पटना: बिहार के पटना में दिन-दहाड़े लूट का मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने एक ज्वैलर्स की दुकान में घुसकर 20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात लूटे और फरार हो गए। इस घटना से जिले में हड़कंप मच गया है और विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साध रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र की धनजी कॉलोनी का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े 'श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वैलर्स' में घुसकर जमकर तांडव मचाया। हथियारबंद अपराधियों ने न केवल लाखों के सोने चांदी के जेवरात लूटे, बल्कि विरोध करने पर दुकान मालिक को लहूलुहान भी कर दिया।
दो बाइक पर सवार होकर आए थे 5 अपराधी
घटना के संबंध में पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया कि वह अपनी दुकान में ग्राहकों के साथ मौजूद थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी वहां पहुंचे। सभी अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने अपनी मंशा साफ कर दी और हथियार निकाल लिए।
पिस्टल की नोक पर बंधक बनाया
दुकानदार के अनुसार, जिस वक्त अपराधी घुसे, उस समय दुकान के अंदर तीन ग्राहक भी बैठे हुए थे। दो अपराधियों के हाथ में पिस्तौल थी, जिसके बल पर उन्होंने सभी को एक कोने में कब्जे में ले लिया। जब दुकानदार धनंजय कुमार ने लूटपाट का विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने क्रूरता दिखाते हुए पिस्टल की बट (कुंदा) से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वे घायल हो गए।
करीब 20 लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ
दहशत का माहौल पैदा कर अपराधी दुकान में रखे कीमती जेवरात समेटने लगे। लूटे गए सामानों की सूची इस प्रकार है।
- सोना: लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात
- चांदी: करीब 3 किलो चांदी के गहने
- कुल अनुमानित कीमत: 20 लाख रुपये से अधिक
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए! सूचना मिलते ही पटना के रामकृष्ण नगर थाना और सदर पुलिस अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 2 रंजन कुमार, सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल दुकानदार का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास के लगे CCTV कैमरों को खंगालने में जुट गई है।
सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 किलो चांदी के जेवरात लूटने की सूचना दुकानदार द्वारा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरा से अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है।
तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
घटना पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने निशाना साधा और कहा, "पटना में सोने की बड़ी लूट!बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज! अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।" (इनपुट- पटना से बिट्टू कुमार)