1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के कई जिलों में अगले 5 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

बिहार के कई जिलों में अगले 5 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादल बनने और बारिश होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। राज्य की राजधानी पटना में भी पिछले दो दिनों से बादलों की आवाजाही देखी जा रही है और लगातार बादलों के छाए रहने के कारण धूप बहुत कम निकल रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

पटना: बिहार में अगले 24 घंटे के दौरान के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कई जिलों के लिए बारिश, आंधी-तूफ़ान और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी है। 15 से 20 मार्च तक अलग-अलग जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है।

किन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में 15 मार्च को बारिश की संभावना है। इसके अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी में बारिश के आसार हैं। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पुर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में मौसम खराब हो सकता है और बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, 16 मार्च से 19 मार्च तक किशनगंज, सुपौल, अररिया, रोहतास, भोजपुर, बक्सर,अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, पुर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। जमुई, बांका, भागलपुर में 15 मार्च से 20 मार्च तक बारिश की संभावना है। 
 
50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
 
मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज, मुज़फ़्फ़रपुर, दरभंगा, सहरसा, सीवान, सारण, वैशाली, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जैसे ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम अधिकारियों ने बताया कि इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल सकती हैं। 16 मार्च को यह अलर्ट पूरे राज्य में लागू हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाली हवाओं का असर कई ज़िलों पर पड़ सकता है।

बिहार में पड़ रही है गर्मी

बता दें कि बिहार में गर्मी बढ़ गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 36.5°C कैमूर में दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 17.4°C जीरादेई (सिवान) में दर्ज हुआ। अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट देखी जा सकती है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।