1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर को प्रत्याशी घोषित किया

बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर को प्रत्याशी घोषित किया

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रशांत किशोर को यहां से प्रत्याशी घोषित किया है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE प्रशांत किशोर

पटना: बिहार की सियासत में फिर हलचल पैदा हो गई है। दरअसल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनसुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बता दें कि बांकीपुर में 30 जुलाई को विधानसभा उपचुनाव है।

गौरतलब है कि जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पहले ही ये कहा था कि बांकीपुर विधानसभा के उपचुनाव में कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में जन सुराज पार्टी एक मजबूत उम्मीदवार को इस चुनाव में उतारेगी। ये फैसला 5 जुलाई को लिया जाएगा। मनोज भारती ने ये भी कहा था कि एक महीने तक बांकीपुर में हमारे लोगों ने जनता से बात की है, उससे ये कहा जा सकता है कि हर कोई बीजेपी की सरकार के खिलाफ है। 

बांकीपुर में क्यों हो रहा उपचुनाव?

बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने ये सीट छोड़ दी थी और राज्यसभा चले गए थे। ऐसे में इस सीट पर उपचुनाव होना निश्चित था। जनसुराज की तरफ से प्रशांत किशोर का चुनाव लड़ना इसलिए बड़ी खबर है क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर के लिए 2 सीटें सिलेक्ट हुई थीं लेकिन आखिरी समय में उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया था और सिर्फ चुनाव प्रचार पर फोकस किया था।

पहली बार चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर अपने जीवन का पहला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह बिहार में यात्रा करके अपनी पार्टी जन सुराज को स्थापित करने में बड़ा रोल अदा कर चुके हैं। अब बांकीपुर की जनता किसे अपना नेता चुनेगी, ये तो चुनाव के बाद ही पता लगेगा।

बांकीपुर में रहा है बीजेपी का वर्चस्व

बता दें कि बांकीपुर में बीजेपी का दबदबा रहा है। यहां से लगातार 5 बार बीजेपी चुनाव जीती है। ऐसे में इसे बीजेपी का गढ़ माना जाता है। इसीलिए इस सीट पर होने वाले चुनाव के नतीजे दिलचस्प होंगे। अगर बीजेपी जीती तो वह अपनी सीट बचाने में सफल होगी और अगर जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर जीते तो ये उनके लिए ऐतिहासिक होगा और उनका विधानसभा में खाता भी खुल जाएगा। चूंकि बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी को जीरो सीट हासिल हुई थी।

ये भी पढ़ें- 

बिहार की राजनीति में नई हलचल! प्रशांत किशोर से मिले तेज प्रताप, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?