1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सनकी आशिक ने एकतरफा प्यार में खेला खूनी खेल, बिहार पुलिस की तैयारी कर रही युवती के सिर में मारा चाकू

सनकी आशिक ने एकतरफा प्यार में खेला खूनी खेल, बिहार पुलिस की तैयारी कर रही युवती के सिर में मारा चाकू

यूपी के मुजफ्फरपुर में सनकी आशिक ने बिहार पुलिस की तैयारी कर रही युवती के सिर में चाकू मार दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

Muzaffarpur- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुजफ्फरपुर में खूनी खेल

मुजफ्फरपुर: यूपी के मुजफ्फरपुर जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। मोतीपुर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल एक सनकी युवक द्वारा युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवती बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता का इलाज मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कोडरकट्टा गांव निवासी 22 वर्षीय युवती प्रतिदिन पुलिस भर्ती की तैयारी के तहत दौड़ लगाने जाती थी। आरोप है कि गांव का ही रवि कुमार नामक युवक काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा था और उस पर बात करने का बेतुका दबाब बना रहा था।

मंगलवार की सुबह युवती जब दौड़ लगाकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और छेड़खानी करने लगा। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने दुष्कर्म की धमकी दी तथा मारपीट और गाली-गलौज की। किसी तरह युवती वहां से निकलकर अपने घर पहुंची, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया।

घर में घुसकर किया जानलेवा हमला

आरोप है कि सिरफिरा युवक उसका पीछा करते हुए घर पर पहुंचकर फिर से हंगामा करने लगा और उसने गाली गलौज की। अचानक अपने पास रखे धारदार चाकू से उसने युवती पर हमला कर दिया। चाकू उसके सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तत्काल मोतीपुर सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़िता ने मोतीपुर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस का सामने आया बयान

मामले में एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आरोपी रवि कुमार ने पहले युवती के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की गई। बाद में आरोपी युवती के घर पहुंचा और फिर मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इससे पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में 3 महीने से लापता कारोबारी दंपति की हत्या का खुलासा हुआ था और छोटा भाई ही कातिल निकला था। (रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

मुजफ्फरपुर में हैवानियत भरी हत्या! मजदूर की दोनों आंखें फोड़ दीं... पत्नी और 2 मासूम बच्चे कहां गायब हो गए?