A
Hindi News बिहार पटना में दिनदहाड़े शख्स की गर्दन काटकर हत्या, सामने आया दिल दहलाने वाला सीसीटीवी Video

पटना में दिनदहाड़े शख्स की गर्दन काटकर हत्या, सामने आया दिल दहलाने वाला सीसीटीवी Video

बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को एक शख्स की गर्दन काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जो कि मृतक का भांजा लगता है।

bihar patna murder- India TV Hindi Image Source : REPORTER पटना में खौफनाक हत्या।

बिहार की राजधानी पटना में अपराध की खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स की दिनदहाड़े गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। हत्या की ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है जिसका वीडियो सामने आया है। मामले के सामने आने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आस-पास के लोग दहशत में हैं। आइए जानते हैं कि इस घटना के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना साहिब स्टेशन के नजदीक बंगाली कॉलोनी में गुरुवार की  की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक बुजुर्ग व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहम्मद रईस के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब आसपास के लोग पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग व्यक्ति को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सबूत जुटाए

लोगों ने इस घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद वारदात की गंभीरता को देखते हुए चौक थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर लिया। इसके साथ ही FSL टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। चौक थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला।

भांजे ने ही की हत्या

सामने आई जानकारी के मुताबिक, जिस शख्स ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है वह रिश्ते में मृतक का भांजा लगता है। इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि मामा की हत्या करने वाले भांजे को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। पारिवारिक विवाद के कारण भांजे द्वारा मामा की हत्या करने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक मोहम्मद रईस वर्षों से इसी इलाके में दर्जी का काम करते थे और उनकी किसी से खास दुश्मनी नहीं थी। हत्या के पीछे क्या वजह है इस पर पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)

ये भी पढ़ें- 'मुझे उर्दू में क्यों पढ़ाई किताब?', मशहूर टीचर गुरु रहमान को ऑफिस में घुसकर दी गोली मारने की धमकी, CCTV फुटेज आया सामने

VIDEO: पटना के उत्सव हॉल में लगी भयंकर आग फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंची, धू धूकर जल उठा हॉल