1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में खस्सी के मांस की जगह मुर्गा खिलाने पर बारातियों ने मचाया बवाल, जमकर चले लात-घूंसे और लाठी-डंडे

बिहार में खस्सी के मांस की जगह मुर्गा खिलाने पर बारातियों ने मचाया बवाल, जमकर चले लात-घूंसे और लाठी-डंडे

बिहार के सहरसा में मुर्गा की जगह खस्सी का मीट खिलाने पर बारातियों ने जमकर बवाल काट दिया। इस दौरान खूब लाठी, डंडे, लात, घुसे चले, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए।

bihar news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV निकाह के बाद भोज में बाराती और शराती भिड़े, आधा दर्जन से अधिक घायल

शादी-ब्याह के भोज में अक्सर छोटी-मोटी बातों पर अनबन की खबरें आती हैं, लेकिन सिमरी बख्तियारपुर में एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां निकाह के बाद भोज में 'खस्सी' (मटन) की जगह 'मुर्गा' (चिकन) परोसे जाने को लेकर ऐसा विवाद बढ़ा कि बाराती और शराती आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते खुशियों का माहौल हंगामे और मारपीट में बदल गया। इस हिंसक झड़प में दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया है।

शांति से हुआ निकाह, खाना परोसते ही बिगड़ी बात

जानकारी के अनुसार, सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड नंबर 12, बलवापार, सिमरी निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री से तय हुआ था। दोपहर करीब 3 बजे निकाह की रस्में बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं। असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब निकाह के बाद सभी मेहमान खाना खाने के लिए टेबल पर बैठे। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें शादी के मेन्यू में 'खस्सी' का मांस खिलाने की बात कही गई थी, लेकिन जब थाली सामने आई तो उसमें 'मुर्गा' परोसा जा रहा था। इसी बात को लेकर मेहमानों और मेजबानों के बीच बहस शुरू हो गई।

तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुआ बवाल, चले लाठी-डंडे

खाने के मेन्यू को लेकर शुरू हुई तू-तू, मैं-मैं देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में दूल्हे की तरफ से आए कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब सहित अन्य लोग शामिल हैं। ये सभी बलवापार वार्ड नंबर 12 के निवासी हैं।

परिजनों ने दी जानकारी

घटना के संबंध में घायल, दूल्हे के चाचा मो. इरफान ने बताया कि खाने के विवाद को लेकर लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार के कई लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज फिलहाल अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में चल रहा है। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव का माहौल बना हुआ है। लड़के पक्ष का कहना है वो मामले को लेकर पुलिस के समक्ष जाएगा।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

35 साल के युवक से की जा रही थी 14 वर्षीय लड़की की शादी, राजस्थानी दूल्हे समेत चार लोग गिरफ्तार