A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: दारोगा ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की, मचा हड़कंप, सामने आई वजह

बिहार: दारोगा ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की, मचा हड़कंप, सामने आई वजह

बिहार के हाजीपुर में दारोगा ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया, जिससे हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Bihar Police- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दारोगा ने की सुसाइड

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दारोगा ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। घटनस्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।

क्या है पूरा मामला?

बिहार के हाजीपुर में दारोगा पति और पत्नी के विवाद में दारोगा ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। नगर थाना अंतर्गत आने वाले जढुआ टीओपी के प्रभारी कौशल कुमार ने खुद की सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर सुसाइड कर ली। 

इस घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है, वहीं घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में एसपी विक्रम सिहाग भी मौके पर पहुंच गए हैं। घटना किराए के मकान में घटी है जो नगर थाना क्षेत्र के बैंकमैंन कॉलोनी में स्थित है। बताया जा रहा है कि दारोगा कौशल किशोर कुमार 2019 बैच के पुलिस अधिकारी थे और मूलरूप से जमुई जिले के रहने वाले थे।

हालांकि घटना के पीछे का कारण पता नहीं चल सका है लेकिन मौके पर एफएसएल की टीम पहुंच गई है जो घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है। इस बीच मौके पर पहुंचे वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मृत दरोगा अच्छे अधिकारी थे, जिन्हें फरवरी महीने में टीओपी का प्रभारी बनाया गया था।

उन्होंने बताया कि निजी कारणों से दारोगा ने खुद को अपने कमरे में बंद कर सर्विस रिवाल्वर से गोली मार कर आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते थे और घटना के पीछे का कारण व्यक्तिगत है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना पर एसपी विक्रम सिहाग का बयान भी सामने आया है। (रिपोर्ट- हाजीपुर से राजा बाबू)