हर जगह अपना परचम लहराया है।'

  • 6:55 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    आपको वोट से राम मंदिर बना, ऑपरेशन सिंदूर हुआ: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मुझे सारी ताकत 140 करोड़ देशवासियों से मिली है और ये सारी ताकत मतदाता के एक वोट की ताकत है। उस वोट ने ये परिस्थिति पैदा की है कि आज राम मंदिर भी बन गया, ऑपरेशन सिंदूर भी हो गया और देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये वोट की ताकत है और मैं मानता हूं कि पूरे हिंदुस्तान में वोट की ताकत की सबसे ज्यादा समझ मेरे बिहार के भाई बहनों को है। इसलिए, जंगलराज को एक बार हटाने के बाद आज वो किसी भी हालत में जंगलराज को वापस नहीं आने देना चाहते।'

  • 6:53 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार के नौजवानों से पीएम मोदी ने की ये अपील

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं बिहार के सभी नौजवानों से कहूंगा कि हर बूथ में सब नौजवानों को एकत्र करें और उस इलाके में जो बुजुर्ग लोग हों, वो आकर जरा सबको पुरानी बातों को बताएं। वो जो विचलित करने वाले उनके अनुभव हैं, वो सभी नई पीढ़ी को बताने का कार्यक्रम बनाया जा सकता है। बिहार के सभी युवा कार्यकर्ताओं को एक और काम करना है। चुनाव की भागदौड़ रहेगी, छठ का महापर्व भी इसी बीच है। लेकिन, छठ के तुरंत बाद 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है, देश के महान नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। इस दिन Run for Unity होनी है। मैं तो कहूंगा कि हर गांव में कितनी ही चुनावी आपाधापी हो, लेकिन सरदार पटेल को याद करना चाहिए। बड़े शहरों में हर वार्ड में 15-20 मिनट, एकता दौड़ का आयोजन किया जाना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा बेटे-बेटियों को इसमें जोड़ना चाहिए।'

  • 6:50 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा: PM मोदी

    'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा है। कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं, कहीं नए रेलवे रूट बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा कारण ये है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। बिहार की NDA सरकार की शक्ति भी यही है। इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है- रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से NDA सरकार!'

  • 6:47 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'छठ के साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'त्योहारों की इस उमंग में छठी मईया की पूजा की तैयारी भी जोरों पर है। इन सबके साथ-साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। ये बिहार की समृद्धि का नया अध्याय लिखने का चुनाव है। इसमें बिहार के नौजवानों की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए, बिहार के आप नौजवान साथियों के साथ संवाद का अवसर मिलना उतना ही आनंद देता है।'

  • 6:46 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे'

    'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बिहार के मेरे युवा साथियों, आप सभी को भाई-दूज के पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं। आज चित्रगुप्त पूजा का पावन दिन भी है, आज बहीखातों की पूजा भी की जाती है। आजकल देश में #GSTBachatUtsav भी चल रहा है। मुझे पता चला है कि #GSTBachatUtsav में बिहार के नौजवानों ने भी अपने लिए खूब खरीदारी की है। बाइक, स्कूटी पर GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे हैं।'

  • 6:29 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    महागठबंधन में 11 सीटों पर फ्रेंडली फाइट

    बिहार की 11 सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों के बीच फ्रेंडली फाइट है। गुरुवार को दूसरे चरण के लिए नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था और दो सीटों पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों ने नाम वापस भी लिए। हालांकि, 11 सीटों पर अभी भी गठबंधन के दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

  • 3:58 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    वारिसलीगंज से कांग्रेस उम्मीदवार ने वापस लिया नाम

    वारिसलीगंज विधानसभा से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह ने अपना नाम वापस ले लिया। दरअसल इस विधानसभा से महागठबंधन समर्थित दो उम्मीदवार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया था। जिसमें राजद से अशोक महतो की पत्नी अनीता कुमारी और कांग्रेस से सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह ने नामांकन कराया था। मंटन से बताया कि पार्टी देवेंद्र प्रसाद और अखिलेश प्रसाद के मैसेज पर हमने नाम वापस लिया है।

  • 3:47 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    बाबूबरही से वीआईपी उम्मीदवार ने वापस लिया नाम

    मधुबनाी की बाबूबरही विधानसभा सीट पर वीआईपी उम्मीदवार बिंदु गुलाब यादव ने नामांकन वापस ले लिया है। बाबूबरही सीट पर राजद और वीआईपी के दोनों पार्टी के प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। अब बिंदु गुलाब यादव ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने नाम वापस लेते समय कहा कि वह अपना पूरा समर्थन अरुण सिंह को दे रहे हैं।

  • 2:09 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव पर बीजेपी ने बोला हमला

    महागठबंधन के CM फेस तेजस्वी यादव पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, "वह क्या कह रहे हैं? क्या उन्हें समझ भी आ रहा है कि वह क्या कह रहे हैं? उनके पिता को चारा घोटाले के चार मामलों में 32.5 साल जेल की सज़ा हुई है। उन पर दिल्ली की CBI कोर्ट में केस चल रहा है... तेजस्वी यादव पर IPC की धारा 420 का भी आरोप है... बिहार के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि बिहार के विकास में किसका योगदान है। PM मोदी और नीतीश कुमार बिहार का विकास करेंगे। यह डबल इंजन की सरकार है।"

  • 12:53 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी की परछाई भी गलत काम करेगी तो उसको भी सजा मिलेगी

     तेजस्वी यादव ने कहा कि नौजवान है हर जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। नया बिहार बनाना चाहते हैं.. हमारे पास विजन है। बीजेपी की A टीम, बी टीम, इनकम टैक्स, पूरा मशीनरी लगा हुआ है। किसी माई के लाल में दम नहीं है कि जो हमारे संविधान को बदल सके आरक्षण को छीन सके, हिंदू मुस्लिम दंगा कर सकें। बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है। कोई ऐसा दिन नहीं ज़ब 200 राउंड गोलियां नहीं चलती हों। करप्शन और लॉ एंड ऑर्डर से तेजस्वी कभी कंप्रोमाइज नहीं करेगा। तेजस्वी की परछाई भी यदि गलत काम करेगी तो तेजस्वी उसको सजा दिलाने का काम करेगा।

     

  • 12:41 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव बोले-सरकार बनी तो गैंस सिलेंडर 500 रुपये में देंगे

     तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए की नकलची सरकार है। इसका कोई विजन नहीं है..। हम लोगों ने माई बहन योजना लाया तो 10000 का रिश्वत महिलाओं को दिया। बिहार के लोग 20 महीने का मौका दें.. तो जो 20 साल में नहीं हुआ.. 20 महीने में करेंगे। तेजस्वी सीएम बनेगा तो बिहार के सभी लोग सीएम बनेंगे। गैंस सिलेंडर 500 रुपये किया जाएगा।

  • 12:34 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर बोला हमला

    तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल करके तीन-चार नेता जो बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं। जदयू को खत्म करने में लगे हैं चुनाव के बाद जदयू को भी खत्म कर देंगे। 

  • 12:33 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    नीतीश को सीएम चेहरा क्यों घोषित नहीं कर रही बीजेपीः तेजस्वी

    तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा ज्वाइंट प्रेस कॉफ्रेंस हो गया.. नीतीश जी के साथ जो अन्याय हो रहा है एनडीए में। कोई ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। ना ही ऑफिसियली रूप से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया गया है। भाजपा के लोग नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। अमित शाह जी ने कई बार बोला है.. विधायक दल की संख्या होगी वो तय करेगी..। 20 साल से एनडीए की सरकार है.. हमेशा मुख्यमंत्री के चेहरा घोषित किया.. क्या कारण है कि नीतीश जी को चेहरा घोषित नहीं किए। नीतीश जी का आखिरी चुनाव है.. ये स्पष्ट अमित शाह जी कर दिया है.. 

  • 12:31 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के नेताओं का धन्यवाद कहा

    तेजस्वी यादव ने कहा कि जितना इंतजार आप लोगों को था.. हम महागठबंधन के लिए लोग सिर्फ सरकार और मुख्यमंत्री नहीं.. बिहार बनाने के लिए काम करना है। सभी महागठबंधन के साथियों ने भरोसा जताया है.. सभी को धन्यवाद.. जो विश्वास जताया है उस पर जरूर खरे उतरे हैं।

  • 12:30 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री के चेहरा

    अशोक गहलोत ने कहा कि सबकी राय बनी है कि अन्य पिछड़ा वर्ग के साथी मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री के चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि सोच समझकर तेजस्वी जी को नेता घोषित किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की तरफ से और भी उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। 

  • 12:28 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार

     कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व में महागठबंधन चुनाव लडे़गी।

  • 12:17 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    बीजेपी को बिहार से बाहर करेंगेः मुकेश सहनी

     महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में VIP नेता मुकेश सहनी ने कहा, "भाजपा ने जिस तरह हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायक को खरीदा उस समय से हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं...वो समय आ चुका है। हम मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ रहकर बिहार में सरकार बनाएंगे और भाजपा को बिहार से बाहर करेंगे। महागठबंधन मजबूत और एकजुट है। 

  • 12:15 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    महागठबंधन के नेता बोले- इंडिया गठबंधन एकजुट

    महागठबंधन के नेताओं ने कहा है कि इंडिया गठबंधन एकजुट है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनेगी। वीआईपी नेता मुकेश सहनी ने कहा कि बीजेपी ने उनकी पार्टी तोड़ी। उन्हें बीजेपी ने सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया।

     

  • 12:05 PM (IST) Posted by Mangala Yadav

    पटना में महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस शुरू

    पटना में महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस शुरू हो गई है। गठबंधन के नेता अपनी-अपनी बात मीडिया के सामने रख रहे हैं। इससे पहले पटना के होटल मौर्य में तेजस्वी यादव, कृष्ण अल्लावरू, अशोक गहलोत, राजेश राम सबके साथ मीटिंग हुई। 

  • 11:41 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    चिराग पासवान ने महागठबंधन पर साधा निशाना

     केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आज इन लोगों की पहली प्रेस वार्ता हो रही है जिसमें ये शायद बताएंगे कि इन्होंने चीजों को सुधारने का प्रयास किया है। लेकिन जिस तरीके से महागठबंधन के घटक दलों ने अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलते अपने गठबंधन को ही तिलांजलि देने का काम किया। आज की प्रेस वार्ता में ही देख लीजिए सिर्फ एक ही नेता का चेहरा दिखाई दे रहा है। ये गठबंधन धर्म की मर्यादा का पालन करना नहीं है। 

  • 11:33 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर पहुंचे तेजस्वी

    राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार के पटना में महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर पहुंचे। महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि महागठबंधन में सब ठीक है। पार्टी कार्यकर्ताओं में हमेशा शिकायतें रहती हैं। उनकी अपेक्षाएं होती हैं और उन्हें मौका दिया जाना चाहिए। 

  • 11:24 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    पीसी को लेकर मुकेश सहनी का सामने आया बयान

    महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले VIP चीफ मुकेश सहनी ने कहा, "मुझे किसी भी चीज़ से दिक्कत क्यों होगी? क्या आप मेरे चेहरे पर इतनी खुशी बर्दाश्त नहीं कर सकते? महागठबंधन बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।"

  • 11:19 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी के पोस्टर पर महागठबंधन में मतभेद

    केवल तेजस्वी के पोस्टर पर महागठबंधन में मतभेद उभरकर सामने आया है। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी की फोटो पर ही वोट मिलेंगे। गठबंधन के नेताओं की तस्वीर होनी चाहिए। केवल तेजस्वी के फोटो से संदेश गलत जाएगा।

  • 11:16 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर से राहुल गांधी की तस्वीर गायब

    पटना में थोड़ी देर में महागठबंधन की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। स्टेज पर सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर लगी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर से राहुल गांधी की तस्वीर गायब है। पोस्टर पर सहनी और लेफ्ट के नेताओं की तस्वीर भी नहीं लगी है। पोस्टर पर 'बिहार मांगे तेजस्वी सरकार' का हैशटैग है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव को CM फेस घोषित किया जा सकता है। 

  • 10:12 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    बीजेपी ने आरजेडी पर बोला जुबानी हमला

    बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "जिस तरह महागठबंधन में एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है यही कारण है कि अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो पा रहा। अब ये एक साथ बैठकर कितना भी ये दिखाने का प्रयास करें कि हम एक साथ हैं लेकिन जनता समझती है कि जो सीटों का बंटवारा नहीं कर सकते वो सरकार नहीं चला सकते।"

  • 10:11 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    मनोज कुमार झा ने की तेजस्वी की तारीफ

      राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "तेजस्वी यादव ने कल जो घोषणा की हैं वो गेम चेंजर है… गठबंधन को समझना होगा। एक पार्टी नहीं है। अलग-अलग पार्टियां जब एक साथ आती हैं तो सब चाहते हैं कि उनकी पार्टी का फुटप्रिंट बढ़े। लोगों के अंदर ये बात बैठ गई है कि महागठबंधन का सामूहिक रूप से फुटप्रिंट बेहतर होना चाहिए।"

  • 10:08 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तेजस्वी यादव को सीएम फेस की अटकलों पर जेडीयू का बयान

    RJD नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का CM चेहरा घोषित किए जाने की अटकलों पर जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन की स्थिति नहीं सुधरेगी, चाहे वे कितनी भी कोशिश कर लें...NDA का विजय रथ बहुत आगे बढ़ चुका है और महागठबंधन लड़ाई में कहीं नहीं दिख रहा है। चाहे RJD नेता तेजस्वी यादव CM चेहरा बनें या नहीं, महागठबंधन चुनाव हार जाएगा।"

  • 9:23 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री

    पीएम मोदी आज बिहार बीजेपी के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। शाम 6.30 बजे “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के तहत ऑडियो के माध्यम से प्रधानमंत्री बातचीत करेंगे। 

  • 9:20 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    तीन रैलियों को संबोधित करेगें नीतीश कुमार

    सारण और वैशाली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी सभा गुरुवार को एनडीए के समर्थन में होगी। मुख्यमंत्री नीतश कुमार गुरुवार को मांझी के अलावा जिले के दरियापुर और गोरौल में भी दो अन्य सभाओं को संबोधित करेंगे।

  • 9:20 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    इन सीटों पर है विवाद

    1.कहलगांव विधानसभा सीट / 2.गौड़ाबौराम विधानसभा सीट /3.बिहारशरीफ विधानसभा सीट / 4.राजपाकर विधानसभा सीट / 6.वैशाली विधानसभा सीट / 7.बाबूबरही विधानसभा सीट 8.नरकटियागंज विधानसभा सीट / 9.चैनपुर विधानसभा सीट /10.बेलदौर विधानसभा सीट / 11. करगहर विधानसभा सीट  12. सिकंदरा विधानसभा सीट

  • 9:19 AM (IST) Posted by Mangala Yadav

    दूसरे चरण में नाम वापस लेने का आखिरी दिन आज

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के लिए का गुरूवार अंतिम दिन होगा।ऐसे में तय होगा की कितनी सीटो पर महगठबंध आपस में टकरा रहा है। इस बीच महागठबंधन की आज पटना में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस है। इसमें कई सारी चीजें साफ हो जाएंगी।