1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: वैशाली में महिला को दी गई तालिबानी सजा, सरेआम लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटा, मां और बहन को भी नहीं बख्शा

बिहार: वैशाली में महिला को दी गई तालिबानी सजा, सरेआम लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटा, मां और बहन को भी नहीं बख्शा

बिहार के वैशाली स्थित हाजीपुर में महिला की बर्बरता से पिटाई की गई है। महिला को तालिबानी तरीके से सजा दी गई है।

Bihar- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हाजीपुर में महिला की बर्बरता से पिटाई

हाजीपुर: बिहार के वैशाली स्थित हाजीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला के साथ बर्बरता की गई है और पंचायत के सामने उसे बेरहमी से पीटा गया है। लोग इसे तालिबानी सजा कह रहे हैं। 

क्या है पूरा मामला?

बिहार के वैशाली स्थित हाजीपुर में महिला की भरी पंचायत के बीच बर्बरता से पिटाई की गई। मामला बिहार के हाजीपुर में बिदूपुर थाना के चकसिकंदर गांव का है। यहां खाप पंचायत की तर्ज पर युवती को सजा दी गई। शादीशुदा युवती की भरी पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि के सामने सरेआम पिटाई की गई। इस दौरान उस पर लात-घूंसे बरसाए गए और लाठी-डंडों से भी हमला किया गया। 

इस दौरान महिला का बचाव करने आईं उसकी मां और बहन को भी नहीं बख्सा गया और उन्हें भी बाल नोंचकर पीटा गया। पीड़ित युवती ने इस मामले में चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं और बताया है कि चाचा पति से रिश्ता तुड़वाकर मुझसे गलत संबंध बनाना चाहता है। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके ऊपर गलत इल्जाम लगाकर पंचायत बुलाई गई।

पीड़ित ने बताया कि इस दौरान मुखिया और सरपंच सब बैठे थे। इसी दौरान सबके सामने मेरी पिटाई की गई और कहा गया कि इसको पोल मे बांधकर इसकी चमड़ी उधेड़ दो। 

जब इस मामले का वीडियो पुलिस को दिखाया गया तो मुखिया प्रतिनिधि के घटना स्थल पर नहीं होने की बात कहकर पुलिस अपना पल्ला झाड़ रही है। वहीं पुलिस वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच मे जुट गई है। पीड़िता द्वारा मामला दर्ज करने पर भाई को उठवा लेने और पिता की हत्या करने की धमकी मिल रही हैं। (इनपुट: राजा बाबू)