1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: पुलिस अधिकारी के घर में दर्दनाक घटना, पत्नी ने सर्विस रिवाल्वर से अपने सीने में गोली मारी, हुई मौत

बिहार: पुलिस अधिकारी के घर में दर्दनाक घटना, पत्नी ने सर्विस रिवाल्वर से अपने सीने में गोली मारी, हुई मौत

बिहार के मुंगेर में एक पुलिस अधिकारी की पत्नी ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर ली। पत्नी ने पति की सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी, जिसमें पत्नी की मौत हो गई।

Munger- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस अधिकारी के घर में दर्दनाक घटना

मुंगेर: बिहार के मुंगेर से एक बड़ी खबर है। यहां एक पुलिस अधिकारी के घर में दर्दनाक घटना घटी है। सफियासराय थाना में पदस्थापित एसआई चंदन कुमार की पत्नी ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि सफियासराय थाना में तैनात एसआई चंदन कुमार अपनी पत्नी 29 वर्षीय मधु कुमारी के साथ सफियासराय इलाके में किराये के मकान में रहते थे। शनिवार की शाम मधु कुमारी ने चंदन कुमार के सर्विस रिवाल्वर से अपने सीने में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें मुंगेर के इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि दोपहर तक मामला शांत हो गया था, लेकिन शाम होते-होते यह दर्दनाक घटना सामने आ गई। 

एसपी का सामने आया बयान

एसपी ने बताया, “मामला सर्विस रिवाल्वर से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम साक्ष्य इकट्ठा कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।” फिलहाल पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। (रिपोर्ट- मोहम्मद इम्तियाज खान)