A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: वोटर लिस्ट रिवीजन में ढिलाई का मामला, सस्पेंड BLO ने कार्रवाई को बताया गलत

बिहार: वोटर लिस्ट रिवीजन में ढिलाई का मामला, सस्पेंड BLO ने कार्रवाई को बताया गलत

बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन में ढिलाई के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। प्रशासन ने बेगूसराय जिले में बरौनी के BLO वजाहत अली फारूखी को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है।

वजाहत अली फारूखी- India TV Hindi
वजाहत अली फारूखी

बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले चुनाव आयोग की ओर से SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन कराया जा रहा है। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का पंजीकरण और सत्यापन कर रहे हैं। इस बीच, वोटर लिस्ट रिवीजन में ढिलाई के मामले में एक बीएलओ पर कार्रवाई की गई है।

कार्य में लापरवाही का आरोप

बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड के नूरपुर पूर्वी मतदान केंद्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) वजाहत अली फारूखी को कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

निलंबित शिक्षक और बीएलओ वजाहत अली फारूखी ने इस कार्रवाई को गलत बताया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन पर कार्यालय से लगातार फॉर्म जल्द से जल्द जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि वह चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, डोर-टू-डोर काम कर रहे थे। इसी वजह से गलत आरोप लगाकर निलंबित किया गया है।

फारूखी के अनुसार, इसी दबाव और उनके द्वारा मीडिया में इस बात का खुलासा करने के कारण उन पर गलत आरोप लगाकर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वजाहत अली फारूखी ने बरौनी ब्लॉक से फोन पर बात कर रही एक महिला का ऑडियो भी जारी किया है।

 

2025 का बिहार चुनाव

बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा चुनाव प्रक्रिया को इस तारीख से पहले पूरा किया जाना है। संभावना है कि चुनाव अक्टूबर या नवंबर 2025 में होंगे। चुनाव दो या तीन चरणों में संपन्न हो सकते हैं। अभी तक चुनाव आयोग ने तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसी उम्मीद है कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर ही तारीखें तय की जाएंगी।

(रिपोर्ट- संतोष श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

छांगुर के अवैध धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा, 4 अफसर भी थे मददगार, कुछ भी करने को रहते थे तैयार

114 साल के एथलीट फौजा सिंह की जान लेने वाला निकला NRI, जालंधर पुलिस ने 30 घंटे में सुलझाई गुत्थी