A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सम्राट चौधरी के CM बनने पर आया नीतीश के बेटे निशांत का पहला बयान, बोले- 'वो मेरे बड़े भाई हैं'

सम्राट चौधरी के CM बनने पर आया नीतीश के बेटे निशांत का पहला बयान, बोले- 'वो मेरे बड़े भाई हैं'

सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। इसके साथ सीएम के तौर पर बिहार में नीतीश युग की समाप्ति हो गई है। अब सम्राट चौधरी के CM बनने पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत का पहला बयान सामने आया है।

nishant kumar on samrat chaudhary- India TV Hindi
Image Source : PTI निशांत ने दी सम्राट चौधरी को बधाई। (फाइल फोटो)

बिहार में नई सरकार का गठन हो चुका है। नीतीश कुमार ने राज्यसभा के पद की शपथ लेने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया जिसके बाद गुरुवार को भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। माना जा रहा था कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद निशांत कुमार का पहला रिएक्शन सामने आ गया है। निशांत ने सम्राट चौधरी को अपना बड़ा भाई कहा है।

क्या बोले निशांत कुमार?

JDU नेता निशांत कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण पर कहा, "सम्राट चौधरी मेरे बड़े भाई हैं। उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। विजय चौधरी जो उपमुख्यमंत्री बने हैं, उन्हें भी बहुत बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि सम्राट चौधरी बिहार को विकास की नई राह दिखाएंगे। उनके नेतृत्व में NDA की सरकार काम करेगी। मेरे पिता, नीतीश कुमार का उन्हें मार्गदर्शन रहेगा... पार्टी गठबंधन को मैं मजबूत करूंगा, JDU को मजबूत करने का प्रयास करूंगा। मेरे पिता ने जो पिछले 20 साल में काम किया है उसे मैं जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा और उनके सपनों को पूरा करने का प्रयास करूंगा। जनता का आशीर्वाद इसी तरह बना रहे।"

नीतीश कुमार क्या बोले?

सम्राट चौधरी के सीएम पद की शपथ लेने पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार ने लिखा- "बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर श्री सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।"

बिहार बदलाव की नई दिशा में बढ़ रहा है- CM

सीएम पद संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने गुरुवार को ट्वीट कर के कहा- "तेज रफ्तार विकास, सशक्त बिहार का संकल्प! बिहार अब बदलाव की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां काम में तेजी, फैसलों में पारदर्शिता और जनसेवा सर्वोपरि है। हर विभाग में तेज कार्यप्रणाली के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की सख्त नीति लागू कर सुशासन को मजबूत किया जा रहा है, वहीं लंबित फाइलों पर रोक लगाकर जवाबदेही तय की जा रही है। घर-घर तक सुविधाओं को बेहतर बनाकर आम जनता तक सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान और प्रभावी की जा रही है। हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास नहीं, बल्कि हर दिन बेहतर होते बिहार का निर्माण है, जहां हर प्रयास ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।"

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री बनते ही एक्शन मोड में आए सम्राट चौधरी, पहले दिन ही अधिकारियों को दिए कड़े दिशानिर्देश

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर Bio से हटाया 'मुख्यमंत्री' नाम, जानें अब क्या लिखा