A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार चुनाव 2025: हरनौत विधानसभा सीट JDU का है गढ़, यहां से 3 बार हरि नारायण सिंह दर्ज कर चुके जीत, जानिए समीकरण

बिहार चुनाव 2025: हरनौत विधानसभा सीट JDU का है गढ़, यहां से 3 बार हरि नारायण सिंह दर्ज कर चुके जीत, जानिए समीकरण

हरनौत विधानसभा सीट जेडीयू का गढ़ मानी जाती है। यहां से तीन बार जेडीयू के उम्मीदवार हरि नारायण सिंह जीत दर्ज कर चुके हैं। इस सीट पर कुर्मी वोटर निर्णायक भूमिका में रहते हैं।

हरनौत विधानसभा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हरनौत विधानसभा

Harnaut Assembly Constituency: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। सभी पार्टी के नेताओं ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। बिहार की वीआईपी सीटों की बात करें तो हरनौत विधानसभा क्षेत्र इनमें से एक है। बिहार के नालंदा जिले में स्थित हरनौत विधानसभा सीट सामान्य श्रेणी की सीट है, जो नालंदा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। 

इस सीट पर जेडीयू का दबदबा

हरनौत विधानसभा सीट बिहार की सियासत में महत्वपूर्ण रही है, जहां जेडीयू का पिछले कुछ चुनावों में यहां दबदबा रहा है। जातीय समीकरण और स्थानीय मुद्दों के आधार पर यह सीट हमेशा चर्चा में रहती है। आगामी 2025 विधानसभा चुनाव में भी हरनौत में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।

ये जाति हैं निर्णायक वोटर

हरनौत विधानसभा सीट ग्रामीण और अर्ध-शहरी मतदाताओं का मिश्रित क्षेत्र है। इस सीट पर कुर्मी, यादव, और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, दलित और सामान्य वर्ग के मतदाताओं की भी अच्छी-खासी संख्या है। इस सीट पर बेरोजगारी, शिक्षा, सड़क, और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दे मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। हरनौत में कुर्मी मतदाता जदयू के लिए मजबूत आधार प्रदान करते हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं कुर्मी समुदाय से हैं। यादव मतदाता राजद का पारंपरिक वोट बैंक हैं, जबकि दलित और महादलित मतदाता दोनों गठबंधनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। सामान्य वर्ग के मतदाता खासकर भूमिहार और ब्राह्मण, बीजेपी के पक्ष में वोट कर सकते हैं।

जेडीयू के हरि नारायण सिंह की मजबूत पकड़

हरनौत विधानसभा सीट पर पिछले तीन चुनावों में जेडीयू के हरि नारायण सिंह ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। हालांकि, 2025 में बदलते राजनीतिक समीकरण, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का उभार, और जातीय गणित इस सीट को और रोचक बना सकते हैं। एनडीए और महागठबंधन दोनों अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। 

जीत की हैट्रिक लगा चुके हरि नारायण सिंह

हरनौत विधानसभा सीट के पिछले तीन बार के चुनावी परिणाम में नजर डालें तो यहां से जेडीयू के उम्मीदवार हरि नारायण सिंह ने जीत दर्ज की है। 2020, 2015 और 2010 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर उन्होंने हैट्रिक लगाई है। 2020 के विधानसभा चुनाव में हरि नारायण सिंह को 65,404 वोट मिले थे। तब इन्होंने लोजपा कि उम्मीदवार ममता देवी को हराया था।

दो बार लोजपा के उम्मीदवार को हराया

2015 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट से जेडीयू के हरि नारायाण सिंह ने जीत दर्ज की थी। 2015 में हरि नारायण ने लोजपा के उम्मीदवार अरुण कुमार को 14,295 वोटों से हराया था। इसके साथ ही  2010 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू के उम्मीदवार हरि नारायण सिंह को 56827 वोट मिले थे। इन्होंने लोजपा के उम्मीदवार अरुण कुमार को हराया था।