बिहार में बजट सत्र जारी है। इस दौरान विपक्षी दलों की ओर से लगातार हंगामा भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को विधान परिषद में भी विपक्षी सदस्यों की ओर से नारेबाजी की गई जिसके बाद सीएम नीतीश कुमार भड़क उठे। सीएम नीतीश ने विपक्षी सदस्यों के साथ ही पूर्व सीएम राबड़ी देवी पर निशाना साधा और कहा कि ई जो लड़की (राबड़ी देवी) हैं, वह कुछ काम की है? अब सदन के भीतर सीएम नीतीश के इस बयान पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य भड़क उठी हैं। रोहिणी आचार्य ने अब सीएम नीतीश पर निशाना साधा है।
क्या बोले थे CM नीतीश कुमार?
दरअसल, सोमवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान विपक्ष की ओर से लगातार हो रही नारेबाजी के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क उठे। विपक्षी सदस्यों द्वारा सदन की कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश की जा रही थी। इस पर सीएम नीतीश भड़क गए और बोले- "तुम लोग कुछ काम किए हो। सिर्फ हल्ला करना जानते हो और यह तीन लोग जो महिला है वह हल्ला कर रही है, वह क्या जानती है?" सीएम नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए कहा -"ई जो लड़की (राबड़ी देवी) हैं, वह कुछ काम की है? इसके वो (पति-लालू प्रसाद) ज़ब हट गए तो इसी को बना दिया।"
रोहिणी आचार्य ने क्या कहा?
नीतीश कुमार के राबड़ी देवी पर दिए बयान पर रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा - "माननीय मुख्यमंत्री जी की आदत बन चुकी है संसदीय भाषाई मर्यादा लांघने की। दर्जनों दफा मुख्यमंत्री जी ने सदन में और सार्वजनिक मंचों पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग, विशेषकर महिलाओं के संदर्भ में, किया है। जब तर्क और तथ्यों का टोंटा पड़ जाता है, तभी भाषा की सीमा लांघ कर व्यक्ति अपनी खीज, अपने वैचारिक खोखलेपन का इजहार करता है। वैसे भी मुख्यमंत्री जी के पिछले कुछ वर्षों के बयानों-वक्तव्यों पर गौर करने से ये स्पष्ट होता है कि वो महिलाओं के प्रति मानसिक-वैचारिक कुंठा से ग्रस्त हैं और उनके द्वारा महिला सम्मान को लेकर कही जाने वालीं बातें महज राजनीतिक व चुनावी दिखावा हैं।"
मुख्यमंत्री इस्तीफा दें- राबड़ी देवी
RJD नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा, "यह निकम्मी सरकार है, सम्राट चौधरी जवाब दें, दलितों, पिछड़ी जातियों पर अत्याचार हो रहा है। मुख्यमंत्री इस्तीफा दें, सम्राट चौधरी गृह मंत्री हैं वे इस्तीफा दें। 10 हजार रुपये देने से महिला मजबूत होगी? उन्हें सुरक्षा चाहिए। दलित बेटी, अल्पसंख्यक, गरीब बेटियों की हत्याएं हो रही हैं, उनके साथ बलात्कार हो रहा है, इसे रोकें, इस्तीफा दें।"
ये भी पढ़ें- "अरे ई जो लड़की है, क्या जानती है?" राबड़ी देवी की ओर इशारा कर बोले नीतीश कुमार
बिहार: तेज प्रताप यादव ने पहली बार बताए 5 जयचंदों के नाम, कहा- "मेरा अनुष्का से कोई रिश्ता नहीं, मुकेश रौशन मेरी हत्या करा सकता है"