बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बारबीघा विधानसभा सीट उन सीटों में से एक है, जहां कांटे की टक्कर हो सकती है। 2020 में यहां कांग्रेस और जेडीयू के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था और जेडीयू उम्मीदवार को महज 113 वोट के अंतर से जीत मिली थी। यह सीट पारंपरिक रूप से कांग्रेस का गढ़ रही है, लेकिन अब यहां के समीकरण बदल रहे हैं। यहां 17 में से 11 बार कांग्रेस जीती है, लेकिन पिछले दो चुनावों में एनडीए उम्मीदवार को ज्यादा वोट मिले हैं। इस बार यहां छह नवंबर को मतदान होना है।
इस बार एनडीए गठबंधन एकजुट नजर आ रहा है। वहीं, प्रशांत किशोर थर्ड फ्रंट के रूप में उभर रहे हैं। इसका फायदा एनडीए गठबंधन को मिल सकता है। 2024 लोकसभा चुनाव में भी यहां एनडीए उम्मीदवार को बढ़त मिली थी। वहीं, 2020 में करीबी अंतर से एनडीए उम्मीदवार जीता था।
कब किसे मिली जीत?
बारबीघा विधानसभा सीट 1951 में बनी थी। यहां कुल 17 बार चुनाव हो चुके हैं। सबसे ज्यादा 11 बार जीत कांग्रेस को मिली है। वहीं, जेडीयू को तीन बार जीत मिली है। दो बार निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं और एक बार जनता पार्टी के खाते में यह सीट गई है। यह सीट लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ रही थी, लेकिन पिछले कुछ सालों में यहां के समीकरण बदले हैं, जो बीजेपी की स्थिति मजबूत करते हैं।
क्या हैं मौजूदा समीकरण?
जेडीयू के सुदर्शन कुमार यहां से मौजूदा विधायक हैं, जो 2020 में महज 113 वोट से जीते थे। हालांकि, इसके बाद से यहां बीजेपी की स्थिति मजबूत हुई है। ऐसे में इस बार यहां से एनडीए गठबंधन में बीजेपी को यह सीट मिल सकती है। 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी उम्मीदवार ने यहां से 29 हजार से ज्यादा वोट की बढ़त हासिल की थी। इसी वजह से बीजेपी के पक्ष में समीकरण बनते दिख रहे हैं। हालांकि, लड़ाई यहां भी कांटे की होने वाली है।
यह भी पढ़ें-
Bihar Assembly Election 2025: किसके पाले में जाएगी बेनीपुर सीट? जानें किसका है दबदबा, क्या कहता है समीकरण
Bihar Assembly Election 2025: किसके पाले में जाएगी गौरा बौराम सीट? जानें किसका है दबदबा, क्या कहता है समीकरण