पटना: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं के लिए एक खास तोहफा दिया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सभी बसों में 9 और 10 अगस्त को महिलाएं और छात्राएं मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा 9 अगस्त यानी कि शनिवार की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त यानी कि रविवार की देर रात तक लागू रहेगी। इस पहल के तहत, सभी आयु वर्ग की महिलाएं, चाहे वे छात्राएं हों, कामकाजी महिलाएं हों या अन्य, बिना टिकट के निगम की बसों में सफर कर सकेंगी। यह सुविधा निगम की सभी तरह की बसों यानी कि पिंक बस, साधारण बस और डीलक्स बस पर लागू होगी।
बगैर आर्थिक बोझ के भाइयों से मिल सकेंगी बहनें
बता दें कि पिंक, साधारण और डीलक्स बसें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे 6 क्षेत्रीय कार्यालयों से विभिन्न मार्गों पर चलती हैं। बिहार सरकार का यह कदम रक्षाबंधन के त्योहार को और खास बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। इस सुविधा से महिलाएं और छात्राएं बिना किसी आर्थिक बोझ के आसानी से अपने भाइयों और परिवार वालों से मिलने के लिए यात्रा कर सकेंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और त्योहार को हंसी-खुशी के साथ मनाएं। बिहार सरकार की इस घोषणा से राज्य भर की महिलाओं में खुशी की लहर है।
कई अन्य राज्यों ने किया है मुफ्त बस यात्रा का ऐलान
बता दें कि रक्षाबंधन के अवसर पर भारत के कई राज्यों ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है, ताकि वे अपने भाइयों और परिवार से मिलने आसानी से यात्रा कर सकें। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त मध्यरात्रि तक UPSRTC और नगर बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है, जिसमें अतिरिक्त बसें तैनात की जाएंगी। हरियाणा में महिलाएं और 15 वर्ष तक के बच्चे 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त मध्यरात्रि तक राज्य के भीतर और दिल्ली-चंडीगढ़ रूट की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। राजस्थान में पहली बार 9 और 10 अगस्त को महिलाओं को राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
उत्तराखंड, कर्नाटक और पंजाब में भी मुफ्त बस यात्रा
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला (ट्राइसिटी) में 9 अगस्त को स्थानीय एसी और नॉन-एसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा होगी, लेकिन यह लंबे रूट की बसों पर लागू नहीं होगी। उत्तराखंड में परंपरागत रूप से महिलाएं और बच्चे 9 अगस्त को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। कर्नाटक, पंजाब और दिल्ली में साल भर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा पहले से मौजूद है, जो रक्षाबंधन पर भी लागू रहेगी। मध्य प्रदेश में भोपाल और इंदौर में 9 अगस्त को मुफ्त बस यात्रा के साथ-साथ लाड़ली बहना योजना के तहत 28 लाख से अधिक महिलाओं को 1500 रुपये और 250 रुपये का रक्षाबंधन बोनस मिलेगा, साथ ही गैस सिलेंडर के लिए 43.90 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।