बिहार चुनाव: बिहार में 10 रैलियां करेंगे पीएम मोदी, अमित शाह-राजनाथ सिंह की 25 सभाएं होंगी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन कल समाप्त हो गया लेकिन महागठबंधन में लगता है सब ठीक नहीं। आठ सीटों पर फ्रेंडली फाइट होगी। वहीं, सीटों की रस्साकशी के बाद एनडीए में अब शांति है। जानें पल पल के अपडेट्स...

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 LIVE: पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया खत्म हो गई। सीट शेयरिंग को लेकर एनडीए में चल रहा घमासान खत्म हो गया है, सभी दलों के प्रत्याशी अब चुनाव मैदान में उतर चुके हैं, लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अब तक तय नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, आठ सीटों पर राजद और कांग्रेस ने अपने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार दिया है, जिससे इन सीटों पर अब फ्रेंडली फाइट देखने को मिलेगी। पहले चरण के चुनाव के लिए राजद ने 72, कांग्रेस ने 26, वामदल ने 21 और वीआईपी ने छह सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। हैरानी वाली बात यह है कि महागठबंधन के घटक दलों के उम्मीदवार आठ सीटों पर आमने सामने होंगे, जिसमें वैशाली, लालगंज, राजापाकड़, बछवाड़ा, रोसड़ा, बछवाड़ा, तारापुर और कहलगांव विधानसभा सीट हैं। एनडीए ने जीत के लिए कमर कस ली है और चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
जानें चुनाव से जुड़े पल पल के अपडेट्स....
Live updates : बिहार चुनाव LIVE: महागठबंधन में सब ठीक नहीं? NDA में सब चंगा है...कितने सीटों पर हुआ नामांकन? जानें
-
October 18, 2025 10:21 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सम्राट चौधरी ने लिए विपक्षी गठबंधन के मजे
बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने महागठबंधन में जारी अनबन पर मजे लेते हुए एक्स पर लिखा, "लठबंधन में बिखराव जारी है। इनके सभी घटक दल अब अपना अलग रास्ता तलाश लिए है। चुनाव से पहले अगर ऐसा भगदड़ मचा है तो चुनाव के बाद क्या ही होगा? अब झामुमो ने साथ छोड़ दिया!"
-
October 18, 2025 10:18 PM (IST) Posted by Shakti Singh
28 और 29 अक्टूबर को रैली करेंगे पीएम मोदी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री का प्रस्तावित बिहार दौरा 24 अक्टूबर को है। बिहार में वह दो जगहों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनका चुनाव अभियान 24 अक्टूबर को समस्तीपुर से शुरू होगा। वहां से वह बेगूसराय जाएंगे और वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका दूसरा प्रस्तावित दौरा 29 अक्टूबर को है।"
-
October 18, 2025 8:33 PM (IST) Posted by Shakti Singh
जेडीयू ने अमौर से उम्मीदवार बदला
पूर्णिया की अमौर सीट से जेडीयू ने साबिर अली को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व सांसद साबिर अली आज ही बीजेपी छोड़कर जदयू में शामिल हुए थे। पहले जदयू ने इस सीट से सबा जफर के नाम का एलान किया था। अब सबा का टिकट कट गया है। साबिर अली 20 अक्टूबर को नॉमिनेशन दाखिल करेंगे।
-
October 18, 2025 7:13 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बिहार में 10 सभा करेंगे पीएम मोदी
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की 10 जनसभाएं प्रस्तावित हैं। स्थानों की पहचान कर पीएमओ को भेज दिया गया है। गृह मंत्री अमित शाह लगभग 25 जनसभाएं करेंगे। लगभग इतनी ही रैलियां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पार्टी के अन्य शीर्ष नेता करेंगे। रोडमैप तैयार कर लिया गया है।
-
October 18, 2025 6:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
24 अक्टूबर को बिहार में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री का जो प्रस्तावित कार्यक्रम है, उसके अनुसार वे 24 अक्टूबर को बिहार आ रहे हैं और बिहार में वे दो जगहों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे समस्तीपुर, जन नायक कर्पुरी ठाकुर की धरती से चुनाव प्रचार का प्रारंभ करेंगे और फिर वहां से बेगूसराय जाएंगे और वहां भी उनकी जनसभा होगी। 24 अक्टूबर को उनकी पहली बिहार की चुनावी सभा होने जा रही है।" उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री की इच्छा थी कि वे (छठ पूजा के दौरान) आएं लेकिन आम छठ ब्रतियों को उनके आगमन के बाद दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए छठ पूजा के दौरान प्रधानमंत्री का कोई ऐसा कार्यक्रम नहीं है।"
-
October 18, 2025 6:16 PM (IST) Posted by Amar Deep
बिहार में 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी झामुमो
हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झामुमो ने घोषणा की है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगा और छह सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।
-
October 18, 2025 5:45 PM (IST) Posted by Amar Deep
विकास की गति रुकनी नहीं चाहिए: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "हम सब जानते हैं कि 2005 के बाद आज तक, इन 20 सालों में बिहार किस गति से बदला है। आज बिहार के हर गांव को बिजली के साथ जोड़ा गया है। आज बिहार के हर गांव को सड़क के साथ जोड़ने का काम नीतीश कुमार ने किया है। मैं आपके बीच ये अपील करने आया हूं कि विकास की यह गति रुकनी नहीं चाहिए बल्कि पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में और तेज गति से आगे बढ़नी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह संकल्प लिया है कि 2047 तक देश को विकसित भारत बनाएंगे और इस विकसित भारत में बिहार भी पीछे ना रहे बल्कि विकसित भारत में बिहार अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।"
-
October 18, 2025 5:30 PM (IST) Posted by Amar Deep
VIP के कार्यकर्ता BJP में हुए शामिल
VIP के प्रदेश प्रवक्ता और जिला पार्षद राजेश सहनी, बिट्टू पासवान और पूर्व मुखिया राजेश प्रजापति सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता की शपथ दिलाई और उनका स्वागत किया।
-
October 18, 2025 4:56 PM (IST) Posted by Amar Deep
206 से ज्यादा सीटों पर मिलेगी जीत: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "2010 में JDU और भाजपा ने मिलकर एक रिकॉर्ड बनाया था, 206 सीटों पर जीत दर्ज करने का। इस बार हम उससे भी आगे जाएंगे क्योंकि हमारे पास नेता है, नेतृत्व है, कार्यक्रम है, नीयत है और महागठबंधन नाम की कोई चीज नहीं है। तेजस्वी यादव पर कोई भरोसा नहीं कर रहा, कांग्रेस ने उन्हें नेता माना नहीं, वे (महागठबंधन दल) एक-दूसरे को नेता मानने को कोई तैयार नहीं है। महागठबंधन की स्थिति यही है कि न उनके पास कोई नेता है और न ही कोई नेतृत्व... वे कई जगहों पर एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हैं।"
-
October 18, 2025 4:21 PM (IST) Posted by Amar Deep
उनके जंगलराज को कोई भूला नहीं
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा, "हारने वाले और क्या करेंगे। कुंठित मानसिकता वाले लोग केवल हताशा और निराशा में ऐसी भाषा बोलेंगे क्योंकि वे देख रहे हैं कि बिहार में NDA की महाविजय होने वाली है, सुशासन की और विकास की महाविजय होगी।" राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "उनके जंगलराज को कोई भूला नहीं है। बहुत दिन नहीं हुए जब घपले और घोटालो ने केवल एक परिवार का भला किया था और बिहार को बर्बाद कर दिया था।"
-
October 18, 2025 4:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
विकसित भारत में विकसित बिहार कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा, "बिहार में लगातार NDA गठबंधन की सरकार बन रही है... बिहार के लोग विकास और शिक्षा चाहते हैं, स्वास्थ्य के प्रति सजग होना चाहते हैं... कांग्रेस और लालू यादव की पार्टी ने तो बिहार के अंदर जंगलराज खड़ा किया था। उनके कार्यकाल के दौरान गरीबी, अशिक्षा और गुंडाराज देखने को मिला... लोग आज उस स्थिति को दोबारा नहीं चाहते और विकास चाहते हैं... प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया है कि हमें विकसित भारत बनाना है और उस विकसित भारत में विकसित बिहार कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगा।"
-
October 18, 2025 3:38 PM (IST) Posted by Amar Deep
दलित, वंचित, शोषित और पीड़ित लोगों के साथ अत्याचार हो रहा
भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, "अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि लगातार दलित, वंचित, शोषित और पीड़ित लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है। कांग्रेस पार्टी के (प्रदेश) अध्यक्ष राजेश राम जो दलित समाज से आते हैं, पहले तो उनके साथ एयरपोर्ट के बाहर दुर्व्यवहार हुआ (महागठबंधन में) न तो शरद यादव के सुपुत्र की सुनवाई हो रही है और न ही मुकेश सहनी की सुनवाई हो रही है और कांग्रेस पार्टी के दलित समाज के प्रदेश अध्यक्ष के साथ तो दुस्साहस किया जा रहा है। उनकी सीट पर राजद के द्वारा एक प्रत्याशी घोषित करना ये दिखाता है कि INDI गठबंधन का चाल, चरित्र और चेहरा पूरी तरह से सामंतवादी हो गया है और कहीं से भी वहां दलितों का सम्मान या भागीदारी को सुनिश्चित नहीं किया जा सकता है। देश और बिहार का दलित, वंचित, पीड़ित और शोषित समाज इस बात को गंभीरता से ले रहे हैं।"
-
October 18, 2025 2:28 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
मोकामा सीट पर छिड़ गई सियासी जंग
मोकामा विधान सभा क्षेत्र में दो बाहुबलियों अनंत सिंह और सूरजभान सिंह के बीच भीषण सियासी जंग छिड़ गयी है। इस जंग में वीणा देवी ने भी इंट्री मारते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी अनंत सिंह पर शाब्दिक मिसाइल की बारिश कर दी और वादा किया कि मोकामा से मेरी जीत विकास की गारंटी है।
-
October 18, 2025 1:37 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
अमित शाह से मुलाकात के बाद बोले चिराग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी बैठक पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "... हमारा लक्ष्य 100% स्ट्राइक रेट हासिल करना होगा... हमने चर्चा की कि हम हर झूठे आख्यान से कैसे बचेंगे और केवल विकास के आख्यान पर ध्यान केंद्रित करेंगे..."
-
October 18, 2025 12:05 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
पूर्व सांसद साबिर अली ने बीजेपी छोड़कर जदयू ज्वाइन की
पूर्व सांसद साबिर अली ने बीजेपी छोड़कर जदयू ज्वाइन की, पिछले 11 साल से साबिर अली बीजेपी के साथ थे, उससे पहले जेडीयू से सांसद रहे।
-
October 18, 2025 11:34 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
VIP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बद्री पूर्वे ने पार्टी से दिया इस्तीफा
चुनाव से पहले मुकेश सहनी की पार्टी VIP को लगा बड़ा झटका, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बद्री पूर्वे ने पार्टी से दिया इस्तीफा।
-
October 18, 2025 11:13 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
पहले चरण के लिए अब तक 1250 से अधिक नामांकन दर्ज
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के 121 सीटों के लिए मतदान होंगे। इन विधानसभा क्षेत्रों के लिए अब तक 1,250 से अधिक उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। यह संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कई जिलों से आंकड़े आने बाकी हैं।
-
October 18, 2025 11:10 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
मुकेश सहनी ने छह उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
विकासशील इंसान पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के लिए निम्नलिखित प्रत्याशियों के नामों पर अपनी औपचारिक स्वीकृति प्रदान की है।
छह उम्मीदवारों के नाम
1. गौरा बौराम से संतोष सहनी
2.दरभंगा शहर से उमेश सहनी
3.आलमनगर से नवीन निषाद
4.औराई से भोगेंद्र सहनी
5. बरुराज से राकेश राय
6. कुशेश्वर स्थान से गणेश भारती सदा (SC)
-
October 18, 2025 10:58 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
सीएम नीतीश कुमार 21 अक्टूबर से करेंगे चुनावी रैली
बिहार के सीएम नीतीश कुमार 21 अक्टूबर से चुनावी रैली करेंगे। नीतीश अपनी चुनावी रैली की शुरुआत मुजफ्फरपुर से करेंगे।
-
October 18, 2025 10:52 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
पशुपति पारस ने छोड़ा महागठबंधन का साथ, जानें क्या कहा...
महागठबंधन के साथी बने लोजपा से अलग होकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी बनाने वाले पशुपति पारस ने भी महागठबंधन का साथ छोड़ दिया है। सीट शेयरिंग को लेकर फंसे पेच के बीच उन्होंने कहा कि, हम महागठबंधन के साथ नहीं, अकेले चुनाव लड़ेंगे। अब तक उनकी पार्टी ने अपने 33 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार दिया है।
-
October 18, 2025 10:48 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
कांग्रेस नेता ने बता दिया सीएम फेस, किसका लिया नाम, जानें
सीएम फेस को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, '' महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव हैं, इसमें कहां कोई दो राय है?'' उन्होंने महागठबंधन में विवाद पर ये भी कहा कि चुनाव के लिए नॉमिनेशन के बाद ही कैंपेन और सबकुछ होता है।
-
October 18, 2025 10:45 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
भाकपा (माले) ने महागठबंधन को दिखाया ठेंगा, 20 उम्मीदवारों की सूची जारी की
महागठबंधन को ठेंगा दिखाते हुए भाकपा (माले) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और अपने 20 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी नेने अपने उम्मीदवारों में बहुसंख्यक एससी (अनुसूचित जाति) रिज़र्व को सीटें भी शामिल की हैं।