A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Video: बिहार में आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि, अररिया में दो मासूम बच्चों की मौत, रोड पर मोबाइल टॉवर, पेड़ पर वज्रपात से लगी आग

Video: बिहार में आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि, अररिया में दो मासूम बच्चों की मौत, रोड पर मोबाइल टॉवर, पेड़ पर वज्रपात से लगी आग

बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी पड़े हैं। कई जगहों पर पेड़ों पर बिजली गिरने का मामला भी सामने आया है। अलग-अलग घटनाओं में कुछ लोगों के मरने की भी सूचना है।

ताड़ के पेड़ पर वज्रपात से लगी आग - India TV Hindi
Image Source : REPORTER ताड़ के पेड़ पर वज्रपात से लगी आग

पटनाः बिहार के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई है। कई जिलों में बिजली गिरने (वज्रपात) का मामला भी सामने आया है। पटना समेत कम से कम 15 ज़िलों में तेज़ हवाओं और बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान की खबरें मिलीं। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के दौरान कई शहरों से ओलावृष्टि की भी खबरें आईं। पटना, नालंदा और मुजफ्फरपुर में बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जहां बिजली की चपेट में आने से ताड़ के पेड़ों में आग लग गई। पटना के बाढ़ इलाके में बिजली गिरने के बाद एक ताड़ का पेड़ जलता हुआ देखा गया, जबकि मुजफ्फरपुर और नालंदा में भी ऐसी ही एक घटना की सूचना मिली।

ताड़ के पेड़ पर वज्रपात से लगी आग

जानकारी के मुताबिक, नालंदा में शुक्रवार की शाम अचानक आई तेज आंधी, बारिश के साथ वज्रपात भी हुआ, जिससे दीपनगर थाना क्षेत्र के सिपाह स्थित राम महतो के दुकान के पास ताड़ के पेड़ पर वज्रपात हुआ। इससे पेड़ में आग लग गई। जिसका वीडियो शनिवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देख सकते है हरा ताड़ के पेड़ के ऊपर अचानक वज्रपात हुआ जिससे पेड़ के ऊपरी हिस्सा में आग लग गई। इस घटना में शंकर चौधरी नामक व्यक्ति की घायल होने की सूचना है।

यहां देखें वीडियो

आंधी से मोबाइल का टॉवर गिरा

वहीं, अररिया में तेज हवाओं की वजह से मोबाइल टॉवर गिर गया और लोग बाल बाल बच गए। टावर गिरने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे तेज आंधी पानी में पलासी में एक मार्केट पर सड़क के बीचो बीच टावर गिर जाता है। इसमें बाइक और कार सवार बाल बाल बचते हुए भी नजर आ रहे है। बताया जा रहा है कि अररिया में तेज आंधी बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसल व पौधों को नुकसान हुआ है।

दो लोगों की मौत

तेज आंधी और बारिश के कारण घर गिरने से अब तक दो लोगों की मौत और करीबन चार लोगों के घायल होने की सूचना है। तेज आंधी बारिश ने किसानों के अरमानों पर भी पानी फेर दिया और मकई, गेहूं और सरसों के फसल पौधों को भारी नुकसान हुआ है। खेत में फसल पौधे जमींदोज हो गए हैं। फारबिसगंज के कोठीहाट वार्ड संख्या 02 में तेज आंधी और बारिश के कारण एक फूस के घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिसमें एक तीन साल के मासूम बच्चे शिवम राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।  

यहां देखें वीडियो

बता दें कि बिहार के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरे। इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा गेंहू की फसल को नुकसान हुआ है।

अररिया से अरुण कुमार और नालंदा से शिव कुमार की रिपोर्ट