बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। विधायक अनंत सिंह की बगावत ने जेडीयू की नींद उड़ाई हुई है। इस बगावत को खत्म करने के लिए आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर NDA विधानमंडल की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जेडीयू, RLM, HAM के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। सभी ने मिलकर एमएलसी चुनाव पर चर्चा की। बैठक में विधायकों को सभी 8 सीटें जीतने का टारगेट दिया गया और कहा गया कि सभी विधायक अपने मतभेद भुलाएं, तुरंत इलाकों में एक्टिव हो जाएं और एकजुट होकर पार्टी कैंडिडेट को जिताने में जुट जाएं। हालांकि, अनंत सिंह ने बागी तेवर बनाए रखे हैं और कहा है कि वह जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए ही प्रचार करते रहेंगे।
अनंत सिंह के बागी तेवर जारी
NDA विधानमंडल की बैठक में दिए गए निर्देशों का असर विधायक अनंत सिंह पर नहीं दिखा है। उन्होंने फिर से बागी तेवर दिखा दिए। अनंत सिंह ने कहा कि कौन क्या कहता है, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। वो तो अनुज कुमार सिंह के लिए ही प्रचार करेंगे। बता दें कि अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया था। दूसरी ओर MLC चुनाव को लेकर अनंत सिंह के बयान पर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा- "जो लोग NDA के खिलाफ प्रचार करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
जेडीयू के कैंडिडेट ने क्या कहा?
बाहुबली अनंत सिंह की नाराजगी पर जेडीयू के कैंडिडेट नीरज कुमार से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बड़े बेफिक्री भरे अंदाज में जवाब दिया। नीरज कुमार ने कहा कि अनंत सिंह की नाराजगी से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी जैसे नेता उनके साथ हैं, इसलिए अनंत सिंह जैसे नेता उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
प्रशांत किशोर भी मैदान में कूदे
नीरज कुमार की ओर से अनंत सिंह को लेकर दिए गए बयान के बाद जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी तुरंत मैदान में कूद पड़े। प्रशांत किशोर ने कहा कि जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार को बड़बोलेपन की आदत है। अगर नीतीश कुमार नीरज कुमार के साथ हैं तो उनके लिए दो शब्द क्यों नहीं बोलते। प्रशांत किशोर ने कहा कि नीरज कुमार को इस चुनाव में अपने बड़े बोल की कीमत चुकानी पड़ेगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जेडीयू के नेता नीरज कुमार के साथ नहीं हैं। ऐसे में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने तुरंत मैदान संभाल लिया। संजय झा ने पार्टी के नेताओं से कहा कि इस चुनाव से भले ही सरकार की सेहत पर फर्क ना पड़े लेकिन ये साख का सवाल है। संजय झा ने कहा कि जो लोग आज जेडीयू के विरोध में घूम रहे हैं, सभी नेताओं को मिलकर उन्हें उनकी हैसियत दिखानी है।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव के लिए JDU ने घोषित की उम्मीदवार की लिस्ट, अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीरज कुमार को मिला टिकट
अनंत सिंह ने JDU को दिया झटका, नहीं करेंगे चुनाव प्रचार; मनाने पहुंचे ललन सिंह ने मानी गलती, बोले- "चूक हुई है"